मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 30 अगस्त 2026 रविवार

 

लहसून से भरी ट्रक चोरी मामले ने पकड़ा तूल

मंदसौर:- लहसून से भरी ट्रक चोरी मामले ने पकड़ा तूल, मंडी व्यापारी संघ हुआ एकजुट, नीलामी बंद कर जताया आक्रोश, करीब 20 लाख रुपए की अनुमानित कीमत की लहसून उपज की बताई जा रही हैं, सभी व्यापारी एकजुट होकर थाना पहुंचे और थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने से मुलाकात कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की, थाना प्रभारी ने व्यापारियों को मामले में जल्द उचित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

–00–

लैपटॉप के 25 हजार 1 सितंबर को अकाउंट में डलेगी राशि

भोपाल -80 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स को मिलेंगे लैपटॉप के 25 हजार 1 सितंबर को अकाउंट में डलेगी राशि। MP बोर्ड की 12वीं में 75% या उससे ज्यादा अंक पाने वाले स्टूडेंट्स को 1 सितंबर को लैपटॉप के लिए 25 हजार मिलेंगे। CM डॉ.मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पात्र विद्यार्थियों के खातों में पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश दिए हैं।

–00–

क्लीनिक कर्मचारी जुनैद के साथ मारपीट पुलिस ने आरोपियों को जुलूस निकाला

शामगढ़:-उर्दू स्कूल रोड पर डॉक्टर सागिर बैग के क्लीनिक के बाहर 28 तारीख को शाम 4:00 बजे को कुछ लोगों द्वारा क्लीनिक पर कार्य कर रहे कर्मचारी जुनैद पिता शरीफ हुसैन निवासी पंजाबी कॉलोनी के साथ मारपीट की जिसको लेकर जुनेद द्वारा पुलिस थाने में आवेदन दिया गया जिसमें आरोपी मुस्ताक पिता एहसान पठान, इकबाल पिता एहसान पठान, नारू पिता मुबारिक पठान जीसान पिता मुस्ताक पठान, निसार पिता एहसान पठान सभी निवासी शामगढ़ के बताए गए हैं पुलिस द्वारा सभी के खिलाफ 296बी, 115(3), 3(5) बीएनएस 294, 323, 506, 34 भादवि की धारा मामला दर्ज किया गया है ।

शामगढ़ कल जहां मारपीट की थी वहीं पर ले जाकर आरोपियों को जुलूस निकाला, पुलिस का उद्देश्य यह कि नगर की जनता में किसी प्रकार का भय ना रहे, शांति व्यवस्था बनी रहे।

–00–

रक्षाबंधन पर शामगढ़ पुलिस थाने में गूंजा भाई-बहन के स्नेह का संदेश

राखी विथ रक्षक’ कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने पुलिस जवानों की कलाई पर बांधी राखी

शामगढ़। पुलिस थाने में ‘राखी विथ रक्षक’ कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अल्फा इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। और राखी बंधवाने के दौरान पुलिस जवानों के चेहरे पर भी खुशी और भावुकता देखने को मिली। जवानों ने छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अनूठी पहल ने पुलिस और स्कूली बच्चों के बीच स्नेह, सम्मान और विश्वास के रिश्ते को और मजबूत किया।

थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने विद्यार्थियों से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान शामगढ़ थाना प्रभारी श्री कपिल सौराष्ट्रीय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्र सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। इसलिए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए

उन्होंने छात्राओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

‘राखी विथ रक्षक’ कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को एक अलग ही भावनात्मक रंग दे दिया। पुलिस जवानों को राखी बांधती छात्राओं ने जहां भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया,वहीं पुलिसकर्मियों ने भी बच्चों के प्रति अपने स्नेह और सुरक्षा भावना को व्यक्त किया।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं एवं शामगढ़ थाना स्टाफ मौजूद रहा। पूरे आयोजन में अपनत्व उत्साह और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।

–00–

शिशुवन विद्यालय के छात्र छात्राओं के द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी

