नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 14 अगस्त 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////////

हर घर तिरंगा अभियान के तहत नीमच में निकली वृहद तिरंगा यात्रा

विधायक, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया बढ़ चढ़कर भाग

नीमच, 13 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नीमच शहर में वृहद तिरंगा पैदल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की और नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

 तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ज्ञान मंदिर स्थित शहीद स्मारक पार्क में शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू, जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, श्रीमती वंदना खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, पुलिस जवान, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

 वृहद तिरंगा यात्रा जाजू बिल्डिंग, घंटाघर रोड, नया बाजार, बारादरी फव्वारा चौक एवं कमल चौक होते हुए भारत माता चौराहा पहुंची। यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों और आजादी के तरानों से नीमच शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा स्वतंत्रता, राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया गया।

 भारत माता चौराहा पहुंचने पर भारत माता की प्रतिमा का पूजन किया गया। पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति की धुनों की प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और वृहद तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।

 इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक, श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया, नीमच नगर पालिका सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया सहित बड़ी संख्या में जिला अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस अधिकारी एवं जवान, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स.क./1387/77/अरूणेन्‍द्र सिंह/फोटो

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में निकली तिरंगा यात्राएं

नीमच, 13 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिलेभर में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों एवं ग्रामों में तिरंगा रैलियां और यात्राएं निकाली गईं। विद्यार्थियों, ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव का संदेश दिया।

जिले के हायर सेकेंडरी स्कूल सावन, धामनिया, रेवली-देवली, पालसोड़ा, कन्या विद्यालय जीरन, कुचरोद, हाईस्कूल बांगरेड, भाटखेड़ी, लोडकिया, घसुंडी जागीर सहित विभिन्न विद्यालयों में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया।विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पैदल एवं साइकिल से रैली में सहभागिता की। रैलियों के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इसी क्रम में ग्राम बोरदिया कलां एवं ग्राम तलाऊ में भी भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड नीमच के मार्गदर्शन में ग्राम बोरदिया कलां में नवांकुर संस्था ग्रीन विजन सेवा फाउंडेशन, नीमच द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में ग्रामीणों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं, विकासखंड मनासा के मार्गदर्शन में चयनित नवांकुर संस्था लाल कुंवर भगवती शिक्षण समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति तलाऊ के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम तलाऊ में तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया, जिसके बाद समिति सदस्यों एवं महिलाओं ने तिरंगा लेकर गांव में यात्रा निकाली।

दोनों ग्रामों में तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। ग्रामीणों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन गतिविधियों से नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो रही है। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से स्वतंत्रता दिवस के पूर्व जिले में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित हो रहा है।

================

डाक विभाग के कर्मचारियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

नीमच, 13 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक विभाग द्वारा गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सहायक अधीक्षक डाकघर नीमच श्री दिलीप कुमार गुप्ता ने नीमच प्रधान डाकघर से किया।

तिरंगा यात्रा नीमच प्रधान डाकघर से प्रारंभ होकर विजय टॉकीज, भारत माता चौराहा, कमल चौक, घंटाघर एवं सीआरपीएफ चौराहा होते हुए पुनः नीमच प्रधान डाकघर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी हाथों में तिरंगा ध्वज थामे उत्साहपूर्वक शामिल हुए और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर सहायक अधीक्षक डाकघर श्री दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश की राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं।

डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करने तथा स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने का आह्वान किया।

========

भोजन व्यवस्था में लापरवाही पर छात्रावास अधीक्षिका निलंबित

कलेक्टर ने जांच उपरांत की सख्त कार्रवाई

नीमच, 13 अगस्त 2026। शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास क्रमांक-01, नीमच में भोजन व्यवस्था संबंधी छात्राओं की शिकायत पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती मीनाक्षी जयंंत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

छात्राओं द्वारा 21 जुलाई 2026 को भोजन व्यवस्था संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर छात्रावास का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जांच के बाद अधीक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा गया, जिसे संतोषप्रद नहीं पाया गया।

कार्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-09 के अंतर्गत अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला संयोजक, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, नीमच कार्यालय निर्धारित किया गया है।

स.क्र./1390/80/अरूणेन्‍द्र सिंह/फोटो

 

जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच(म.प्र.)

