मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 20 अगस्त 2026 गुरुवार

*************************************

कलेक्टर की अनुशंसा पर आयुक्त ने शिक्षक को किया निलंबित

नीमच, 19 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर आयुक्त, उज्जैन संभाग श्री आशीष सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जावद के उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री सुनील कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जारी निलंबन आदेश के अनुसार, कलेक्टर जिला नीमच के कार्यालयीन पत्र दिनांक 18 अगस्त 2026 से प्रतिवेदित किया गया था कि श्री चौधरी द्वारा विद्यालयीन छात्रा के साथ रात्रि 8.30 बजे के पश्चात आपत्तिजनक मोबाइल चैट किए जाने के साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। संबंधित शिकायत की प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी, नीमच द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव आयुक्त, उज्जैन संभाग को भेजा गया था। आदेश में यह भी उल्लेखित है कि संबंधित शिक्षक के विरुद्ध पूर्व में भी वर्ष 2024 में इसी प्रकार की घटना के संबंध में कार्रवाई की गई थी।

आयुक्त श्री आशीष सिंह ने प्रकरण को गंभीर कदाचार की श्रेणी का मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्री सुनील कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।

निलंबन अवधि में श्री चौधरी का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, जिला नीमच निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।

–00—

निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 56 रोगियों को मिला स्वास्थ्य लाभ

नीमच, 19 अगस्त 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेद औषधालय कुंडला द्वारा बुधवार को आंगनवाड़ी केंद्र, ग्राम कुंडला में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 56 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।

शिविर में वातव्याधि, संधिवात, त्वचा रोग, ज्वर, श्वास एवं कास, प्रतिश्याय, उदर रोग, अतिसार, शिरशूल, स्त्री रोग, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त एवं अजीर्ण सहित विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार किया गया।

चिकित्सा शिविर के दौरान ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के साथ संतुलित दिनचर्या अपनाने, तनाव प्रबंधन, नशामुक्ति तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों एवं आयुर्वेद आधारित जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

शिविर में आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. बबीता जमरा, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सोनिया मालवीय एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वंदना शर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों ने निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, जांच एवं औषधि वितरण की सुविधा का लाभ लिया।

–00–

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आज

नीमच, 19 अगस्त 2026। आगामी धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में 20 अगस्त, गुरुवार को शाम 4.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागृह, नीमच में आयोजित होगी।

बैठक में आगामी मिलाद-उन-नबी, रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, दशहरा, दीपावली एवं क्रिसमस सहित विभिन्न पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

जिला प्रशासन ने शांति समिति सदस्यों, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।

–00–

एग्रीस्टैक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर तक

फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 50 प्रतिशत, 2 लाख 34 हजार से अधिक भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण

अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने दिए निर्देश

नीमच, 19 अगस्त 2026। रबी वर्ष 2026-27 में किसानों को आवश्यक उर्वरक समय पर उपलब्ध कराने, उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में एग्रीस्टैक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा।

अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अभियान के दौरान जिले के प्रत्येक पात्र किसान तक शासन की योजनाओं एवं कृषि संबंधी सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है अथवा जिनके सभी भूमि खाते फार्मर आईडी में शामिल नहीं हैं, उनका चिन्हांकन कर शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराई जाए।

अभियान के अंतर्गत पैक्स स्तर पर नवीन सदस्यों को जोड़ने, किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने, अग्रिम उर्वरक उठाव कराने तथा ई-विकास प्रणाली में टोकन जनरेशन एवं पोर्टल की अन्य सुविधाओं का लाभ किसानों को दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा पैक्स स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिले में 2.34 लाख भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण

नीमच जिले में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से किया जा रहा है। 19 अगस्त 2026 की स्थिति में जिले के कुल 4,67,097 भूमि स्वामियों में से 2,34,147 भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है। इस प्रकार जिले में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 50 प्रतिशत है। अभी 2,32,950 भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री शेष है।

तहसीलवार स्थिति के अनुसार रामपुरा में 19,450, मनासा में 63,023, जावद में 43,330, नीमच में 39,377, जीरन में 27,048, सिंगोली में 34,566 तथा नीमच नगर में 6,753 भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है।

किसानों के लिए महत्वपूर्ण है फार्मर आईडी

फार्मर आईडी किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से फसल उपार्जन, उर्वरक प्राप्ति, अनुदान, फसल बीमा, फसल प्रदर्शन, कृषि यंत्रों पर अनुदान सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं किसान हितैषी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किसानों को फार्मर आईडी, ई-केवाईसी, किसान क्रेडिट कार्ड, अग्रिम उर्वरक उठाव सहित अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए समन्वित रूप से कार्य किया जाए। उन्होंने अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

