नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 18 अगस्त 2026 मंगलवार

////////////////////////////////////////

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर साहित्य परिषद की गोष्ठी सम्पन्न


नीमच | अखिल भारतीय साहित्य परिषद जिला नीमच द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित कवि एवं विचार गोष्ठी का प्रारंभ राधेश्याम शर्मा की कविता से हुआ | उन्होंने सहादत हसन मंटो की कहानी टोबा टेकसिंह , खुशवंतसिंह के उपन्यास पंजाब मेल , अमृता प्रीतम के उपन्यास पिंजर का उल्लेख करते हुए विभाजन के शिकार हुए लोगों की वेदना और दर्द को उकेरा| गोष्ठी के प्रारंभ में संस्था अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने सभी उपस्थित व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि विभाजन के समय एक ओर देश स्वतंत्रता की खुशियां मना रहा था वहीं लाखों लोग विभाजन का दंश झेलते हुए दुखी होकर रो रहे थे | सड़कें और रेलगाड़ियां लाशों से पटी पड़ी थी | इस विभीषिका के परिणाम हम आज तक भोग रहे हैं | महिपालसिंह चौहान ने अपनी कविता में कहा कि स्वतंत्रता की जंग लड़ने वालों की शहादत को तो याद किया जाता है, लेकिन विभाजन के कारण अपनी जान गँवाने वालों को कोई नहीं पूछता | जिन्हे सत्ता चाहिए थी उन्होंने सत्ता के लिए बटवारे को मंजूर कर लिया | आशीष सोनी का विचार था कि विभाजन का दर्द झेलकर हम आजाद हुए हैं | इसलिए हमें नई पीढ़ी को इस बात के लिए शिक्षित करना होगा कि वह अब ऐसे किसी कार्य में साथ न दे जिससे कोई नया विभाजन हो | अजय जिंदल का कहना था कि विभाजन की कड़वी यादों को स्मरण रखते हुए हमें ऐसा भारत बनाना है जहां फिर कोई विभाजन के बीज न बो सके |उस समय की राजनीतिक महत्वाकांक्षा का दंड आम जनता ने भुगता और लाखों लोगों को अपनी इच्छा के विरुद्ध विस्थापित होना पड़ा | इस दिवस का सबक यही है कि अब मानवता को किसी कि सत्ता की महत्वाकांक्षा की बलि न चढ़ना पड़े | अनील डबकरा ने फ़्रीडम एट मिडनाइट पुस्तक का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी पर बहुत लिखा गया है | विभाजन धार्मिक कट्टरता तथा अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीतियों का परिणाम था | कवि धर्मेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारत विभाजन की पृष्ठभूमि तो उसी दिन तैयार हो गई थी जब बंगाल में 1946 में डाइरेक्ट एक्शन की हैवानियत में हिंदुओं का कत्लेआम हुआ था | अंग्रेजों ने तो भारत को असंख्य टुकड़ों में बांटने का षड्यन्त्र रचा था परंतु सरदार पटेल की दूरदर्शिता ने ऐसा होने नही दिया | उन्होंने अपनी कविता की पंक्तियों में कहा- जीत गई जिन्ना की जिद, नेहरू भी मन ही मन हर्षाये |मजहब की लकीर यूं खीची कि हम आज तक उबर नहीं पाए | 14 अगस्त कैसे भूलें थी खून से लथपथ धरती /जो सत्ता सुख में डूब गए धिक्कार उन्हे ,जो बलिदान हुए नमन उन्हे करता हूँ | श्रीमती रेणुका व्यास ने अपनी कविता के माध्यम से वन्दे मातरम के गौरव गान को याद किया और उसे नव जागरण का मंत्र बताया | परिषद के महासचिव अंबिका प्रसाद जोशी ने अपने समापन वक्तव्य में कहा कि यह अतीत को स्मरण करने और भविष्य के लिए सीखने का अवसर है | हम विभाजन की पीड़ा को याद रखें और इससे सीखें कि यह बीमारी अब न पनपे |साथ ही उन्होंने सभी उपस्थित श्रोताओं और अन्नपूर्णा सेवा न्यास के प्रति आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया | इस अवसर पर अन्नपूर्णा सेवा न्यास के अध्यक्ष श्रीराम गोडबोले ,सचिव प्रकाश मंडवारिया ,संयोजक राकेश पप्पू जैन , दिनेश शर्मा ,राजमल व्यास , अभिषेक कोठारी, श्रीमती जयश्री चौबे , कैलाश बाहेती ,हरीश उपाध्याय ,लोकेन्द्र बैन्स ,शंभूलाल बम ,प्रकाश भट्ट आदि उपस्थित थे |