//समाचार//

अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान के तहत पत्र लेखन प्रतियोगिता 31 अक्टूबर तक

नीमच, 13 अगस्त 2026। भारतीय डाक विभाग द्वारा अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान वर्ष 2026-27 के तहत पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन 1 अगस्त 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “एक चिट्ठी धरती माँ के नाम: प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा / A Letter to Mother Earth: My Promise to Protect Nature” निर्धारित किया गया है।

प्रतियोगिता सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें 18 वर्ष तक तथा 18 वर्ष से अधिक आयु की दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। दोनों श्रेणियों में अंतर्देशीय पत्र (अधिकतम 500 शब्द) एवं लिफाफा (अधिकतम 1000 शब्द) की दो उपश्रेणियां रखी गई हैं।

प्रतियोगिता में प्रतिभागी द्वारा हस्तलिखित पत्र हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी भी स्थानीय (Vernacular) भाषा में लिखा जा सकता है। पत्र अधीक्षक डाकघर, मंदसौर संभाग, मंदसौर-458001 के कार्यालय के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से अथवा व्यक्तिगत रूप से भेजा जा सकता है।

पत्र के साथ प्रतिभागी को अपनी आयु के संबंध में स्वहस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र देना होगा, जिसमें यह उल्लेख करना होगा कि दिनांक 01.01.2026 को मेरी आयु 18 वर्ष से कम/अधिक है।

मध्यप्रदेश परिमंडल स्तर पर पुरस्कार

मध्यप्रदेश परिमंडल से प्रत्येक उपश्रेणी में सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को क्रमशः 25,000 रुपये, 10,000 रुपये एवं 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। चयनित पत्रों को अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महानिदेशालय, नई दिल्ली भेजा जाएगा।

अखिल भारतीय स्तर पर भी मिलेंगे पुरस्कार

महानिदेशालय द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर प्रत्येक उपश्रेणी में चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों को क्रमशः 50,000 रुपये, 25,000 रुपये एवं 10,000 रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

पत्र पोस्ट करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद पोस्ट किए गए पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। परिमंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों का परिणाम 15 दिसंबर 2026 को घोषित किया जाएगा।

मध्यप्रदेश परिमंडल के प्रमुख एवं मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मध्यप्रदेश परिमंडल, भोपाल माननीय श्री विनीत माथुर ने मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों से “अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान” से जुड़ने और अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में सहभागिता करने की अपील की है।

============

अवैध खनिज परिवहन के चार मामलों में कलेक्टर ने अधिरोपित की एक लाख से अधिक की शास्ति

नीमच 13 अगस्‍त 2026, जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत चार अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिकों पर कुल एक लाख 3 हजार 39 रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। यह कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आधार पर की गई।

जिला खनिज अधिकारी के अनुसार 8 अगस्‍त 2026 को तहसील नीमच के बघाना में जांच के दौरान महिद्रा 475 ट्रैक्टर (क्रमांक MP44ZB0825) से रेत का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। इस प्रकरण में वाहन मालिक शैलेन्‍द्र कुमार पिता रामगुलाम चौरसिया, निवासी 24 जवाहर नगर विस्‍तार नीमच पर रॉयल्टी की 15 गुना राशि 5 हजार 625 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 30 हजार 625 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

इसी प्रकार 7 अगस्‍त 2026 को तहसील नीमच के ग्राम चेनपुरा में जांच के दौरान ट्रैक्टर (क्रमांक MP44AA1952) से खण्‍डा पत्‍थर का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। इस प्रकरण में वाहन मालिक संपतबाई पति कैलाश बावरी निवासी ग्राम सुवाखेडा तहसील जावद पर रॉयल्टी की 15 गुना राशि 2 हजार 700 रुपये तथा 10 हजार 714 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 13 हजार 414 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

इसी प्रकार 7 अगस्‍त 2026 को तहसील जावद के ग्राम सुवाखेडा में जांच के दौरान ट्रैक्टर (क्रमांक MP44ZB5215) से गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। इस प्रकरण में वाहन मालिक दीपक कुमार पिता कन्‍हैयालाल सेन निवासी बडा मंदिर नयागांव तहसील जावद पर रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

एक अन्य प्रकरण में 4 अगस्‍त 2026 को तहसील जावद के ग्राम जावद में जांच के दौरान ट्रैक्टर (क्रमांक MP44AA6019) से खण्‍डा पत्‍थर का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। इस प्रकरण में वाहन मालिक जगदीश कुमार पिता उदयराम प्रजापत निवासी ग्राम सुवाखेडा तहसील जावद पर रॉयल्टी की 15 गुना राशि 5 हजार 400 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 30 हजार 400 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। राशि जमा होने के उपरांत नियमानुसार जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं होने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के अनुसार भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

