समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 19 सितंबर 2026 शनिवार
जावरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिलावट की शंका पर दही के नमूने लिये
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल खाद्य एवं औषधि प्रशासन रतलाम के द्वारा महाराज फैमिली रेस्टोरेंट महू-नीमच रोड जावरा का निरीक्षण किया गया। मौके पर श्री दुर्गा शंकर ठक्कर पिता श्री लक्ष्मण दास ठक्कर रेस्टोरेंट का संचालन करते पाए गए। मौके पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की गई। मिलावट की शंका के आधार पर दही का नमूना लिया गया। साथ ही कर्मचारियों को रेस्टोरेंट में साफ-सफाई रखने तथा कैप एवं हैंड ग्लव्स लगाने के लिए निर्देशित किया गया। नमूना परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
–00–
प्रमुख सचिव श्री गुप्ता ने सर्किल जेल रतलाम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,

प्रमुख सचिव, म.प्र. शासन, जेल विभाग श्री मुकेश चन्द्र गुप्ता ने सर्किल जेल रतलाम का आकस्मिक निरीक्षण किया।
प्रमुख सचिव श्री गुप्ता द्वारा मुख्य द्वार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। सीसीटीवी कण्ट्रोल रूम कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। जेल के अन्दर बंदियों की माननीय न्यायालयों के माध्यम से होने वाले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पेशी हेतु निर्मित वी.सी. पेशी की जानकारी प्राप्त की। बंदियों के इनकमिंग टेलीफोन बूथ देखा तथा बंदियों को मुलाक़ात आदि में दी जाने वाली सुविधा के सम्बन्ध में जानकारी ली गई।
सर्किल जेल रतलाम के जेल अस्पताल कक्ष एवं नशामुक्ति वार्ड का भ्रमण कर बीमार बंदियों से उनकी बीमारी एवं किये जा रहे उपचार के सम्बन्ध में जेल चिकित्सक से जानकारी ली गई। जेल के अस्पताल में बंदियों को दी जाने वाली औषधियाँ चेक की। जेल स्कूल व लाइब्रेरी देखी गई। बंदियों को दी जाने वाली धार्मिक पुस्तकों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।
पुरुष बंदी वार्ड एवं महिला वार्ड का भ्रमण कर बंदियों से चर्चा की गई व उनकी समस्या के बारे में सुना। बंदियों के भोजन एवं पेयजल व्यवस्था देखी एवं नवीन जेल निर्माण के सम्बन्ध में जेल अधीक्षक से जानकारी प्राप्त की। जेल अधीक्षक ने जेल स्टॉफ की कमी की समस्या होना बताया।
प्रमुख सचिव, म.प्र. शासन, जेल विभाग श्री मुकेश चन्द्र गुप्ता ने सर्किल जेल रतलाम में विराजित श्री गणेश की पूजा अर्चना की।
–00–
जन विश्वास अभियान के माध्यम से अधिकारी आमजन तक पहुंचकर समय सीमा में कर रहे समस्याओं का निराकरण : प्रमुख सचिव श्री गुप्ता
प्रमुख सचिव, कलेक्टर, एसपी एवं विधायक ने सुनी आमजन की समस्याएं
कृषि उपज मंडी बिरमावल में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कृषि उपज मंडी बिरमावल में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रमुख सचिव जेल विभाग एवं जिले के नोडल अधिकारी श्री मुकेश चंद्र गुप्ता, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, विधायक श्री मथुरालाल डामोर, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निराकरण के निर्देश दिए।
अधिकारियों का जन तक पहुंचना और समस्याओं का समय सीमा में निराकरण ही अभियान का उद्देश्य : प्रमुख सचिव श्री गुप्ता
प्रमुख सचिव जेल विभाग श्री मुकेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों का जन तक पहुंचना, शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना है। आपसी संवाद के माध्यम से कई समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिरमावल क्षेत्र के किसान जागरूक हैं तथा क्षेत्र में युवा उद्यमी भी विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रहे हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से कम हुई दूरियां, किसानों को मिल रहा लाभ : कलेक्टर श्री कटेसरिया
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से दूरियां कम हुई हैं, जिसका किसानों को काफी लाभ मिल रहा है। जिले में मेगा इंडस्ट्री भी प्रारंभ होने वाली है। किसानों को सैटेलाइट सिस्टम का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिन आबादियों की घोषणा शेष है, उन पर पार्ट-2 में कार्य किया जाएगा। जिले में जनगणना का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसी प्रकार की समस्या नहीं है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष लगभग डेढ़ गुना अधिक खाद उपलब्ध है। आवश्यकता के अनुसार नगद वितरण केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
युवा उद्यमियों ने साझा किए अपने अनुभव
