नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 19 सितंबर 2026 शनिवार

चिताखेड़ा के नवीन औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा

नीमच। मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के अधिकारियों के साथ विधायक दिलीप सिंह परिहार ने समीक्षा बैठक आयोजित कर चिताखेड़ा में स्थापित नवीन औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के समुचित विकास, आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता तथा उद्यमियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विधायक परिहार ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना प्राथमिकता है। नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से क्षेत्र में निवेश और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।

–00–

उमाहेड़ा में 36.22 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण

नीमच। सेवा संकल्प अभियान के तहत नीमच विधानसभा के ग्राम पंचायत आमलीखेड़ा के ग्राम उमाहेड़ा में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन (डोम) तथा 11.22 लाख रुपए की लागत से निर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण किया गया।
विधायक परिहार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों को गति देना प्राथमिकता है। इन निर्माण कार्यों से ग्रामवासियों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के साथ ही बच्चों के लिए बेहतर आंगनवाड़ी सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष निलेश पाटीदार, मंडल अध्यक्ष श्रीमती पूजा अनिल शर्मा, महामंत्री महेश गुर्जर, राजेंद्र सिंह तंवर, सरपंच दशरथ सिंह पंवार, उपसरपंच विनोद मेघवाल, किसान मोर्चा दक्षिण मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह शक्तावत, किसान मोर्चा भादवा माता मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मदनलाल धनगर, मंडल उपाध्यक्ष राजीव गरासिया, दिलीप सिंह चौहान, भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नवल कृष्ण सुरावत, लाला सेन, जितेंद्र माली, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष रतन मालावत, ओम सिंह हाडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

–00-

मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता, शासकीय चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अन्नपूर्णा सेवा संस्थान की पहल से मरीजों को मिल रही आवश्यक सामग्री की सुविधा

नीमच, 18 सितंबर। जिला कोषालय अधिकारी ने शुक्रवार को शासकीय चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मरीजों से चर्चा कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली गई।

आईसीयू में 14 तथा मेडिकल वार्ड में 12 मरीज उपचाररत मिले। सर्जिकल वार्ड के मरीजों ने नियमित चिकित्सकीय देखरेख तथा आवश्यक दवाइयां उपलब्ध होने की जानकारी दी।

अन्नपूर्णा सेवा संस्थान की पहल के तहत मरीजों को विभिन्न आवश्यक सामग्री कुछ दिनों के लिए निःशुल्क तथा बाद में अत्यंत न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराई जा रही है।

मैटरनिटी वार्ड में एग्जॉस्ट एवं वेंटिलेशन व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। डस्टबिन के लिए निर्धारित कलर कोड के अनुसार बैग का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीबी कार्यालय में निर्धारित ओपीडी समय में मरीजों को दवाइयां वितरित होती मिलीं।

निरीक्षण में डॉ. राजेंद्र देपोरिया सहित कुछ चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जबकि डॉ. पप्पू गुर्जर सीएल पर थे। अनुपस्थित चिकित्सकों के संबंध में स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

चिकित्सालय परिसर में पार्किंग का टेंडर नहीं होने से यातायात व्यवस्था भी अव्यवस्थित मिली। पार्किंग व्यवस्था के लिए आवश्यक निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

–00–

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रमुख सचिव ने निर्माणाधीन गोल्ड क्रेस्‍ट सीमेंट फैक्ट्री का किया निरीक्षण

फ्लाई ऐश के अधिकतम उपयोग के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार सृजन पर दें विशेष ध्यान-प्रमुख सचिव श्री पोरवाल

नीमच, 18 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रमुख सचिव, खनिज संसाधन विभाग, मध्यप्रदेश शासन श्री विवेक कुमार पोरवाल ने शुक्रवार को नीमच तहसील के ग्राम सगराना में निर्माणाधीन गोल्ड क्रेस्‍ट सीमेंट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। लगभग 115 हेक्टेयर क्षेत्र में 3,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रही इस परियोजना से 2 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने परियोजना की निर्माण प्रगति का अवलोकन किया तथा कंपनी प्रतिनिधियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, उत्पादन क्षमता, अधोसंरचना और आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी ली। कंपनी प्रतिनिधियों ने विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि यह एक पूर्णतः इंटीग्रेटेड सीमेंट प्लांट है, जिसमें प्रतिदिन लगभग 10 हजार टन क्लिंकर तथा 11 हजार टन सीमेंट उत्पादन की क्षमता प्रस्तावित है। परियोजना का संचालन आगामी मई माह से प्रारंभ किए जाने की योजना है।

