नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 21 अगस्त 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////////////////////////

अवैध खनिज परिवहन पर कलेक्टर की सख्ती, आठ प्रकरणों में 4.09 लाख रुपये से अधिक की शास्ति

नीमच, 20 अगस्त 2026। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं खनिजों के अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत आठ प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिकों पर कुल 4 लाख 9 हजार 414 रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आधार पर की गई।

जिला खनिज अधिकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 को तहसील जावद के ग्राम जावद नाका में जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक MP44AB7651 से खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन पाया गया। वाहन मालिक आकाश पति दिलीप नायक, निवासी सुवाखेड़ा, तहसील नीमच के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रॉयल्टी की 15 गुना राशि 2 हजार 700 रुपये तथा 10 हजार 714 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 13 हजार 414 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

इसी प्रकार 8 अगस्त 2026 को तहसील नीमच के ग्राम हिंगोरिया में जेसीबी क्रमांक RJ20EA0973 से मुरूम का अवैध उत्खनन पाए जाने पर वाहन मालिक सुरेन्द्रसिंह पिता गिरीराजसिंह जाट, निवासी पिपलिया बाग, तहसील मनासा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 32 हजार 250 रुपये तथा इतनी ही राशि पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में, कुल 64 हजार 500 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

21 जुलाई 2026 को तहसील नीमच के ग्राम सगराना में ट्रिगर क्रमांक 14901 से खनिज एम-सैंड का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक महिपाल पिता मनोहरसिंह चौहान, निवासी सगराना, तहसील नीमच के विरुद्ध कार्रवाई की गई। रॉयल्टी की 15 गुना राशि 31 हजार 500 रुपये तथा 31 हजार 500 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 63 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

29 जुलाई 2026 को तहसील नीमच के ग्राम बामनिया में डम्पर क्रमांक KL832050 से गिट्टी का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक चन्दरसिंह पिता गंगाराम खिंची, निवासी सिरखेड़ा, तहसील नीमच के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 10 हजार 800 रुपये तथा एक लाख रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 1 लाख 10 हजार 800 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

2 अगस्त 2026 को तहसील नीमच के ग्राम सावन में ट्रिगर क्रमांक 14899 से एम-सैंड का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक जगदीश पिता शिवलाल बंजारा, निवासी सावनकुण्ड, तहसील नीमच के विरुद्ध कार्रवाई की गई। रॉयल्टी की 15 गुना राशि 28 हजार 800 रुपये तथा इतनी ही राशि पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 57 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

14 अगस्त 2026 को तहसील नीमच के ग्राम भरभड़िया में ट्रैक्टर क्रमांक MP44AA5567 से खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक गोपाल पिता गोवर्धनलाल नायक, निवासी सुवाखेड़ा, तहसील जावद के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

11 अगस्त 2026 को तहसील रामपुरा के ग्राम जन्नौद में डम्पर क्रमांक MP44HA0775 से गिट्टी का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक ईश्वरलाल पिता रामप्रसाद, निवासी पिपल्या सिंघाड़िया, तहसील रामपुरा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। रॉयल्टी की 15 गुना राशि 5 हजार 400 रुपये तथा 37 हजार 500 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 42 हजार 900 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

इसी प्रकार 13 अगस्त 2026 को तहसील नीमच के ग्राम चैनपुरा में डम्पर क्रमांक MP44AA7543 से खण्डा पत्थर का परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक बलवंत पिता मोडीराम मीना, निवासी वार्ड क्रमांक 12, ग्राम खेरमालिया, तहसील नीमच के विरुद्ध कार्रवाई की गई। रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। शास्ति राशि जमा होने के बाद नियमानुसार जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के तहत भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

–00–

गंगाजल से होगा भोलेनाथ का अभिषेक, 24 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा

अमर ज्योति महादेव मंदिर से सुबह 9 बजे शुरू होगी यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पहुंचेगी भूतश्वर महादेव मंदिर, श्रद्धालु करेंगे पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक

नीमच। सावन के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में शहर एक बार फिर शिवमय होने जा रहा है। श्री भूतेश्वर महादेव गंगा जलाभिषेक समिति की ओर से 24 अगस्त, सोमवार को भव्य गंगाजल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में श्रद्धालु कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर चलेंगे और भूतश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करेंगे।
यात्रा की शुरुआत सुबह 9 बजे श्री अमर ज्योति महादेव मंदिर (रोडवेज बस स्टैंड) से होगी। इसके बाद कांवड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री भूतश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद प्रसादी (भंडारा) के साथ यात्रा का समापन होगा।
कांवड़ में गंगाजल लेकर चलेंगे श्रद्धालु-
आयोजन समिति के अनुसार यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति से जोड़ना और पवित्र गंगाजल से महादेव का अभिषेक करना है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कांवड़ यात्रा को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन संयोजक की भूमिका में रहेंगे। आयोजन श्री भूतेश्वर महादेव गंगा जलाभिषेक समिति द्वारा किया जा रहा है, जबकि अन्नपूर्णा सेवा न्यास सहयोगी संस्था है। समिति के अध्यक्ष श्रीराम मोडबोले और सचिव प्रकाश मंडवारिया हैं।
शहर में भक्ति का माहौल-
यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारों के साथ कांवड़ लेकर चलेंगे। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली यात्रा के चलते रास्ते में धार्मिक वातावरण बनेगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भूतश्वर महादेव का गंगाजल से अभिषेक करने का आह्वान किया है। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ निकलने वाली यह यात्रा सावन के समापन अवसर पर शहर में आस्था और भक्ति का विशेष रंग बिखेरेगी।

–00—

संत रविदास जयंती पर समरसता का संदेश लेकर निकली कलश रथयात्रा

जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रथयात्रा का शुभारंभ, जिले के लगभग 282 ग्रामों में पहुंचेगा संदेश

नीमच, 20 अगस्त 2026। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदासजी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के समन्वय से आयोजित ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथयात्रा’ का गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर से शुभारंभ हुआ।

विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध (माधव) मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिंह चौहान, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के भ्रमण के लिए रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं संत रविदासजी के अनुयायियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रथयात्रा के शुभारंभ अवसर पर उपस्थितजनों ने संत शिरोमणि श्री रविदासजी के जयकारे लगाए। जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थितजनों ने पवित्र कलश एवं संत रविदासजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा संतों का पुष्पहार एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।

कलश रथयात्रा जिले के लगभग 282 ग्रामों का भ्रमण करेगी और संत रविदासजी के समरसता, सामाजिक सद्भाव एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। रथयात्रा का जिले में भ्रमण पूर्ण होने के बाद 10 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय नीमच में प्रवेश होगा तथा इसी दिन इसका समापन होगा।

इस अवसर पर श्री हेमंत हरित, श्री महेंद्र भटनागर, श्री धनसिंह कैथवास, श्री रतनलाल मालावत, श्री रवि गोयल, श्रीमती किरण शर्मा, श्रीमती हेमलता धाकड़ सहित बड़ी संख्या में संत रविदासजी के अनुयायी, गणमान्य नागरिक तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

युवा संगम में 467 युवाओं का रोजगार के लिए हुआ प्रारंभिक चयन

रोजगार मेले में 788 युवाओं ने लिया भाग,12 का अप्रेंटिसशिप हेतु चयन

नीमच, 20 अगस्त 2026। जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, नीमच द्वारा आज टाउन हॉल, दशहरा मैदान में जिला स्तरीय युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के लिए 1458 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जबकि रोजगार मेले में 788 युवा उपस्थित हुए। विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में 467 युवाओं का रोजगार के लिए प्रारंभिक चयन, 12 युवाओं का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन किया गया तथा 5 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में विधायक नीमच श्री दिलीपसिंह परिहार, विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव उपस्थित रहे।

युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी

युवा संगम का उद्देश्य जिले के युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाओं की जानकारी युवाओं को दी गई।

विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता, काम छोटे से ही बड़ा होता है। उन्होंने युवाओं से उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार को महत्वपूर्ण बताया। विधायक श्री अनिरुद्ध मारू ने भी युवाओं को रोजगार एवं औद्योगिक कौशल के अनुरूप प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण पर जोर