शिविर में युवा उद्यमी संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें युवा उद्यमियों श्री कृष्णलाल पाटीदार, श्री गोपाल पाटीदार, श्री जसवंत पाटीदार एवं श्री अजय पाटीदार ने अपने-अपने उद्यमों की जानकारी दी। युवाओं द्वारा अमरूद उत्पादन एवं पैकिंग, बॉक्स मैन्युफैक्चरिंग, मसाला उद्योग, बागवानी सहित विभिन्न व्यवसाय संचालित किए जा रहे हैं।
जनसंवाद में ग्रामीणों ने रखी विभिन्न मांगें, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने बिरमावल में मुख्य सड़क मार्ग के दोनों ओर नाली निर्माण कार्य की मांग रखी। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से फॉलोअप किया जाएगा।
ग्रामीणों द्वारा गांव में खेल मैदान निर्माण, पुलिस के सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाने, पेंशन प्रकरणों के निराकरण, पेयजल समस्या के समाधान के लिए नलकूप खनन, वर्ष 2025 के फसल बीमा का लाभ दिलाने तथा पिपलोदा में सोसायटी प्रारंभ करने सहित विभिन्न मांगें एवं समस्याएं रखी गईं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पेंशन प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने सहित अन्य समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पांच हितग्राहियों को मिनी ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की
शिविर में उद्यानिकी विभाग अंतर्गत एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के घटक बागवानी यंत्रीकरण के तहत हितग्राहियों को मिनी ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई।
इस अवसर पर धीरजबाई पति श्री राघव पाटीदार निवासी पिपलोदी, श्री मनमोहन गोविंदखेड़ा, श्री रविप्रकाश बाबूलाल पाटीदार निवासी रूपाखेड़ा, श्री बाबूलाल बालाराम कुवाझगर तथा श्री लक्ष्मीनारायण बलराम पाटीदार निवासी पिपलोदी को मिनी ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई।
–00–
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम जमुनिया हल्का में सोयाबीन कटाई का निरीक्षण किया
मजदूरों के साथ खेत में बैठकर की चर्चा, फलियां तोड़कर दाने भी देखे
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम जमुनिया हल्का में कृषक श्री जयंतीलाल पाटीदार के खेत में चल रही सोयाबीन फसल की कटाई का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर खेत में मजदूरों के साथ बैठे और उनसे फसल की स्थिति एवं कटाई के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
खेत में ग्राम अंबोदिया के आदिवासी मजदूर सोयाबीन कटाई का कार्य कर रहे थे। मजदूर कांताबाई ने बताया कि इस बार सोयाबीन की फसल अच्छी हुई है। यदि बारिश नहीं होती है तो कटी हुई फसल खराब नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रति बीघा लगभग 4 से 5 क्विंटल सोयाबीन उत्पादन होने का अनुमान है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने खेत में सोयाबीन की फलियां स्वयं तोड़कर उनमें से दाने निकालकर देखे तथा फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मजदूरों से कटाई में लगने वाले समय और प्रतिदिन किए जाने वाले कार्य की जानकारी भी ली। मजदूरों ने बताया कि तीन मजदूर दिनभर में लगभग एक बीघा सोयाबीन की कटाई कर लेते हैं।
कलेक्टर ने किसानों और मजदूरों से चर्चा कर फसल की स्थिति, उत्पादन के अनुमान तथा कटाई कार्य की वास्तविक स्थिति को समझा। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन भी मौजूद रहीं।
–00–
15 वर्ष में पिछड़ा वर्ग के 5 करोड़ से अधिक विद्यार्थी लाभांवित
13 हजार करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दूरदर्शी नेतृत्व और निर्णयों के फलस्वरूप प्रदेश में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा के हर स्तर पर अभूतपूर्व प्रोत्साहन और वित्तीय सहयोग मिल रहा है। पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को राज्य सरकार द्वारा प्राथमिक शिक्षा से विदेश अध्ययन के लिये छात्रवृत्ति, नि:शुल्क कोचिंग और प्रशिक्षण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में पिछले 15 वर्षों में 13 हजार 156 करोड़ 51 लाख से अधिक की वित्तीय सहायता दी गई है। योजनाओं से लगभग 5 करोड़ 34 लाख 39 हजार 54 से अधिक विद्यार्थी लाभांवित हुए।
प्री एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति से शिक्षा का सशक्तिकरण