प्रेजेंटेशन में बताया गया कि परियोजना में उत्पादन इकाइयों के साथ श्रमिकों के लिए आवासीय कॉलोनी, स्कूल, मार्केट सहित आवश्यक सुविधाओं का भी समेकित रूप से विकास किया जा रहा है। कंपनी का लक्षित बाजार मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान और गुजरात रहेगा। प्लांट में लाइमस्टोन क्रशर, रॉ मिल, बैगिंग सहित उत्पादन से संबंधित विभिन्न इकाइयों तथा विद्युत उत्पादन एवं उपयोग की व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई।

पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन पर विशेष फोकस

कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि परियोजना में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सीवेज एवं वेस्ट मैनेजमेंट की समुचित व्यवस्था विकसित की जा रही है। कुल आवंटित भूमि के लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र को ग्रीन एरिया के रूप में विकसित करने की योजना है। वर्षा जल संरक्षण के लिए चार रेन वाटर हार्वेस्टिंग पॉन्ड बनाए जा रहे हैं, जिनकी कुल क्षमता लगभग 60 हजार घन मीटर होगी। हाईवे के किनारे पौधरोपण सहित अन्य हरित विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं।

प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने पर्यावरणीय प्रबंधन और जल संरक्षण से जुड़े इन प्रावधानों की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि परियोजना में जल संरक्षण, हरित क्षेत्र विकास और पर्यावरणीय प्रबंधन के उपायों को अधिक प्रभावी एवं दीर्घकालिक स्वरूप दिया जाए।

फ्लाई ऐश के अधिकतम उपयोग पर दिया जोर

प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने फ्लाई ऐश के उपयोग की जानकारी लेते हुए इसके अधिकतम संभव उपयोग पर जोर दिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि समीपस्थ थर्मल पावर प्लांट से फ्लाई ऐश प्राप्त कर उसका उपयोग सीमेंट उत्पादन में किया जाएगा। श्री पोरवाल ने सुझाव दिया कि फ्लाई ऐश के उपयोग की संभावनाओं का अधिकतम लाभ लिया जाए तथा इसके वैज्ञानिक एवं उपयोगी निस्तारण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत किए जा सकते हैं, ताकि सीमेंट उद्योग में फ्लाई ऐश के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित किया जा सके।

कनेक्टिविटी और अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर चर्चा

कंपनी प्रतिनिधियों ने भूमि अधिग्रहण, माइनिंग ब्लॉक्स के लिए एमपीडीए के विस्तार,132 केवी ट्रांसमिशन लाइन तथा जावद रोड क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी से संबंधित विषयों में प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा रखी। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों के साथ इन विषयों पर चर्चा की तथा परियोजना की आवश्यकताओं के अनुरूप एवं नियमानुसार समन्वय से कार्य करने का सुझाव दिया।

कंपनी के एमडी श्री आर.एस. जोशी ने बताया कि कंपनी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भविष्य में परियोजना के विस्तार की संभावनाओं की जानकारी भी दी।

प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने परियोजना की प्रगति की सराहना करते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता, पर्यावरण संरक्षण,सुरक्षा मानकों का पालन तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक निवेश से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और अन्य अवसर भी बढ़ेंगे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, फैक्ट्री के एमडी श्री आर.एस. जोशी, प्रोजेक्ट हेड श्री गिरधर जाटव, हेड इंडस्ट्रियल अफेयर्स श्री दिनेश पांडे सहित संबंधित अधिकारी एवं कंपनी के अधिकारी-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

–00–

नवम राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गर्भवती,धात्री माताओं, किशोरियों एवं अभिभावकों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली की दी जानकारी

नीमच, 18 सितंबर 2026। नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा जिले में विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं तथा बच्चों के अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।

शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय जनकपुर द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम में पोषणयुक्त आहार में प्रोटीन एवं फाइबर के महत्व को समझाया गया। साथ ही एनीमिया की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में 33 प्रतिभागी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर थड़ोद द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र महुपुरा मोलकी में पोषण जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। प्रतिभागियों को आहार में प्रोटीन, विटामिन, आयरन एवं खनिज पदार्थों से युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के लिए घर के आसपास एवं छत पर बर्तनों आदि में पानी जमा नहीं होने देने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी गई। शिविर में 40 लाभार्थी शामिल हुए।