==============

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आज हरवार में

नीमच 13 अगस्‍त 2026, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में 7 अगस्त 2026 से जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के क्रम में आज 14 अगस्त 2026 को उपखंड नीमच की तहसील जीरन के ग्राम पंचायत हरवार में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर में ग्राम पंचायत हरवार सहित अरनिया बोराना, बामनिया, बमोरी, भंवरासा, चल्दू, छाछखेड़ी, कैलुखेड़ा, कोठड़ी ईस्तमुरार, कुचड़ौद, पालसोडा, फोफलिया, तालखेड़ा, विशनिया एवं दलपतपुरा गांव के ग्रामीणजन सम्मिलित होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगे।

शिविर में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका यथासंभव तत्काल निराकरण किया जाएगा। जिन समस्याओं का निराकरण मौके पर संभव नहीं होगा, उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे तथा अधिकतम 7 दिवस की अवधि में समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने संबंधित ग्रामों के ग्रामीणजनों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें।

===========

नीमच में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूर्ण

जिला पंचायत सीईओ की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न

नीमच, 13 अगस्त 2026, जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच के मैदान पर आयोजित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) गुरुवार को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान पर संपन्न हुआ। जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव एवं एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने समारोह में होने वाली परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का अवलोकन किया।

पूर्वाभ्यास के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव एवं एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने जीप पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न परेड टुकड़ियों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह में एसएएफ, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट, शौर्या दल एवं होमगार्ड के दल भाग लेंगे। साथ ही जिला पुलिस बैंड एवं सीआरपीएफ बैंड भी अपनी प्रस्तुति देंगे।

पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

मुख्य समारोह में 15 अगस्त 2026 को मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल से सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जौक, सुश्री श्रुति भयडि़या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

==========

दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित

नीमच, 13 अगस्त 2026। भारतीय डाक विभाग द्वारा फिलैटली छात्रवृत्ति योजना “दीन दयाल स्पर्श योजना” वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 9वीं तक के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत प्रत्येक कक्षा से 10-10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को एक वर्ष के लिए 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

पात्रता- योजना के लिए आवेदक का संबंधित विद्यालय में संचालित फिलैटली क्लब का सदस्य होना आवश्यक है। जिन विद्यालयों में फिलैटली क्लब संचालित नहीं है, वहां के विद्यार्थी/प्रतियोगी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलैटली जमा खाता होना अनिवार्य है। बिना फिलैटली जमा खाते के प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

छात्रवृत्ति मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6वीं से 9वीं तक के नियमित विद्यार्थियों को वार्षिक आधार पर प्रदान की जाएगी। आवेदक का पिछली परीक्षा में 60 प्रतिशत या समकक्ष ग्रेड से अधिक परिणाम होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को पात्रता में 5 प्रतिशत अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी।

चयन प्रक्रिया- विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया दो स्तरों में होगी।

प्रथम स्तर—लिखित क्विज परीक्षा: लिखित क्विज परीक्षा 30 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और परीक्षा की अवधि एक घंटे की होगी। प्रश्न समसामयिकी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान तथा खेल/संस्कृति से 5-5, स्थानीय फिलैटली से 10 तथा राष्ट्रीय फिलैटली से संबंधित 15 प्रश्न होंगे। परीक्षा का स्थान एवं समय प्रवेश-पत्र के माध्यम से सूचित किया जाएगा। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए कोई यात्रा व्यय देय नहीं होगा।

द्वितीय स्तर—फिलैटली प्रोजेक्ट: लिखित क्विज में चयनित विद्यार्थियों को द्वितीय स्तर में भाग लेने के लिए फिलैटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा। प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित है। प्रोजेक्ट के विषयों की जानकारी पृथक रूप से दी जाएगी।

आवेदन प्रक्रिया- दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना के आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर में उपलब्ध होंगे। निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र 22 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे तक अथवा उससे पहले अधीक्षक डाकघर, मंदसौर के कार्यालय के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा।

आवेदन पत्र के लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27” अंकित करना अनिवार्य है। निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट “www.indiapost.gov.in” (https://reference-url-citation.invalid/0) अथवा अधीक्षक डाकघर, मंदसौर के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