स्कूली स्तर पर ड्रॉप-आउट दर को समाप्त करने और बच्चों की पढ़ाई निरंतर बनाए रखने के लिए संचालित प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत वर्ष 2012-13 से 2026-27 तक पिछड़ा वर्ग के 4 करोड़ 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों को ₹ 2,535 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित की जा चुकी है। इसके साथ ही स्कूली शिक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाले होनहारों को ‘प्रावीण्य (मेधावी) छात्रवृत्ति योजना’ के तहत पिछड़ा वर्ग के 2,185 विद्यार्थियों को 1 करोड़ 69 लाख रूपये की राशि दी गई है। उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा में कॉलेज स्तर के छात्रों को राहत देते हुए ‘पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना’ के तहत वर्ष 2012-13 से 2026-27 के दौरान इसी वर्ग के 84.22 लाख विद्यार्थियों को ₹10,467 करोड़ की राशि से संबल प्रदान किया गया है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग, प्रोत्साहन और कौशल विकास
पिछड़ा वर्ग के युवाओं को प्रशासनिक और प्रतियोगी सेवाओं में सफलता दिलाने के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वर्ष 2021-22 में प्रारंभ की गई ‘सरदार पटेल कोचिंग प्रशिक्षण योजना’ के तहत 11,174 शिक्षित युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 23 करोड़ 9 लाख रूपये के व्यय से निशुल्क कोचिंग दी गई है। इसी प्रकार संघ एवं राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 3,354 पिछड़ा वर्ग अभ्यर्थियों को ‘सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना’ के तहत 7 करोड़ 64 लाख रूपये की राशि प्रदान की गई। इसके अलावा वर्ष 2026-27 से युवाओं के सर्वांगीण प्रशिक्षण के लिए शुरू की गई ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ के अंतर्गत रू 4 करोड़ 83 लाख राशि का व्यय कर 3,827 युवाओं को सफलता पूर्वक प्रशिक्षित किया गया है।
विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना’ से वैश्विक पटल पर साकार होते सपने
‘पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना’ में प्रतिष्ठित विदेशी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वर्ष 2008-09 से लेकर अब तक पिछड़ा वर्ग के कुल 341 विद्यार्थियों को 122 करोड़ 9 लाख रूपये का वित्तीय अनुदान देकर विदेशों में पढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
–00–
डायमंड फ्रोजन फूड्स इकाई में 100 लोगों को रोजगार, सीजन में 500 लोगों को मिलता है रोजगार : कलेक्टर श्री कटेसरिया
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने डायमंड फ्रोजन उद्योग एवं निर्माणाधीन टप्पा तहसील कार्यालय बिलपांक का किया निरीक्षण
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को डायमंड फ्रोजन फूड्स, जमुनिया रतलाम तथा बिलपांक में निर्माणाधीन टप्पा तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योग की गतिविधियों, रोजगार तथा निर्माणाधीन तहसील कार्यालय की प्रगति की जानकारी ली।
डायमंड फ्रोजन फूड्स, जमुनिया द्वारा लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से फ्रोजन फूड इकाई स्थापित की गई है। इकाई में फ्रोजन मटर, मक्का, गाजर, फलियां आदि की प्रोसेसिंग की जाती है। तैयार उत्पादों की गुजरात एवं दिल्ली सहित अन्य राज्यों में आपूर्ति की जा रही है। इकाई में वर्तमान में लगभग 100 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि सीजन के समय लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलता है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने उद्योग की उत्पादन एवं प्रोसेसिंग गतिविधियों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वाली औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इसके पश्चात कलेक्टर ने बिलपांक में निर्माणाधीन टप्पा तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। लगभग 1 करोड़ 27 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन तहसील कार्यालय का कार्य आगामी एक माह में पूर्ण होने की संभावना है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जीएम उद्योग विभाग श्री अतुल बाजपेई सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
जन सहयोग से बेहतर तरीके से संचालित हो रही श्री कामधेनु गौशाला : कलेक्टर श्री कटेसरिया
कलेक्टर ने गौशाला पहुंचकर गौ माता की पूजा कर खिलाया हरा चारा
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम बिरमावल स्थित श्री कामधेनु गौशाला पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की तथा गौ माता को हरा चारा खिलाया। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर वहां गोवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि श्री कामधेनु गौशाला जन सहयोग के माध्यम से बेहतर तरीके से संचालित की जा रही है। यह बहुत ही अच्छा कार्य है। गौशाला के संचालन में जन सहयोग के साथ-साथ राज्य शासन द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी बहुत कम गौशालाएं देखने में आती हैं, जिनका संचालन बेहतर तरीके से किया जा रहा हो और जिन्हें समाज का पूरा सहयोग मिल रहा हो।