जनकपुर के कार्यक्रम में डॉ. नाथूसिंह मौर्य एवं महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती सुधा भदौरिया ने पोषण संबंधी जानकारी दी। आयोजन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती विधया पाटीदार तथा आशा कार्यकर्ता श्रीमती कविता नागर एवं श्रीमती विद्या चौधरी का सहयोग रहा। महुपुरा मोलकी शिविर में डॉ. आर.पी. वर्मा, श्रीमती संजू भदौरिया एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कृष्णा टेलर ने सेवाएं दीं।

–00–

लाड़ली बहना योजना से दीपाली को मिला आर्थिक संबल, बढ़ा आत्मविश्वास और परिवार को मिली राहत

नीमच, 17 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके परिवारों को संबल प्रदान करने का माध्यम बन रही है। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने जिले की अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। ऐसी ही लाभार्थी विकासखंड नीमच के ग्राम धामनिया निवासी दीपाली हैं, जिनके लिए योजना की सहायता राशि परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक बनी है।

दीपाली बताती हैं कि एक हाथ न होने के कारण उन्हें दैनिक कार्यों में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता राशि उनके लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा बनी है। इस राशि से उन्हें अपनी आवश्यकताओं और परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सुविधा मिल रही है।

उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता से परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने में मदद मिली है। आर्थिक सहयोग मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और जीवन में स्थिरता का अनुभव हुआ है। दीपाली के लिए यह सहायता राशि केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने का संबल भी बनी है।

दीपाली ने लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके जैसी जरूरतमंद महिलाओं के लिए योजना की सहायता काफी उपयोगी साबित हो रही है।

–00–

पीएमएफएमई योजना से खरबूजा मगज प्रसंस्करण इकाई को मिला संबल

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रमुख सचिव एवं कलेक्टर ने मोरका इंडस्ट्रियल एरिया में इकाई का किया अवलोकन

नीमच, 18 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग श्री विवेक कुमार पोरवाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने जावद विकासखंड के ग्राम मोरका स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत स्थापित ‘गोड कबीर गुरु ब्रांड’ खरबूजा मगज प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन किया।

इकाई के हितग्राही श्री अजय पंवार ने अधिकारियों को इकाई में खरबूजे के बीज की प्रोसेसिंग, सुखाने, मगज तैयार करने और पैकेजिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी। हितग्राही ने बताया कि इकाई के लिए खरबूजे के बीज की खरीद रामपुरा मंडी तथा स्थानीय कृषकों से की जाती है। उन्होंने बताया कि बीज लगभग 200 से 220 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाता है।

अजय ने प्रमुख सचिव को बताया कि एक किलोग्राम खरबूजे के बीज के प्रसंस्करण से लगभग 20 प्रतिशत छिलका, 20 प्रतिशत रिजेक्ट माल तथा 60 प्रतिशत खरबूजा मगज प्राप्त होता है। उन्होंने अधिकारियों को बीज की प्रोसेसिंग के बाद मगज निकालने, उसे सुखाने, छंटाई करने तथा तैयार उत्पाद की पैकेजिंग की प्रक्रिया भी बताई।

उन्होंने बताया कि तैयार खरबूजा मगज का विक्रय लगभग 415 से 420 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से किया जाता है।

अजय ने बताया कि योजना के अंतर्गत इकाई की कुल परियोजना लागत 29.80 लाख रुपये है तथा 23.84 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है। उन्होंने बताया कि इकाई के लिए 10 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्राप्त हुई है।

उन्होंने ने बताया कि वर्तमान में इकाई से चार लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिनमें दो स्थाई और दो अस्थाई श्रमिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इकाई का लगभग 2.50 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च होता है, जबकि लगभग 2.90 लाख रुपये प्रतिमाह आय प्राप्त होती है। इस प्रकार लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी. एस. कलेस, एचडीएम जावद श्री संजीव साहू, उप संचालक उद्यानिकी विभाग श्री पप्पू कनेल, उप संचालक कृषि विभाग श्री नगीन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