==================

हर घर तिरंगा अभियान में नीमच जिले में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश

तिरंगा रैलियों में उमड़ा उत्साह, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प से जुड़ा जन-जन

नीमच, 13 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नीमच जिले में गुरुवार को विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। मनासा, जावद, सिंगोली, रतनगढ़ और कुकड़ेश्वर में आयोजित रैलियों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

मनासा में तिरंगा लेकर निकले नागरिक

मनासा में एसडीएम सुश्री किरण आंजना के निर्देशन में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में प्रशासनिक अमले, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। रैली के दौरान नागरिकों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

झांतला से सिंगोली तक तिरंगे के रंग में रंगा जावद क्षेत्र

जावद विधानसभा क्षेत्र में झांतला से सिंगोली तक निकली तिरंगा यात्रा आकर्षण का केंद्र रही। विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा के नेतृत्व में आयोजित यात्रा का शुभारंभ झांतला में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

एसडीएम जावद श्री संजीव कुमार साहू सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अमले के अधिकारियों-कर्मचारियों ने तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा में सहभागिता की। तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं राजस्व-पुलिस अमले की सहभागिता ने प्रशासन और नागरिकों के बीच राष्ट्रभक्ति की भावना में एकजुटता का संदेश दिया।

झांतला से सिंगोली के बीच ग्रामीणों और नागरिकों ने यात्रा का जगह-जगह उत्साहपूर्वक स्वागत किया। घरों की छतों और मार्ग के दोनों ओर से नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया। सिंगोली नगर में प्रवेश के दौरान भी नागरिकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ यात्रा का स्वागत किया।

रतनगढ़ में तिरंगा रैली, ऐतिहासिक किले पर लहराया राष्ट्रीय ध्वज

एसडीएम जावद श्री संजीव कुमार साहू के निर्देशन में रतनगढ़ में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली आयोजित की गई। बड़ी संख्या में नागरिकों ने तिरंगा हाथ में लेकर रैली में सहभागिता की।

नगर परिषद रतनगढ़ द्वारा ऐतिहासिक किले पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। ऐतिहासिक धरोहर पर शान से लहराता तिरंगा राष्ट्र के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक बना।

कुकड़ेश्वर में विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़ाया अभियान का उत्साह

कुकड़ेश्वर में नगर परिषद द्वारा विशाल तिरंगा रैली आयोजित की गई। मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू सहित नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा, उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली उज्जवल पटवा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री धर्मराज यादव, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नागरिक रैली में शामिल हुए।

शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभ हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता का संकल्प भी दिलाया गया।

तिरंगा बना राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित तिरंगा रैलियों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अमले, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर यह संदेश दिया कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और सामूहिक राष्ट्रभावना का प्रतीक है।

हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से जिले में नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और सशक्त करने का संदेश दिया गया। रैलियों में उत्साहपूर्वक शामिल नागरिकों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव ऊंचा रखने का संकल्प लिया।

==========

कर अपवंचन की जानकारी राज्य कर विभाग को दें

ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से घर बैठे दी जा सकती है सूचना

नीमच 13 अगस्‍त 2026, राज्य कर विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा जीएसटी से संबंधित कर अपवंचन की सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आम नागरिकों, व्यापारियों एवं जागरूक करदाताओं से अपील की गई है कि उनके संज्ञान में जीएसटी से संबंधित कर अपवंचन की कोई विश्वसनीय जानकारी आती है, तो वे विभाग की वेबसाइट https://mptax.mp.gov.in पर उपलब्ध “Provide Tax Evasion Information” लिंक के माध्यम से विभाग को सूचना दे सकते हैं। सूचना उपलब्ध कराने वाले नागरिक की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी। प्राप्त सूचनाओं का विभाग द्वारा नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा।

कर अपवंचन के मामलों में बिना बिल बिक्री, फर्जी बिल जारी करना, बिक्री छिपाना, बिना उचित दस्तावेज के माल का परिवहन सहित अन्य प्रकार की अनियमितताएं शामिल हैं।

विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि केवल तथ्यात्मक एवं विश्वसनीय जानकारी ही उपलब्ध कराएं। कर अपवंचन पर प्रभावी नियंत्रण से शासकीय राजस्व में वृद्धि होती है तथा ईमानदारी से कर का भुगतान करने वाले व्यापारियों को सम्मान एवं निष्पक्ष व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

==========

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}