कलेक्टर ने गौशाला में गोवंश के लिए चारा, पानी, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला के बेहतर संचालन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित अधिकारी एवं गौशाला के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
कन्या आश्रम बिरमावल में बेहतर शिक्षा के साथ बच्चों का बहुत अच्छे से रखा जा रहा ध्यान : कलेक्टर श्री कटेसरिया
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कन्या आश्रम एवं सांदीपनि विद्यालय बिरमावल का किया औचक निरीक्षण
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को कन्या आश्रम बिरमावल एवं सांदीपनि विद्यालय बिरमावल का औचक निरीक्षण किया। कन्या आश्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक की छात्राएं निवास करते हुए शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आश्रम में बच्चों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं की सराहना की।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि हम कई बार अपने बच्चों को भी संभाल नहीं पाते हैं, लेकिन कन्या आश्रम में पहली से पांचवीं तक के बच्चों की बहुत अच्छी देखभाल के साथ उन्हें बेहतर शिक्षा दी जा रही है। बच्चों के लिए अच्छा वातावरण उपलब्ध कराया गया है, यह बहुत ही सराहनीय एवं महत्वपूर्ण कार्य है।
कलेक्टर ने बच्चों के साथ उनके पलंग पर बैठकर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि क्या उन्हें अपने माता-पिता की याद आती है। इस पर बच्चों ने बताया कि आश्रम में बहुत अच्छा माहौल है, इसलिए उन्हें घर की बहुत कम याद आती है। बच्चों ने हाथों में मेहंदी लगा रखी थी। इस पर पूछने पर बच्चों ने बताया कि आश्रम में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रेखा आंटी उन्हें मेहंदी लाकर देती हैं और वे आपस में मेहंदी लगाती हैं।
कलेक्टर ने बच्चों से भोजन की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने आश्रम के कक्षों में पहुंचकर पलंग, बेडशीट, बिस्तर सहित अन्य व्यवस्थाओं को स्वयं देखा तथा साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। बच्चों ने बताया कि उनके माता-पिता लगभग दो माह में एक बार उनसे मिलने आते हैं। आश्रम में सैलाना, बाजना और रावटी क्षेत्र के बच्चे निवासरत हैं।
सांदीपनि विद्यालय के नए भवन में शीघ्र कक्षाएं संचालित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने सांदीपनि विद्यालय बिरमावल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के नवनिर्मित भवन की गुणवत्ता एवं सुविधाओं की सराहना की। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को तत्काल नए भवन में शिफ्ट कर वहां कक्षाएं संचालित की जाएं।
उन्होंने कहा कि जिले में जिन विद्यालयों के पुराने भवनों के स्थान पर नए एवं बेहतर भवन उपलब्ध हैं, उनका सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। खाली होने वाले भवनों में आवश्यकता के अनुसार अन्य विद्यालयों की कक्षाएं भी संचालित की जाएं, ताकि शासकीय भवनों का बेहतर उपयोग हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के क्लासरूम, मीटिंग हॉल, लैब रूम सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरमावल में प्रतिदिन 50 ओपीडी और प्रतिमाह 40 प्रसव, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर : कलेक्टर श्री कटेसरिया
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरमावल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरमावल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरमावल बहुत ही बेहतर स्वास्थ्य केंद्र है। स्वास्थ्य केंद्र का भवन भी अच्छा है। यहां प्रतिदिन लगभग 50 ओपीडी होती हैं तथा प्रतिमाह लगभग 40 प्रसव कराए जा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र में अब तक प्रसव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होना सराहनीय है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीएनसी वार्ड, एएनसी वार्ड, ओपीडी कक्ष, आयुष्मान कक्ष, जन्म प्रमाण-पत्र कक्ष, आयुर्वेद कक्ष, लैब कक्ष एवं जांच कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान क्षेत्र के नागरिकों ने कलेक्टर श्री कटेसरिया से जननी वाहन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। कलेक्टर ने इस संबंध में आवश्यक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। नागरिकों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा दी जा रही सेवाओं की प्रशंसा भी की। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
–00–
मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को शनिवार को देंगे स्कूटी की सौगात
7400 से अधिक मेधावी विद्यार्थी होंगे लाभांवित
भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को शनिवार को बड़ी सौगात देंगे। शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 19 सितंबर को ई-स्कूटी का वितरण करेंगे। यह स्कूटी “मुख्यमंत्री स्कूटी योजना ’ अंतर्गत दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की राह आसान होगी। साथ ही, कॉलेज आने-जाने में भी सहूलियत होगी। राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण का कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवाजी नगर में भोपाल में सुबह 9 बजे से होगा।
प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में ही 70% अंक के साथ स्कूल में प्रथम स्थान आना जरूरी है। प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना का लाभ स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित विद्यार्थी के रूप में अध्ययनरत विद्यार्थी को दिया जाता है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये और ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है।
अब तक प्रदेश के 23,000 से अधिक पात्र विद्यार्थी हो चुके हैं लाभान्वित
प्रदेश सरकार द्वारा योजना अंतर्गत शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,400 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का वितरण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना से अब तक प्रदेश के 23,000 से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक लगभग 246 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना मेधावी विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के साथ ही आगे की पढ़ाई के लिए सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ रहा है और उच्च शिक्षा की ओर उनकी भागीदारी को मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।
आई.टी.आई. बाजना में पहले आओ पहले पाओ आधार पर प्रवेश
22 सितम्बर तक चॉइस फिलिंग व त्रुटि सुधार के साथ प्रवेश का अंतिम अवसर
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026
प्राचार्य शासकीय आई.टी.आई. बाजना ने बताया कि संस्था में पहले आओ पहले पाओ राउंड के लिए चॉइस फिलिंग व त्रुटि सुधार प्रक्रिया एवं प्रवेश प्रक्रिया 22 सितम्बर 2026 तक चलेगी। प्रवेश हेतु यह अंतिम अवसर है। इच्छुक आवेदक 22 सितम्बर 2026 तक संस्था में उपस्थित होकर प्रवेश ले सकते है। संस्था में 04 व्यवसायों में सीमित स्थान रिक्त हैं। इनमें मेकेनिक डीजल में 14 सीटें, कटिंग टेलरिंग में 09 सीटें, सोलर टेक्निशियन में 09 सीटें तथा फिटर ट्रेड में 08 सीटें रिक्त हैं।
–00–
महिला आई.टी.आई. रतलाम में पहले आओ पहले पाओ राउंड की समय-सारणी जारी
22 सितम्बर तक रजिस्ट्रेशन चॉइस फिलिंग एवं त्रुटि सुधार कर ले सकेंगे प्रवेश
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026, 13:48 IST
प्राचार्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रतलाम ने बताया कि संस्था में प्रवेश सत्र 2026 के अंतर्गत पहले आओ पहले पाओ राउंड की समय-सारणी जारी की गई है। इच्छुक आवेदक 22 सितम्बर 2026 तक रजिस्ट्रेशन चॉइस फिलिंग एवं त्रुटि सुधार कर संस्था में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश के लिए आवेदक का कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना तथा न्यूनतम आयु 14 वर्ष होना आवश्यक है। महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है, जबकि पुरुषों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है। संस्था में फैशन टेक्नोलॉजी में 24 तथा स्टेनोग्राफी अंग्रेजी में 21 सीटें उपलब्ध हैं।
–00–
आजीविका मिशन से बदली भारती तंवर की जिंदगी, समूह से जुड़कर बढ़ाई आमदनी
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,

जिले के आलोट तहसील के ग्राम कबरियाखेड़ी की रहने वाली श्रीमती भारती पति राघु सिंह तंवर आज ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की मिसाल बन रही हैं। वर्ष 2019 में स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक गतिविधियों से जुड़कर अन्य महिलाओं की समस्याओं के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
श्रीमती भारती तंवर ने बताया कि वे जय माता दी स्व-सहायता समूह की सदस्य हैं। समूह में कुल 12 महिलाएं हैं तथा उनका ग्राम संगठन कबरियाखेड़ी ग्राम संगठन है। समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं ने समूह को प्राप्त 20 हजार रुपये की आरएफ राशि का उपयोग सिलाई एवं पशुपालन गतिविधियों के लिए किया। इसके बाद समूह को 50 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिसका उपयोग पशुपालन को आगे बढ़ाने में किया गया। समूह की महिलाओं ने भैंस आदि पशु खरीदे और दूध विक्रय के माध्यम से अपनी आय में वृद्धि की।