कार्यक्रम में युवाओं के कौशल विकास को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक महाविद्यालयों में कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण एवं पाठ्यक्रम तैयार होने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं को मिल रहा संबल

युवा संगम में रोजगार के साथ स्वरोजगार के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इससे युवाओं एवं हितग्राहियों को स्वयं का रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

10 कंपनियों ने युवाओं को उपलब्ध कराए रोजगार के अवसर

रोजगार मेले में 10 कंपनियों ने सहभागिता की। इनमें एमआरएफ टायर, अल्ट्राटेक सीमेंट, अजंली विलामार, एमएसएस सोलरपावर, मालवा पॉलीटेक्निक्स, एचडीबी फाइनेंस, एलएंडटी, सोना साईलेंस, राजराजा इंडिया एवं इलेक्टिक शामिल रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा युवाओं की चयन प्रक्रिया संपन्न की गई।

कार्यक्रम में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से संबंधित योजनाओं एवं अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित युवाओं को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित रोजगार, स्वरोजगार एवं बीमा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

युवा संगम ने जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने, कौशल को अवसर में बदलने और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया। कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता और रोजगार मेले में हुए चयन से जिले में युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को गति मिली।

–00–

हरिद्वार-ऋषिकेश की तीर्थ यात्रा पर जाएंगे नीमच के 156 वरिष्ठ नागरिक आवेदन की अंतिम तिथि 9 सितंबर

नीमच, 20 अगस्त 2026, मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत नीमच जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों (महिलाओं के लिए 58 वर्ष) के लिए हरिद्वार-ऋषिकेश तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 16 सितंबर 2026 से प्रारंभ होकर 19 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी। यात्रा के लिए नीमच जिले से प्राप्त आवेदनों में से 156 यात्रियों का चयन किया जाएगा। निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर यात्रियों का चयन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

9 सितंबर तक जमा कर सकेंगे आवेदन

तीर्थ यात्रा के लिए इच्छुक पात्र आवेदक 9 सितंबर 2026 तक अपने आवेदन निकटतम तहसील, स्थानीय निकाय अथवा जनपद कार्यालय में जमा कर सकते हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों को अपने साथ मूल आधार कार्ड अथवा वोटर कार्ड तथा दो फोटो अनिवार्य रूप से रखना होगा।

विशेष ट्रेन से होगी यात्रा

तीर्थ यात्रियों को विशेष ट्रेन द्वारा प्रस्थान स्टेशन से तीर्थ यात्रा के निर्धारित स्टेशन तक लाया एवं वापस उसी स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा के दौरान यात्रियों के भोजन, नाश्ता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। यात्रियों के ठहरने, तीर्थ स्थलों के दर्शन तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए भारत सरकार के उपक्रम आइआरसीटीसी द्वारा निर्धारित पैकेज के अनुसार व्यवस्थाएं की जाएंगी।

यात्रियों से अपेक्षा की गई है कि वे मौसम के अनुरूप वस्त्र, ऊनी वस्त्र, व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री, कंबल, चादर, तौलिया, साबुन, कंघा, आवश्यक दवाइयां एवं दाढ़ी बनाने का सामान आदि साथ लेकर आएं।

पात्र वरिष्ठ नागरिक मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत निर्धारित अवधि में अपना आवेदन संबंधित तहसील, स्थानीय निकाय अथवा जनपद कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

–00–

आपात स्थिति में जीवन बचाने के लिए सीपीआर एवं फर्स्ट एड का प्रशिक्षण जरूरी : कलेक्टर हिमांशु चंद्रा

