अपराधमंदसौरमध्यप्रदेश

भाई, पत्नी और साले ने मिलकर ईसमाइल उर्फ भूरा की गला घोंटकर की हत्या

24 घंटे में नई आबादी पुलिस ने खोला अंधे कत्ल का राज, मकान के पैसों का लालच बना खूनी साजिश की वजह

मंदसौर- नई आबादी थाना क्षेत्र में सामने आए अंधे कत्ल के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मृतक ईसमाइल उर्फ भूरा, निवासी मदरपुरा की हत्या उसके ही भाई, पत्नी और साले ने मिलकर की थी। हत्या के पीछे मकान बेचकर मिलने वाली रकम और पारिवारिक विवाद को वजह बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 को ईसमाइल के भाई मोहम्मद ईशाक ने सूचना दी थी कि उसका भाई खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर अचेत अवस्था में पड़ा है। डायल-112 की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

फरियादी’ बनकर थाने पहुंचा भाई, जांच में खुद ही घिरा

पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और घटनास्थल के भौतिक सत्यापन के साथ मृतक के भाई से पूछताछ की गई। पूछताछ और सामने आए साक्ष्यों को जोड़ने पर पुलिस को हत्या की साजिश का पता चला।

पुलिस का दावा है कि मकान बेचकर मिलने वाली रकम को लेकर मृतक और उसके भाई के बीच विवाद चल रहा था। इसके अलावा पुलिस ने मृतक द्वारा शराब के नशे में घर में झगड़ा और मारपीट करने की बात भी जांच में सामने आने की जानकारी दी है।

पहले सिर पर डंडा, फिर गला घोंटकर हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर मृतक के सिर पर डंडे से वार किया और इसके बाद उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को घटनास्थल से हटाकर खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया, ताकि मौत को हादसा या सामान्य घटना का रूप दिया जा सके।

पुलिस के मुताबिक मामले को उलझाने के लिए मृतक का भाई खुद फरियादी बनकर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज करवाई, लेकिन जांच में सामने आए साक्ष्यों ने कथित साजिश की परतें खोल दीं।

दो गिरफ्तार, साला फरार

पुलिस ने मामले में मोहम्मद ईशाक पिता अलीमुद्दीन, उम्र 30 वर्ष, निवासी मदरपुरा और मुस्कान पति ईसमाइल, उम्र 24 वर्ष, निवासी मदारपुरा को गिरफ्तार किया है। वहीं शाकिर पिता बब्बू खां, निवासी नई फतेहाबाद, जिला मंदसौर को फरार आरोपी बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि कुलदीपसिंह राठौर एवं नई आबादी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}