उन्होंने बताया कि इसके बाद समूह को डेढ़ लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिससे श्रीमती भारती और समूह की महिलाओं ने किराना दुकान का संचालन शुरू किया। दुकान में धीरे-धीरे नए सामान जोड़े गए और कारोबार का विस्तार किया गया। इससे समूह की महिलाओं की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हुए और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया।
महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहीं भारती
आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद श्रीमती भारती को लोक अधिकार केंद्र में समता समन्वयक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। इस भूमिका में वे महिलाओं को घर से बाहर निकलकर अपने अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने बताया कि कार्य के दौरान अनेक महिलाओं से संपर्क हुआ। बातचीत के माध्यम से उन्हें महिलाओं की विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने उन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना शुरू किया। इस कार्य से उन्हें समाज की महिलाओं के साथ जुड़ने और उनकी मदद करने का अवसर मिला। आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उन्हें विभिन्न गतिविधियों में काम करने तथा अनेक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला। इन प्रशिक्षणों और अनुभवों से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और वे लोक अधिकार केंद्र का कार्य बेहतर ढंग से संचालित कर पा रही हैं।
श्रीमती भारती ने आजीविका मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मिशन से जुड़कर उन्हें आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
–00–
—00–
राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह ने सनातन संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जनजातीय महापुरुषों और बलिदानियों के जीवन पर फिल्में तैयार की जा रही हैं
प्रधानमंत्री श्री मोदी जनजातीय समुदाय के विकास के लिए समर्पित हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय महानायक अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह बलिदान दिवस समारोह को किया संबोधित
नमो-प्रेरणा कार्यक्रम का किया शुभारंभ
रतलाम : शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 1857 के स्वतंत्रता आंदोलन से पहले अपनी कलम और कविताओं के बल पर मध्यप्रदेश के जनजातीय महानायक अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने ब्रिटिश सत्ता के खिलाफ अलख जगाई थी। अंग्रेजों के दमन के विरोध में उस समय में जो काम तलवार नहीं कर पाई, वह राजा शंकर शाह की लेखनी ने कर दिखाया। उनके लिखे गीतों ने जनता के बीच आजादी की ललक और अलख जगा कर नयी ऊर्जा का संचार किया। वे देश और धर्म को साथ लेकर चले। स्वभाषा-स्वधर्म-रचनात्मकता और साहित्य की साधना के प्रति राजा रघुनाथ शाह के समर्पण के कारण स्थानीय जन में उनके प्रति बहुत अधिक श्रद्धा थी। उनके बेटे कुंवर रघुनाथ शाह भी कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहे। देखते ही देखते अंग्रेजी सरकार की जड़े हिल गईं। ब्रिटिश सैनिकों ने दोनों को बंदी बना लिया और उनके सामने महारानी की अधीनता स्वीकार करने और धर्म बदलने की शर्त रखी। लेकिन राजा शंकर शाह ने अंग्रेजों को मुंहतोड़ जवाब देकर पराधीनता स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने अंग्रेज अफसरों को बता दिया कि वे रानी दुर्गावती के वंशज हैं, भारतीय संस्कृति के जीवन मूल्यों और सनातन पर हमें गर्व है। राजा शंकर शाह की हिम्मत के आगे अंग्रेज अफसर डर गए, उन्हें तोप से बांध कर अन्यायपूर्वक बलिदान कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जबलपुर में जनजातीय महानायक राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कैंसर और नशामुक्ति के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए आरंभ हुआ अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कैंसर एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नमो प्रेरणा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को कैंसर से बचाव एवं जागरूकता के प्रति प्रेरित किया जाएगा। कैंसर मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