नीमच, 20 अगस्त 2026, कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रशासक श्री अमन वैष्णव एवं सहायक प्रशासक श्री अरविंद डामोर के निर्देशन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा 19 अगस्त को सीपीआर एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कनावटी स्थित होटल सनराइज ग्रांट में आयोजित प्रशिक्षण में जिले की 113 औद्योगिक एवं अन्य इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आपात स्थिति में जीवन बचाने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण में हृदय रोग विशेषज्ञ एवं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ.बी.एल.जड़िया ने प्रतिभागियों को सीपीआर एवं फर्स्ट एड की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने डमी के माध्यम से सीपीआर देने की सही प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए बताया कि आपात स्थिति में किस प्रकार तत्काल और प्रभावी प्राथमिक सहायता प्रदान की जा सकती है। विभिन्न संस्थानों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से भी सीपीआर की तकनीक का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने भी प्रशिक्षण में सहभागिता करते हुए सीपीआर की तकनीक सीखी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि सीपीआर एवं फर्स्ट एड की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी है। आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में सही तरीके से दी गई प्राथमिक सहायता और सीपीआर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि सीपीआर एवं फर्स्ट एड का प्रशिक्षण केवल संस्थानों और कार्यस्थलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षित कर कुशल सीपीआर देने वालों की संख्या बढ़ाने तथा नियमित रूप से प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि आम नागरिक भी आपात परिस्थितियों में प्रभावी प्राथमिक सहायता प्रदान कर सकें।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ.स्वप्निल वाधवा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, होटल व्यवसायियों, होमगार्ड एवं अन्य संस्थानों के प्रतिनिधियों को फर्स्ट एड एवं सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम शाम 3 से 5 बजे तक आयोजित किया गया।

–00–

दिव्यांग बच्चों के लिए स्थापित मिनी जिम एवं थैरेपी सेंटर का कलेक्टर ने किया शुभारंभ

जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र के उन्नयन एवं सुविधाओं के विस्तार को मिलेगी गति

नीमच, 20 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के लिए सीएसआर के माध्यम से स्थापित नए मिनी जिम एवं थैरेपी सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र में उपस्थित दिव्यांग बच्चों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा केंद्र को और अधिक उपयोगी एवं सुविधायुक्त बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बेहतर पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें नए कौशल प्रदान करना आवश्यक है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी केंद्र में आवश्यकतानुसार और बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मिनी जिम एवं थैरेपी सेंटर के शुभारंभ के बाद कलेक्टर ने जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र तथा रेडक्रॉस सोसायटी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन कक्षों सहित केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सिलाई प्रशिक्षण के लिए स्थापित सिलाई मशीनों का अवलोकन किया तथा बच्चियों द्वारा सीखे जा रहे सिलाई कार्य और उनके कौशल को देखा। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कौशल विकास की गतिविधियों को और प्रभावी एवं अन्य नए कौशलों का प्रशिक्षण देने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए बरसात के कारण होने वाले सीपेज को रोकने के लिए छत की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात के बाद भवन के बाहरी हिस्से में पेंटिंग कराने तथा कमरों में तीन दिन के भीतर पेंटिंग कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही फ्लोरिंग का कार्य भी जल्द शुरू कराने को कहा।

उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और सामग्री के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि दिव्यांगजनों एवं बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि दिव्यांगजनों को केवल पुनर्वास सुविधाएं ही नहीं, बल्कि शिक्षा, प्रशिक्षण एवं रोजगार से जुड़े ऐसे अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं, जिनसे वे अपनी क्षमताओं का विकास कर आत्मनिर्भर बन सकें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अरविंद डामोर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल, रेडक्रॉस सोसायटी सचिव श्री स्वप्निल वाधवा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा।

–00–

फिजियोथैरेपी सेंटर की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा

नागरिकों को मात्र 100 रुपये में मिल रही गुणवत्तापूर्ण फिजियोथैरेपी सुविधा

नीमच, 20 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय परिसर में संचालित फिजियोथैरेपी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में उपलब्ध फिजियोथैरेपी मशीनों, उपकरणों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. तनु कोठारी ने बताया कि सेंटर में विभिन्न प्रकार की फिजियोथैरेपी संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हैं। आधुनिक तकनीक एवं आवश्यक उपकरणों के माध्यम से मरीजों को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सेंटर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होता है।

उन्होंने बताया कि सेंटर में फिजियोथैरेपी की सुविधा मात्र 100 रुपये शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे नागरिकों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ मिल रहा है। सेंटर में आवश्यक मशीनें एवं संसाधन उपलब्ध हैं तथा आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए मरीजों को व्यवस्थित एवं प्रभावी उपचार सुविधा प्रदान की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अरविंद डामोर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल, फिजियोथैरेपी सेंटर एवं रेड क्रॉस सोसाइटी का स्टाफ सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}