मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 10 अगस्त 2026 सोमवार

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने की सख्त और त्वरित कार्यवाही

दो छात्रावास अधीक्षकों को तत्काल प्रभाव से किया कार्यमुक्त

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देश पर जनजातीय कार्य विभाग रतलाम के अंतर्गत पदस्थ दो छात्रावास अधीक्षकों को प्रशासनिक कार्य व्यवस्था की दृष्टि से तत्काल प्रभाव से उनकी मूल संस्था के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। यह कार्यवाही संबंधित छात्रावासों की छात्राओं द्वारा की गई शिकायतों के परीक्षण के उपरांत की गई है।

जारी आदेश के अनुसार अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास, आलोट की अधीक्षिका श्रीमती निर्मला झोड़ियां भाबर तथा अनुसूचित जाति बालक सीनियर उत्कृष्ट छात्रावास, आलोट के अधीक्षक श्री करण सिंह जाट को तत्काल प्रभाव से उनकी मूल संस्था के लिए कार्यमुक्त किया गया है।

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने स्पष्ट किया है कि छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के हित, सुरक्षा एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

==========

पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम 12 अगस्त को

योजना के लाभार्थियों को मिलेगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एक्सपोर्ट की जानकारी

भारत सरकार, एमएसएमई मंत्रालय, एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर के द्वारा जिला प्रशासन रतलाम के सहयोग से पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शासकीय आईटीआई रतलाम के सभागृह में 12 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से किया जाएगा।

कार्यक्रम में पीएम विश्वकर्मा स्कीम में रजिस्टर्ड लाभार्थी सीधे उपस्थित होकर भाग ले सकते हैं, जिसके लिए पीएम विश्वकर्मा आईडी कार्ड लाना अनिवार्य होगा।

कार्यक्रम के दौरान पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों को उद्यमिता, वित्तीय सहायता, ईकॉमर्स, केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं, ट्रेनिंग, टूल किट आदि विषयों के साथ विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं एक्सपोर्ट की जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर, जिला व्यापार उद्योग केंद्र, अग्रणी बैंक अधिकारी, भारतीय डाक, हथकरघा विभाग, शासकीय आईटीआई विभागों के अधिकारियों के द्वारा जानकारी दी जाएगी एवं साथ ही विभिन्न समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा।

=========

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया का राजस्व के मामलों में सख्त एक्शन

तहसीलदार रतलाम शहर श्री कुलभूषण शर्मा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया

आयुक्त, उज्जैन संभाग, उज्जैन के निर्देशों के पालन में प्रेषित न्यायालयीन प्रकरणों में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने एवं प्रकरणों के अनावश्यक लंबित रहने के संबंध में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा तहसीलदार रतलाम शहर श्री कुलभूषण शर्मा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

आयुक्त, उज्जैन संभाग, उज्जैन के न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में न्यायालय कलेक्टर, जिला रतलाम के प्रकरण क्रमांक 04, 05, 06, 09, 011, 012, 014, 015, 016/अ-21/2021-22 में आवश्यक जांच एवं तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने हेतु प्रकरण तहसीलदार रतलाम शहर श्री कुलभूषण शर्मा के स्तर पर प्रेषित किए गए थे।

उक्त प्रकरणों में आयुक्त, उज्जैन संभाग के निर्देशों के परिपालन में अभिलेखीय पासबुक दिनांक 18/07/2024 के अनुसार संबंधित भूमियों के वर्तमान उपयोग एवं मौके की स्थिति संबंधी जांच प्रतिवेदन 07 दिवस में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), रतलाम ग्रामीण के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने हेतु निर्देशित किया गया था। किन्तु राजस्व अधिकारियों की बैठक 06 अगस्त 2026 में न्यायालय कलेक्टर में लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान यह पाया कि उपरोक्त प्रकरण 05 वर्ष से अधिक अवधि से लंबित है, जिनका तहसीलदार रतलाम शहर श्री कुलभूषण शर्मा द्वारा जांच प्रतिवेदन अप्राप्त होने से समयावधि में निराकरण नहीं हो सका और न्यायालयीन कार्यवाही प्रभावित हुई है।

उक्त स्थिति से यह परिलक्षित होता है कि सौंपे गए न्यायालयीन दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा का पालन नहीं किया गया है। प्रकरणों का दीर्घ अवधि तक लंबित रहना तथा निर्देशों के उपरांत भी समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण नहीं किया जाना कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही का द्योतक है।

उक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) (i), 3(1)(ii) एवं 3(1) (iii) के विपरीत होकर कदाचरण, शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की श्रेणी में आता है।

तहसीलदार रतलाम शहर श्री कुलभूषण शर्मा को अपना स्पष्टीकरण दो दिवस के भीतर विलंब के कारणों सहित तथा संबंधित मूल प्रकरण कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करना है। निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण एवं मूल प्रकरण प्रस्तुत नहीं किए जाने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही होगी।

=========

5 वर्ष से लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर श्री कटेसरिया का कड़ा रुख, न्यायालयीन दायित्वों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कलेक्टर ने तहसीलदार रतलाम ग्रामीण प्रतिभा भाभर को जारी किया कारण बताओ नोटिस