विरासत से विकास की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी व्यक्ति का शरीर साथ छोड़ता है, लेकिन उसके विचार सदैव जीवित रहते हैं। यही हमारे गौंडवाना के वीर शहीदों ने कर दिखाया। राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह ने सनातन संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विरासत से विकास की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार प्रदेश के जनजातीय महानायकों के गौरवशाली इतिहास संरक्षित करने और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय समुदाय को विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर स्वावलंबी बनाने के लिए जनजातीय कार्य विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय से सिकल सेल एनीमिया को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रदेश स्तर पर स्क्रीनिंग और इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जनजातीय समुदाय की पीड़ा को अच्छी तरह से समझते हैं, उन्होंने सिकल सेल उन्मूलन के लिए अभियान की शुरुआत की, जिसे राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल की देखरेख में प्रदेश के विभिन्न जिलों में बेहतर तरीके से संचालित किया जा रहा है।
जनजातीय समुदाय के गौरवशाली अतीत को सबके सामने लाना राज्य सरकार का दायित्व है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने जनजातीय महापुरुषों राजा भभूत सिंह, राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह जैसी विभूतियों के जीवन के प्रेरक प्रसंगों को पाठ्यक्रम में स्थान दिया है। प्रदेश की भावी पीढ़ियां उनके बलिदान और जीवन के प्रेरणादायी कार्यों से परिचित होंगी। राज्य सरकार रानी दुर्गावती लोक का निर्माण करेगी, निमाड़ के जनजातीय नायक क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। बुंदेलखंड के सागर में भी रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर विश्वविद्यालय की शुरुआत की गई है। जनजातीय समुदाय के गौरवशाली अतीत को सबके सामने लाना राज्य सरकार का दायित्व है। सरकार जनजातीय महापुरुषों और बलिदानियों के जीवन पर फिल्म तैयार करने सहित सभी योजना को प्रोत्साहित कर रही है।
रानी दुर्गावती की जयंती पर 52 गढ़ों के वशंजों को राज्य सरकार सम्मानित करेगी
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह सहित प्रदेश के अनेक महापुरुषों की जीवन के प्रेरणादायी प्रसंगों को पाठ्यक्रम में शामिल कर सम्मान दिया है। हमारे जनजातीय वीरों ने अंग्रेजों से क्षमा-याचना नहीं की। आज हम सभी पवित्र भूमि जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह की शहादत का स्मरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातीय महापुरुषों से मिली प्रेरणा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर वही पुण्यभूमि है, जहां अंग्रेजों ने राजा शंकरशाह और रघुनाथ शाह को जनता के सामने तोप के मुंह से बांधकर शहीद किया था। अंग्रेजों ने उन्हें माफी मांगने का अवसर दिया, लेकिन पिता-पुत्र ने क्षमा याचना करने से इनकार कर दिया और देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देना स्वीकार किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राजा शंकरशाह और रघुनाथ शाह रानी दुर्गावती की वंश परंपरा से जुड़े थे। उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को देश और प्रदेश के विकास में अपने हिस्से का योगदान देना चाहिए।
जनजातीय कार्य मंत्री श्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि जनजातीय वीरों और महापुरुषों को देश की भावी पीढ़ी याद रखे, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के सभी जनजातीय छात्रावासों के नाम जनजातीय महानायकों के नाम पर रखे हैं। राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान और जीवन पर फिल्म तैयार की गई है। अब हमारी सरकार ने पाठ्यपुस्तकों में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को शामिल किया है। मंत्री श्री शाह ने कहा कि आगामी 5 अक्तूबर को वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती है, इस अवसर पहली बार उनके 52 गढ़ों के वशंजों को राज्य सरकार सम्मानित करेगी। जबलपुर के अलावा हरसूद में भी रानी दुर्गावती की जयंती पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रक्तदाताओं से भेंट कर बढ़ाया हौसला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इनफार्मेशन सेंटर, गीता भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होकर रक्तदाताओं से भेंट की। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस सेवाभावी कार्य की सराहना की और उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, विधायक श्री अजय विश्नोई, श्री अशोक रोहाणी, श्री सुशील तिवारी ‘इंदू’, श्री संतोष वरकड़े, श्री नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के नागरिक उपस्थित थे।
–00—



