
तालोद पंचायत में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीण ने सौंपा शिकायत आवेदन
किशनगढ़-ताल,
शंभूसिंह तंवर।
जनपद पंचायत आलोट की ग्राम पंचायत तालोद में कपिलधारा योजना के तहत स्वीकृत कुएं के भुगतान को लेकर कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम तालोद निवासी तुफान सिंह चौहान ने ग्राम पंचायत के सरपंच सुरेश पोरवाल के खिलाफ जनपद पंचायत आलोट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी माता प्रेमबाई पति शंकरसिंह के नाम वर्ष 2025 में कपिलधारा योजना के अंतर्गत कुआं स्वीकृत हुआ था। शिकायत में बताया गया है कि कृषि भूमि पर कुआं निर्माण के दौरान श्रमिकों को करीब 71 हजार रुपये का भुगतान हुआ, जबकि शेष राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऑनलाइन भुगतान संबंधी जानकारी देखने पर कुछ ऐसे लोगों के नाम मस्टर में दर्ज पाए गए, जिन्होंने कुआं निर्माण में कार्य नहीं किया। शिकायत में हाकमसिंह सिसोदिया, भेरुसिंह सौंधिया, अनिल महाजन, जानकीदास, राजेश पोरवाल एवं बाबूलाल के नामों का उल्लेख करते हुए इनके नाम से कथित रूप से भुगतान किए जाने की जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने जनपद सीईओ से मस्टर रोल, श्रमिकों की उपस्थिति, भुगतान अभिलेख एवं मौके पर हुए निर्माण कार्य की जांच कर वास्तविकता सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व में भी लग चुके हैं आरोप
ग्राम पंचायत तालोद में पूर्व में भी विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप लगने की बात सामने आई है। ग्राम निवासी एवं युवा नेता शिवम बामनिया द्वारा पूर्व में सीसी रोड निर्माण को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत में मौके पर कार्य नहीं होने के बावजूद राशि निकाले जाने तथा कथित फर्जी भुगतान बिलों का उल्लेख किया गया था। शिकायत के बाद जांच-पड़ताल में ग्राम पंचायत सचिव के निलंबन की कार्रवाई होने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, सरपंच के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने को लेकर शिकायतकर्ता पक्ष ने सवाल उठाए थे।
अब कपिलधारा कुएं से जुड़े ताजा आरोपों के बाद ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।
इनका कहना है-
ग्राम पंचायत तालोद के सचिव सत्यनारायण व्यास ने बताया कि हितग्राही की कुछ राशि अभी रुकी हुई है, जिसे शीघ्र ही उसके खाते में जमा कराया जाएगा। हितग्राही को करीब एक लाख रुपये तक का भुगतान हो चुका है तथा शेष भुगतान किया जाना बाकी है।
—
मुझे शिकायत प्राप्त हुई है। जांच दल बनाकर वास्तविक जानकारी निकलवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी। हितग्राही को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
बलवंत सिंह नलवया
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत आलोट।