मंदसौर।शिशुवन विद्यालय मंदसौर के छात्र छात्राओं के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना एवं अन्य पुलिस अधिकारियों को मिठाई खिलाकर बांधी राखी

रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में शहर के शिशुवन स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना को मिठाई खिलाकर रक्षा सूत्र राखी बांधी। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टीएस बघेल एवं थाना प्रभारी वायडी नगर श्री शिवांशु मालवीय द्वारा भी शिशुवन विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रक्षा सूत्र बांधा गया। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना एवं अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों का आभार व्यय किया गया।

–00–

सांप के काटने से 35 वर्षीय महिला की मौत, राखी के बाद घर में छाया मातम

बोलिया। बोलिया क्षेत्र के समीप विशनिया गांव में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सांप के काटने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। राखी के त्योहार के बाद हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 3 बजे लीलाबाई पत्नी सौदान घर में सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। महिला के बेटे ने अपने पिता सौदान को नींद से जगाकर घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल लीलाबाई को उपचार के लिए शामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार उन्होंने सांप को देखा और उसे मार दिया। मृतका लीलाबाई (35) पत्नी सौदान, निवासी विशनिया थी। घटना के बाद परिवार में शोक की,

–00–

जनविश्वास अभियान में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है : सांसद श्री सुधीर गुप्ता

ग्राम भूखी में शिविर संपन्न 

56 समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया 

मंदसौर 29 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शनिवार को जनपद पंचायत मंदसौर के ग्राम भूखी में शिविर संपन्न हुआ। इस अवसर पर 128 समस्‍याएं शिकायतें प्राप्‍त हुई। 56 समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। इसके अलावा 72 शिकायतों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई। शिविर में शासन की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। विधायक श्री विपिन जैन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा, कलेक्टर श्री दिव्‍यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन जिला स्तरीय अधिकारी ग्रामीण जन मौजूद रहे।                    

शिविर में उपस्थित सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने अपने संबोधन में कहां कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री जन् विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उनकी जो भी शिकायतें समस्याएं हैं उनका निदान किया जा रहा है। 

शासन की योजनाओं की मदद से उद्यमी बने

उद्यम संवाद आयोजित हुआ

भूखी में आयोजित शिविर में सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि शासन की योजनाओं की मदद से युवा अपना उद्यम स्थापित करके उद्यमी बन सकते हैं। अन्य व्यक्तियों को भी रोजगार दें सकते हैं। सांसद श्री गुप्ता  ने निर्देशित किया कि जिले में शिल्पीयो द्वारा अपने हाथों से शिल्प एवं उत्पाद तैयार किए जाते हैं उनको प्रोत्साहित करने के लिए तथा उनके उत्पादों के विक्रय के लिए भी बेहतर व्यवस्था की जाए।  

इसके लिए नाबार्ड अथवा अन्य किसी विभाग को नियत किया जाए। श्री गुप्ता ने कहा कि जिले के औद्योगिक क्षेत्र मुल्तानपुरा में अब तक 82 औद्योगिक इकाइयां चालू हो चुकी है जो बेहतर प्रगति का प्रतीक है। श्री गुप्ता ने कहा कि जिले के औद्योगिक क्षेत्र में जिन व्यक्तियों को प्लाट आवंटित किए गए हैं उनके नाम तथा प्लाट आवंटन की तिथि को प्रदर्शित करता हुआ बोर्ड औद्योगिक क्षेत्र में लगाया जाए ताकि आम आदमी को पता चलेगा कि किस व्यक्ति को प्लाट आवंटित हुआ है। इस अवसर पर सांसद श्री गुप्ता द्वारा उद्यमियों से चर्चा की गई। उनके द्वारा संचालित किये जा रहे उद्योगों की जानकारी लेते हुए सराहना की गई। उन्होंने आह्वान किया कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर उद्यमी बने आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाए।