==========

विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों के भवनों के उन्नयन का चलेगा विशेष अभियान

बच्चों के लिए सुरक्षित और बेहतर वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता- कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले में विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे भवन, जहां छतों से पानी का रिसाव हो रहा है अथवा भवन जर्जर स्थिति में हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन कर आवश्यक मरम्मत एवं उन्नयन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के ऐसे सभी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों का चिन्हांकन कर उनकी स्थिति का आकलन किया जाए और आवश्यकतानुसार मरम्मत, छत सुधार, रंगाई-पुताई सहित अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएं।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का चिन्हांकन, कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि ऐसे विद्यालय भवन, जो वर्तमान में रिक्त हैं अथवा जिनमें कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा है, उनका उपयोग सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता एवं उपलब्धता के आधार पर ऐसे भवनों को आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इन केंद्रों में आवश्यक रंगाई-पुताई, मरम्मत तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए सुरक्षित,स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण के साथ आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होना चाहिए, जिससे प्रारंभिक बाल्यावस्था में बच्चों के समुचित विकास एवं सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के उन्नयन के लिए जिले में उपलब्ध शासन द्वारा प्रदत्त राशि,शिक्षा उपकर राशि तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकाय क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों के साथ सीएसआर मद का भी नियमानुसार एवं प्रभावी उपयोग किया जाएगा।

बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर एवं पीओ डूडा श्रीमती मयूरी जोक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी,महिला एवं बाल विकास अधिकारी,जिला शिक्षा अधिकारी,जिला परियोजना समन्वयक,सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

==========

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक संपन्न

कलेक्टर ने जल स्रोतों की निगरानी और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

नीमच, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में पेयजल उपलब्धता, जल स्रोतों, जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की प्रगति तथा जलापूर्ति व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने जिले में संचालित सभी उद्योगों एवं औद्योगिक इकाइयों में जल स्रोतों की उपलब्धता तथा पानी के उपयोग की स्थिति की जांच के निर्देश महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उद्योग में उपयोग किए जा रहे पानी का स्रोत क्या है, पानी कहां से लाया जा रहा है तथा किस स्रोत का उपयोग किया जा रहा है, इसकी जानकारी सहित सूची तैयार की जाए। उन्होंने सभी उद्योगों का निरीक्षण कर 15 दिवस में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एफएलए ग्राम योजनाओं वाले ग्राम पंचायतों में संबंधित अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों से समन्वय कर जलकर की राशि वसूल की जाए तथा ग्राम पंचायतों में लंबित जलकर संबंधी कार्यों में सुधार किया जाए। मध्यप्रदेश राजपत्र के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायतों में पुनः जलकर निर्धारण की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि जिले के सभी जल स्रोतों में क्लोरीनेशन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

जल निगम के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गंगाबावड़ी समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत जलकर वसूली की ग्राम पंचायतवार मॉनिटरिंग करने तथा जल निगम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों की कार्यशाला आयोजित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को जिला स्तरीय कार्यक्रम कर सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों को जलापूर्ति व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और आवश्यक कार्यों में सक्रिय समन्वय के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश जल निगम को दिए। उन्होंने आगामी एक माह में स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में अधिक से अधिक नल कनेक्शन पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं के लिए संस्थागत स्तर पर सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

बैठक में जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से एवं यथाशीघ्र संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल से संबंधित शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करें।

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, जल स्रोतों की निगरानी, जलकर वसूली, संस्थागत नल कनेक्शन तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री दीपेश वास्पत, महाप्रबंधक जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई नीमच श्री धीरेन्द्र कुमार बिजोरिया सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

======

अटल गौरव समारोह में गूंजा राष्ट्र प्रथम का संकल्प

निंबाहेड़ा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में अटल जी की प्रतिमा का अनावरण
नीमच। निंबाहेड़ा में आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा विशाल जनसभा आयोजित हुई।
कार्यक्रम में नीमच जिले के तीनों विधायक दिलीप सिंह परिहार (नीमच), ओमप्रकाश सकलेचा (जावद) एवं अनिरुद्ध माधव मारू (मनासा) ने केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह जी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह में राजस्थान के विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किए गए। इस दौरान अटल जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान, उनके आदर्शों एवं ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

==========

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतकर्ता से स्वयं बात कर जानी समस्या