–00–

श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथयात्रा का शुभारंभ आज

नीमच, 19 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदासजी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन के समन्वय से जिले में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथयात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में आयोजित यह अभियान आज 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक चलेगा।

कलश रथयात्रा का शुभारंभ 20 अगस्त को प्रातः 10.30 बजे कलेक्टोरेट परिसर, नीमच में संतगण, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों एवं अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा।

कलश रथयात्रा जिले के लगभग 282 ग्रामों का भ्रमण करते हुए विभिन्न ग्रामों में समरसता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश देगी। यात्रा का समापन 10 सितंबर 2026 को नीमच शहर में प्रवेश के साथ होगा।

अभियान के दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदासजी के समरसता, सामाजिक सद्भाव एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक समरसता के संकल्प को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कलश रथयात्रा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए हैं।

=========

मलेरिया की रोकथाम के लिए प्रभावित ग्रामों में कीटनाशक दवा का छिड़काव शुरू

नीमच, 19 अगस्त 2026। राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए मलेरिया प्रभावित ग्रामों में मच्छररोधी कीटनाशक दवा के छिड़काव का कार्य प्रारंभ किया गया है। पूर्व वर्ष के मलेरिया एपिडेमियोलॉजिकल डाटा के आधार पर एक एपीआई से अधिक वाले चिन्हित ग्रामों में अल्फासाइपरमेथ्रिन 5 प्रतिशत कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जा रहा है।

प्रथम चरण में 18 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक मनासा एवं जावद विकासखंड के चिन्हित ग्रामों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जाएगा। मनासा विकासखंड के 8 ग्राम नरवाली, गोपालपुरा, बिलवास, बस्सी ब्लॉक, रालवीकुड़ी, पिपल्दा, मालखेड़ा एवं बरखेड़ी तथा जावद विकासखंड के चिन्हित ग्रामों में छिड़काव किया जा रहा है।

मलेरिया की रोकथाम के लिए इन ग्रामों में लगभग ढाई माह बाद द्वितीय चरण में 2 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक पुनः कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने ग्रामवासियों से अपील की है कि मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उनके घरों में मच्छररोधी कीटनाशक दवा का छिड़काव अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि मलेरिया से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने दें तथा मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामवासियों से अपील की गई है कि कीटनाशक दवा के छिड़काव के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि मलेरिया के संक्रमण की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

–00–

सर्प-दंश से बचाव के लिए जिले में व्यापक जागरूकता और त्वरित उपचार व्यवस्था के निर्देश

नीमच, 19 अगस्त 2026। वर्षा ऋतु में सर्पों के अधिक सक्रिय होने से सर्प-दंश की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। जनहानि की रोकथाम के लिए जिले में पंचायत एवं शहरी वार्ड स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सर्प-दंश की स्थिति में त्वरित उपचार की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण,गृह विभाग के निर्देशों के तहत पंचायत एवं वार्ड स्तर पर समाचार पत्रों, सामाजिक माध्यमों, आकाशवाणी तथा अन्य प्रचार माध्यमों से सर्प-दंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी दी जाएगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा पंचायत सदस्यों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले में प्रशिक्षित स्नेक कैचर एवं सर्प मित्रों की सूची तैयार कर उनकी सेवाएं पंचायत एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने तथा सहायता नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश हैं।

सभी शासकीय चिकित्सालयों में सर्प-दंश उपचार के लिए आवश्यक दवाओं, उपकरणों एवं एंटी स्नेक वेनम दवा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।स्नेक कैचर एवं सर्प मित्रों को सर्प बचाव सामग्री और प्राथमिक उपचार सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

सर्प-दंश की रोकथाम के लिए घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, घास-फूस एवं कचरा जमा नहीं होने देने, खेतों एवं जंगलों में कार्य करते समय जूते-मोजे पहनने तथा रात में टॉर्च अथवा पर्याप्त रोशनी का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पशु बाड़ों एवं चरागाहों में भी रात के समय रोशनी रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने पर जोर दिया गया है। पर्यटन स्थलों पर सर्पों से संबंधित चेतावनी एवं पहचान संबंधी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सर्प-दंश की घटनाओं को जिला आपदा प्रबंधन योजना में स्थानीय आपदा के रूप में शामिल कर पूर्व घटनाओं के आधार पर जोखिम आकलन, संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करने तथा मानक कार्यप्रणाली तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। घटनाओं का आंकड़ा संकलित कर भौगोलिक सूचना तंत्र आधारित मानचित्र भी तैयार किया जाएगा।