कार्यक्रम में जिन उद्यमियों द्वारा अपने उद्यम की जानकारी देते हुए अपनी सफलता की कहानी प्रस्तुत की गई उनमें सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत यूपीवीसी डोर विंडोस निर्माण करने वाले श्री सतीश मालवीय, अदरक पाउडर निर्माण करने वाले श्री राजेंद्र कुमार शर्मा, फ्लाई अश ब्रिक्स निर्माण करने वाले श्री अनूप गर्ग, नमकीन निर्माता श्री पुष्पेंद्र भावसार तथा मसाला निर्माता श्री जय राठौड़ शामिल है। इसके अलावा उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत उद्यानिकी गतिविधि में श्री श्याम लाल गुर्जर ने शेड नेट हाउस, श्री बालमुकुंद पाटीदार ने फूलों की खेती तथा श्री धर्मेंद्र गुर्जर ने ऑयल मिल स्थापना के संबंध में अपनी सफलता की कहानी प्रस्तुत की।                          

कार्यक्रम में जिन हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया उनमें मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सखी स्वालंबन योजना में परिवहन सेवा के लिए श्री शादाब खान, सेवा गतिविधि के लिए श्री अंशुल रतनावत, पशुपालन के लिए श्रीमती दुर्गा मीणा, पानी पताशे के लिए श्रीमती पूजा प्रजापत, साड़ी व्यवसाय के लिए श्रीमती पदमा, प्राकृतिक जूस के लिए श्रीमती शकुंतला गर्ग तथा मीनाकारी के लिए श्रीमती चितरा राव को राशि के चेक सांसद श्री गुप्ता द्वारा प्रदान किए गए।  

मुख्यमंत्री जन् विश्वास अभियान 29 अगस्त को जनपद पंचायत मंदसौर क्षेत्र अंतर्गत प्रातः से ही प्रारंभ हो गया। अभियान के प्रथम सत्र में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह अधिकारियों के साथ नगर वन देव डूंगरी, रेवास देवड़ा, नौगावा गुर्जर तथा हैदरवास आदि ग्रामों में पहुंचे।

ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। हैदर वास में ग्रामीणों द्वारा ज्यादा राशि के विद्युत बिल आने की शिकायत की गई कलेक्टर ने तत्काल मौके पर मौजूद विद्युत वितरण कंपनी के इंजीनियर को निर्देशित किया कि बिलों की जांच की जाकर ग्रामीणों के हित में आवश्यक कार्रवाई की जाए इस पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर के निर्देश का तालियों के साथ स्वागत किया। यहां पर पौधारोपण भी किया गया इसके पूर्व नगर वन देवडूंगरी में भी कलेक्टर द्वारा पधारोपण किया गया।

कलेक्टर ने ग्राम करौली में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना अंतर्गत किसान संदीप पाटीदार द्वारा स्थापित की गई ऑयल मिल का निरीक्षण किया। शासन की योजना की मदद से किसान के बेटे संदीप अब आत्मनिर्भर बन चुके हैं। शासन की योजना से उनको अनुदान सहायता भी मिली है। ग्राम रेवास देवड़ा में कलेक्टर ने श्री कृष्ण गौशाला का निरीक्षण किया वहां गौवंश की स्थिति का जायजा लिया पशुपालन विभाग द्वारा दी जाने वाली अनुदान सहायता की जानकारी प्राप्त की गोपूजन भी किया। ग्राम नौगांव में शासन के आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य संस्था का निरीक्षण किया गया। मरीज को मिलने वाली दवाइयां तथा उपचार सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की  गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कलेक्टर द्वारा किया गया। 

अभियान में ग्राम गुर्जरदा के हाई स्कूल का निरीक्षण कलेक्टर ने किया विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति का जायजा लिया शैक्षणिक सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।                                   

–00–

नए क्षितिज की ओर

सशक्त वाहिनी हेतु  5 सितम्बर 2026 तक करें आवदेन

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत बालिकाओं हेतु पुलिस भर्ती परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निःशुल्क तैयारी