मुख्यमंत्री जनविश्वाश अभियान के तहत प्रमुख सचिव ने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र मोरका का किया निरीक्षण

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर दिया जोर

नीमच, 18 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जावद विकासखंड के ग्राम मोरका स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग श्री विवेक कुमार पोरवाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के पोषण, पूर्व प्राथमिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं और संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।

प्रमुख सचिव एवं कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, पोषण माह की गतिविधियों, नाश्ता वितरण तथा खेल-खेल में शिक्षा की गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर उनके अक्षर ज्ञान एवं गिनती की जानकारी भी ली।

आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के सीखने के लिए दीवारों पर आकर्षक चित्रांकन, अक्षर एवं गिनती प्रदर्शित करने के साथ शैक्षणिक सामग्री और टीवी की व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध है। अधिकारियों ने इन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान बच्चों को वितरित किए जा रहे नाश्ते (दलिया) की गुणवत्ता देखी गई। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण नाश्ता एवं गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार पोषण आहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पोषण के साथ सीखने का अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता, सीडीपीओ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

–00–

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का छठा समाधान शिविर जावद में आयोजित

आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना अभियान का उद्देश्य : विधायक श्री सखलेचा

समाधान शिविरों में समस्याओं के निराकरण के साथ योजनाओं की पहुंच भी की जा रही सुनिश्चित : कलेक्टर

नीमच, 18 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर परिषद जावद में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का छठा समाधान शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय और सड़क सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। कई प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि जावद में आयोजित पूर्व शिविर की लगभग 90 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान शिविर की शिकायतों की प्रगति की आगामी शिविर में समीक्षा की जाएगी।

विधायक ने स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवृत्ति, लैपटॉप, साइकिल एवं उच्च शिक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ लेने का भी आह्वान किया।

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से अधिकारी सीधे आमजन के बीच पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के साथ संबंधित क्षेत्र में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

पीएम किसान की शिकायत का त्वरित निराकरण

शिविर में दिनेश चंद्र पिता प्रभुलाल धाकड़ ने पीएम किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या रखी। प्रकरण का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें आगामी किस्त में राशि प्राप्त होने की जानकारी दी गई। हितग्राही ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन का आभार माना।

उद्यमियों और विद्यार्थियों से संवाद

उद्यम संवाद में वर्धमान एंटरप्राइजेज के श्री अशोक कुमार मेहता ने मोरखा औद्योगिक क्षेत्र में भूमि आवंटन के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वेद एंटरप्राइजेज के श्री मंजीत धाकड़ ने प्रशासन के सहयोग से मसाला उद्योग स्थापित करने की जानकारी दी।

यशस्वी संवाद में प्राची अहीर एवं अंजली धाकड़ ने करियर संबंधी जानकारी ली। कलेक्टर ने उन्हें नियमित अध्ययन पर ध्यान देने की सलाह दी तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तर पर करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

समाधान शिविर के बाद एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को दो न्यूट्री-बास्केट तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के दो और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के दो प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

सेवा, सहभागिता और कृतज्ञता के दीपों से रोशन हुआ नीमच, सेवा संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ

50000 आशीर्वाद के दियों से रोशन हुआ किलेश्वर महादेव मंदिर

नीमच, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रारंभ किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ का जिले में उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के शुभारंभ अवसर पर नीमच के किलेश्वर महादेव मंदिर में 50 हजार से अधिक ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और वातावरण में सेवा, सहभागिता एवं कृतज्ञता का भाव दिखाई दिया।

अभियान के अंतर्गत नीमच जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित किए गए। इसके साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने घरों एवं उद्यमों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके प्रति आभार एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम ने जनभागीदारी को एक व्यापक स्वरूप दिया। विभिन्न वर्गों के नागरिकों, लाभार्थियों और स्थानीय समुदायों ने इसमें सहभागी बनकर सेवा एवं जनकल्याण की भावना को अभिव्यक्त किया। जिलेभर में दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा को संकल्प और जनभागीदारी को अभियान की शक्ति बनाने का संदेश दिया गया।

सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिले में स्वास्थ्य, जनकल्याण, स्वच्छता, जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में माहभर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा एवं सहभागिता के भाव से जोड़ना है।

किलेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग श्री विवेक पोरवाल, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,अपर कलेक्टर श्री बी एस कलेश सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

–00–

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}