दो दिवस में संतुष्टिपूर्वक निराकरण के निर्देश

नीमच, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने समय-सीमा से अधिक अवधि से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान ग्राम पिपलिया रावजी, विकासखंड मनासा निवासी शिकायतकर्ता श्री गोपाल रेगर से दूरभाष पर चर्चा कर समस्या की जानकारी ली। श्री रेगर ने बताया कि नल-जल योजना के तहत उनके घर पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है तथा शिकायत दर्ज कराने के बाद भी संबंधित अधिकारी द्वारा संपर्क नहीं किया गया।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने शिकायत 70 दिवस से अधिक समय से लंबित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी को दो दिवस में शिकायत का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक समाधान कर शिकायतकर्ता को इसकी सूचना भी दी जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता से समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

========

जिला न्यायालय नीमच में ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ का हुआ सफल आयोजन

नीमच, 17 अगस्त 2026। माननीय उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश, जबलपुर के निर्देशानुसार कर्मचारियों के स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण एवं सर्वांगीण कल्याण के उद्देश्य से जिला न्यायालय नीमच में 15 अगस्त 2026 को ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े सभी घटकों के मध्य आपसी सौहार्द, टीम भावना, सकारात्मक कार्य वातावरण एवं संस्थागत सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत तथा न्यायिक कर्मचारीगण श्री दशरथ आर्य एवं श्री मुकेश राठौर द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, कर्मचारीगण, अधिवक्तागण तथा उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नृत्य, सुगम गायन, नाट्य प्रस्तुति, रंगोली एवं चित्रकला सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही 100 मीटर दौड़, नींबू-चम्मच रेस, कपल गेम्स, बॉल थ्रो सहित बच्चों एवं बड़ों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं खेलकूद स्पर्धाएं हुईं।

जिला मुख्यालय नीमच के साथ मनासा, जावद एवं रामपुरा के न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता एवं उनके परिजन भी आयोजन में शामिल हुए। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने न्यायपालिका परिवार में उत्साह, सहभागिता एवं पारिवारिक सौहार्द को और मजबूत किया।

========

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत झांतला में 21 अगस्त को शिविर

जावद विकासखंड की पंचायतों में पहुंचेगा जिला प्रशासन

नीमच 17 अगस्‍त 2026, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा शासन एवं प्रशासन को आमजन के और करीब लाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।

इसी क्रम में 21 अगस्त 2026, शुक्रवार को जावद विकासखंड की ग्राम पंचायत झांतला में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान झांतला सेक्टर की ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सुना जाएगा। पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी।

आयोजित शिविर में झांतला सेक्टर के अंतर्गत झांतला, शहनातलाई, रेतपुर, राजपुरा झंवर, महुपुरापुरण, डाबड़ा कला, बाणदा, उमर, काकरिया तलाई, बोरदिया, किशनपुरा एवं पलासिया ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।

जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना, जनसमस्याओं का मौके पर अथवा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की जन-केंद्रित शासन व्यवस्था में सरकार का प्रयास है, कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन-प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी बात सुने और समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करे।

============

पंख अभियान से मिली नई उड़ान, संत रविदास स्वरोजगार योजना से आत्मनिर्भर बने नीरज

नीमच, 17 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन द्वारा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पंख अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा पात्र युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नीमच जिले में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में बाछड़ा समुदाय के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जा रही है।

इसी क्रम में मनासा विकासखंड के ग्राम तलाऊ निवासी श्री नीरज पिता श्री कमल को मध्यप्रदेश शासन की संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत 3 लाख 75 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। यह ऋण राशि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कुकड़ेश्वर द्वारा प्रदान की गई है।

स्वरोजगार से मिली आर्थिक मजबूती

नीरज ने प्राप्त ऋण राशि से सेंट्रिंग का व्यवसाय प्रारंभ किया। वे मकान निर्माण कार्यों में सेंट्रिंग का कार्य कर प्रतिमाह लगभग 20 से 25 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। स्वरोजगार के माध्यम से प्राप्त आय से वे अपने परिवार की आजीविका में सहयोग कर रहे हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

नीरज बताते हैं कि संत रविदास स्वरोजगार योजना के माध्यम से मिली आर्थिक सहायता उनके लिए रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। योजना के लाभ से उन्हें अपना व्यवसाय प्रारंभ करने का अवसर मिला और अब वे स्वयं रोजगार से जुड़कर अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर पा रहे हैं।

पंख अभियान के माध्यम से जिले में बाछड़ा समुदाय के युवाओं को चिन्हित कर उन्हें उनकी क्षमता एवं आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न शासकीय स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ाना है।

नीरज ने स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि शासन की योजना से मिली सहायता से उन्हें स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला है, जिससे वे अपने परिवार की आजीविका चलाने में सक्षम हुए हैं।

========

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}