मंदसौर 29 अगस्‍त 2026 / महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत बालिकाओं हेतु पुलिस भर्ती परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निःशुल्क तैयारी कराई जायेगी। इस हेतु 5 सितम्बर 2026 तक आवदेन करें। आयु  21 आयु वर्ग से 30 आयु वर्ग की युवतियां के लिए है। शैक्षणिक योग्यता – न्यूनतम स्नातक(किसी भी विषय से), स्नातक में न्यूनतम 65% या उससे अधिक प्रतिशत होना अनिवार्य है। मंदसौर जिले की मूलनिवासी होना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन -फॉर्म ऑनलाइन ईमेल पर ही स्वीकार होंगे। चयन आधार – पहले आओ,पहले पाओ (न्यूनतम स्नातक में 65% अनिवार्य) पर किया जायेगा। फार्म  मेल आईडी – bbbpmandsaur@gmail.com पर भेजे। कक्षाएं – जिला मुख्यालय पर कक्षा में विषय विशेषज्ञ द्वारा विषय पढ़ाये जायेंगे एवं एक्सपर्ट द्वारा फिजिकल परीक्षा की तैयारी करवाई जावेगी। विशेष सत्र – विशेष मोटिवेशन सत्र (शासकीय अधिकारियों व अन्य द्वारा) कराया जावेगा।             

 –00–

कोठी स्कूल मैदान की बाउंड्रीवाल के लिए 20 लाख स्वीकृत, खिलाड़ियों ने विधायक परिहार का किया स्वागत

नीमच। कोठी स्कूल मैदान की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 20 लाख की स्वीकृति मिलने पर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने विधायक सेवा केंद्र पहुंचकर विधायक दिलीप सिंह परिहार का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधाओं का विस्तार एवं युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। नीमच विधानसभा क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बाउंड्रीवाल निर्माण से कोठी स्कूल मैदान में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में जिला फुटबाल संघ अध्यक्ष विनोद शर्मा, सत्तार भाई ऑटो वाले, बंदू पहलवान, प्रमोद शर्मा, अनिल सुराह, हामिद पठान, शंकर कप्तान, मंडल अध्यक्ष दारासिंह यादव, पार्षद रामचंद्र धनगर, विजेंद्र सिंह बैंस, जतिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

–00–

टीईटी 2026: 4 सितंबर की डेडलाइन करीब, मंदसौर जिले के शिक्षकों में भी असमंजस की स्थिति

मंदसौर। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET 2026) की प्रक्रिया को लेकर नीमच की तरह मंदसौर जिले में भी प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के कार्यरत शिक्षकों के बीच गहरा असमंजस बना हुआ है। कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आवेदन की अंतिम तारीख 4 सितंबर तय की गई है, जबकि परीक्षा 12 अक्टूबर से शुरू होगी। इसके बावजूद विभागीय स्पष्टता न होने से शिक्षक आवेदन करने को लेकर दुविधा में हैं।
अंतिम तिथि और संशोधन: टीईटी 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 4 सितंबर है। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 9 सितंबर तक का समय दिया गया है।
पात्रता को लेकर स्थिति अस्पष्ट: जिले में कार्यरत सेवारत शिक्षकों में इस बात को लेकर भ्रम है कि परीक्षा किन्हें देना अनिवार्य है और किसे छूट मिलेगी। 1998 से 2004 के बीच नियुक्त शिक्षकों, 2005 के बाद वालों तथा पूर्व में पात्रता परीक्षा पास कर चुके शिक्षकों की स्थिति श्रेणीवार स्पष्ट करने की मांग उठ रही है।
विशेष टीईटी आयोजित करने की मांग: शिक्षक संगठनों का कहना है कि वर्ष 2005 एवं उसके बाद पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण माना जाए। शेष शिक्षकों के लिए विभाग विशेष टीईटी आयोजित कर आजीविका सुरक्षित करे।
परीक्षा का प्रारूप: प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में 150 प्रश्न (कुल 150 अंक) होंगे और समय अवधि 2 घंटे 30 मिनट रहेगी। इसमें गलत उत्तर के लिए कोई नकारात्मक अंकन (Negative Marking) नहीं रखा गया है।
शिक्षकों की मांग है कि आवेदन की समय-सीमा नजदीक होने के कारण स्कूल शिक्षा विभाग को तत्काल श्रेणीवार स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि शिक्षक तनावमुक्त होकर अपनी तैयारी कर सकें।
इनका कहना है-
वर्ष 2005 एवं उसके बाद पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षकों को टेट (टीईटी) उत्तीर्ण मानकर शेष शिक्षकों की विशेष टेट परीक्षा आयोजित कर शिक्षकों की आजीविका सुरक्षित करना चाहिए। विभाग ने सूची प्रकाशित कर स्पष्ट करना चाहिए कि किसे परीक्षा देना है। परीक्षा निःशुल्क हो, तैयारी हेतु शिक्षकों को शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखना चाहिए ताकि वे परीक्षा की तैयारी कर सके।
– रामचंद्र लोहार, प्रांतीय सह मीडिया प्रभारी मध्य प्रदेश शिक्षक संघ