सर्प-दंश होने पर घबराएं नहीं, पीड़ित को कम से कम हिलाएं-डुलाएं और तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं। सर्प को पकड़ने या मारने का प्रयास न करें तथा घाव को काटने, चूसने, बर्फ लगाने, बांधने या किसी घरेलू उपचार का प्रयोग करने से बचें। समय पर चिकित्सा सहायता प्राप्त करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

–00–

नीमच में आयोजित होगा ‘युवा संगम’ कार्यक्रम आज

स्थानीय एवं प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसरों के लिए करेंगी चयन

नीमच 19 अगस्‍त 2026, जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में आज 20 अगस्त 2026, गुरूवार को प्रातः11 बजे से दोपहर 3 बजे तक टाउन हॉल, दशहरा मैदान, नीमच में ‘युवा संगम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिले की स्थानीय एवं जिले के बाहर की प्रतिष्ठित कंपनियों तथा उद्योग एवं व्यापारिक संस्थाओं द्वारा सहभागिता की जाएगी। इन कंपनियों एवं संस्थाओं द्वारा विभिन्न पदों के लिए योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा। साथ ही युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, उद्योग स्थापना, शासकीय योजनाओं एवं कौशल विकास संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

‘युवा संगम’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित कराना है।

जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अपील की गई है, कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर रोजगार एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।

–00–

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 24 अगस्त को

नीमच, 19 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 24 अगस्त 2026 को दोपहर 3:30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में आयोजित होगी। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में पूर्व जिला स्वास्थ्य समिति बैठक के पालन प्रतिवेदन,प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान,जननी सुरक्षा योजना भुगतान, राष्ट्रीय शिशु एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम,मातृ एवं बाल स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों, पोषण पुनर्वास केंद्र,आयुष्मान भारत,राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम,क्षय एवं मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन एवं अंधत्व निवारण कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही दस्तक अभियान की भी समीक्षा प्रस्तावित है।

बैठक में संबंधित जिला अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्धारित एजेंडा अनुसार आवश्यक जानकारी एवं प्रगति विवरण के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

–00–

भागवत कथा व कलश यात्रा में भागीदारी के लिए विप्र सेना महिला विंग दे रही घर-घर दस्तक- संगीता शर्मा

नीमच। स्थानीय पंचवटी कालोनी स्थित बड़़े वाले परशुराम धाम पर 1 सितंबर से आयोजित होने वाली भागवत कथा व कलश यात्रा के प्रति महिलाओं में जबर्दस्त उत्साह का माहौल है। नीमच के इतिहास में पहली बार किसी महिला संगठन द्वारा आयोजित किए जा रहे इस धार्मिक आयोजन को महिला संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। विप्र सेना महिला विंग की समस्त पदाधिकारी कार्यक्रम की सफलता के लिए घर-घर दस्तक देकर धर्मालुजन को आमंत्रण दे रही है।
भागवत कथा आयोजन समिति प्रमुख संगीता शर्मा व विप्र सेना महिला विंग जिलाध्यक्ष निधि शर्मा ने बताया कि सनातन संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने व धर्म के प्रति लोगों को जागरूक करने के मकसद से यह आयोजन किया जा रहा है। सर्व धर्म समभाव की भावना से ओतप्रोत ये धार्मिक आयोजन रहेगा। इसमें समस्त सनातन धर्मावलंबी शामिल होंगे।
1 सितंबर को कलश यात्रा- संगीता शर्मा व निधि शर्मा ने बातया कि अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संत स्वामी रामभद्राचार्य जी के शिष्य व बागेश्वर धाम वाले धीरेन्द्र शास्त्री जी के गुरूभाई पंडित राहित जी नागर के मुखारविंद से भागवत कथा होगी। 1 से 7 सिंतबर तक चलने वाली भागवत कथा के पहले दिन 1 सितंबर को प्रात: 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
कथा में खुलेगा पर्चा-
विप्र सेना महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष अपेक्षा शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक बड़े वाले परशुराम धाम पंवचटी कालोनी स्थित प्रांंगण में कथा के दौरान ही श्री नागर जी जिज्ञासुओं का पर्चा खोलकर उनकी समस्याओं व दुख:दर्दो का मौके पर निराकरण भी करेंगे।

–00–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}