–00–

हवन व भंडारे के साथ नौ दिवसीय पंडित श्री कृष्ण वल्लभ शास्त्री की श्री राम कथा का हुआ समापन

विधायक विपिन जैन हुए शामिल, कन्याओं को कराया भोजन एवं वितरित की महाप्रसादी
मंदसौर। श्री विश्व मंगल बालाजी मंदिर, नानेश नगर इंदिरा कॉलोनी में भागवत विचार संस्थान के तत्वावधान एवं श्री विश्व मंगल बालाजी भक्तों द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा का हवन, आरती एवं भंडारे के साथ भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिवस मालवा स्वामी भागवताभूषणाचार्य पंडित श्री कृष्ण वल्लभ शास्त्री (मालवा स्वामी) ने राम कथा के प्रसंगों में नवधा भक्ति एवं मोक्ष का वर्णन किया। उन्होंने माता शबरी की भक्ति का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि शबरी का वास्तविक नाम श्रमणा था। गुरु मतंग ऋषि के वचनों पर विश्वास रखते हुए उन्होंने वर्षों तक भगवान श्रीराम के आगमन की प्रतीक्षा की। भगवान श्रीराम ने शबरी के प्रेम और भक्ति को स्वीकार करते हुए उनके द्वारा प्रेम से अर्पित किए गए बेर ग्रहण किए। पंडित श्री शास्त्री ने बताया कि भगवान श्रीराम ने माता शबरी को भक्ति के नौ स्वरूपों का ज्ञान दिया, जिसे नवधा भक्ति कहा जाता है। प्रभु दर्शन एवं ज्ञान प्राप्त कर माता शबरी को मोक्ष की प्राप्ति हुई। कथा के दौरान मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवहु दशरथ अजिर बिहारी… राम सिया राम जय जय जय राम जैसे भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा समापन के पश्चात विधि-विधान से हवन एवं आरती संपन्न हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष उपस्थित रहे। मंदसौर विधायक विपिन जैन ने व्यासपीठ पर विराजमान पंडित श्री कृष्ण वल्लभ शास्त्री का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं कथा समापन के अंतिम दिवस पर सामाजिक कार्यक्रता राधेश्याम मारू, महेन्द्रसिंह पंवार द्वारा पंडित श्री शास्त्री का माल व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि राजेश फरक्या, विश्वास दुबे, पत्रकार सोनू गुप्ता, पंडित गणेश पुरोहित, मांगीलाल चौहान, बंटी शर्मा, दीपक शर्मा, जया शर्मा मनोज भवसार, हेमंत मेहरा, मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के समापन के बाद आयोजन समिति द्वारा महाप्रसादी एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विधायक विपिन जैन ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें महाप्रसादी वितरित की एवं धर्मलाभ लिया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति एवं श्री विश्व मंगल बालाजी भक्तों ने परम पवित्र श्रावण मास के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा में शामिल हुए सभी भक्तों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}