 उज्जैन संभाग, उज्जैन के निर्देशों के पालन में प्रेषित न्यायालयीन प्रकरणों में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने एवं प्रकरणों के अनावश्यक लंबित रहने के संबंध में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा तहसीलदार रतलाम ग्रामीण प्रतिभा भाभर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। आयुक्त, उज्जैन संभाग, उज्जैन के न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में न्यायालय कलेक्टर, जिला रतलाम के प्रकरण क्रमांक 07, 08, 017/अ-21/2021-22 में आवश्यक जांच एवं तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने हेतु प्रकरण तहसीलदार रतलाम ग्रामीण प्रतिभा भाभर के स्तर पर प्रेषित किए गए थे। उक्त प्रकरणों में आयुक्त, उज्जैन संभाग के निर्देशों के परिपालन में अभिलेखीय पासबुक दिनांक 18/07/2024 के अनुसार संबंधित भूमियों के वर्तमान उपयोग एवं मौके की स्थिति संबंधी जांच प्रतिवेदन 7 दिवस में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), रतलाम ग्रामीण के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने हेतु निर्देशित किया गया था। किन्तु राजस्व अधिकारियों की बैठक 6 अगस्त 2026 में न्यायालय कलेक्टर में लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि उपरोक्त प्रकरण 5 वर्ष से अधिक अवधि से लंबित हैं। तहसीलदार रतलाम ग्रामीण प्रतिभा भाभर द्वारा जांच प्रतिवेदन अप्राप्त होने के कारण प्रकरणों का समयावधि में निराकरण नहीं हो सका तथा न्यायालयीन कार्यवाही प्रभावित हुई। इससे यह परिलक्षित होता है कि सौंपे गए न्यायालयीन दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा का पालन नहीं किया गया है। प्रकरणों का दीर्घ अवधि तक लंबित रहना तथा निर्देशों के उपरांत भी समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण नहीं किया जाना कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही का द्योतक है। उक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) (i), 3(1)(ii) एवं 3(1)(iii) के विपरीत होकर कदाचरण, शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की श्रेणी में आता है। तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को अपना स्पष्टीकरण 2 दिवस के भीतर विलंब के कारणों सहित तथा संबंधित मूल प्रकरण कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण एवं मूल प्रकरण प्रस्तुत नहीं किए जाने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

===========

राज्य के जन विश्वास कार्यक्रम की तर्ज पर चलेगा जन विश्वास रतलाम: कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया

हर शुक्रवार होगा “जनविश्वास कार्यक्रम”, अधिकारी पहुंचेंगे गांव-गांव
मैदान में होगा जन संवाद, जनसुनवाई और समस्याओं का त्वरित समाधान

प्रदेश सरकार की मंशानुरूप कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने जिले में सुशासन को मजबूत बनाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार “जनविश्वास कार्यक्रम” आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। यह कार्यक्रम राज्य शासन के मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तर्ज पर जिले में “जन विश्वास रतलाम” के रूप में संचालित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगर निगम के अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार अपने-अपने क्षेत्र में संपूर्ण दिवस भ्रमण करेंगे। अधिकारी गांवों एवं वार्डों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे, जनसुनवाई करेंगे तथा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शुक्रवार केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का वास्तविक क्रियान्वयन, शासकीय संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण तथा सीएम हेल्पलाइन की गंभीर एवं लंबित शिकायतों का फील्ड सत्यापन भी किया जाएगा। शिकायतों का केवल पोर्टल पर निराकरण नहीं, बल्कि वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही, अनावश्यक विलंब, भ्रामक जानकारी, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से वंचित रखने अथवा अन्य प्रशासनिक अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि “जनविश्वास कार्यक्रम” का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना, समस्याओं का मौके पर समाधान करना, शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के परिणामों की नियमित समीक्षा स्वयं कलेक्टर द्वारा की जाएगी। *क्या है जनविश्वास कार्यक्रम* मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में कलेक्टर, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हैं। शिविर में जनसंवाद, जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित शिकायतों का निराकरण, विभागीय योजनाओं की समीक्षा, शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण, सेवा प्रदाय व्यवस्था का मूल्यांकन, उद्यमियों एवं किसानों से संवाद तथा विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया जाता है। अभियान का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही अधिकतम निराकरण, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाना तथा जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करना है।

========

प्रभारी मंत्री श्री कुंवर विजय शाह 10 अगस्त को रतलाम प्रवास पर रहेंगे

तिरंगा यात्रा की बैठक, शाही सवारी में सहभागिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री श्री शाह प्रातः 9.30 बजे इंदौर से रतलाम के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 12.00 बजे रतलाम पहुंचेंगे। इसके उपरांत दोपहर 1.00 बजे रंगोली गार्डन में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के संबंध में बैठक में शामिल होंगे।

दोपहर 3.00 बजे से 4.00 बजे तक उनका समय सर्किट हाउस रतलाम में आरक्षित रहेगा। इसके बाद सायं 4.00 बजे वे श्री मौजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी में सहभागिता करेंगे।

सायं 5.00 बजे प्रभारी मंत्री श्री कुंवर विजय शाह रतलाम से उज्जैन-इंदौर मार्ग होते हुए भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

===========

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “हर घर तिरंगा अभियान-तिरंगा यात्रा” का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर लगाया तिरंगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में टी.टी. नगर स्टेडियम से विशाल तिरंगा के साथ आरंभ हुई तिरंगा यात्रा
पूरा स्टेडियम तिरंगे से हुआ सराबोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मोटरसाइकिल पर देख विद्यार्थी हुए आल्हादित
डॉ. यादव की फोटो लेने के लिए छात्र-छात्राओं के बीच लगी होड़
प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने का किया आव्हान
प्रदेश में उत्साह और उमंग के साथ आरंभ हुई हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियां
भोपाल को कोलकाता और पटना से मिली एयर कनेक्टिविटी
प्रदेश में बनाए जाएंगे 10 नए एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर घर तिरंगा अभियान – तिरंगा यात्रा का तात्या टोपे स्टेडियम भोपाल में शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टी.टी. नगर स्टेडियम में तिरंगा यात्रा आरंभ करने की विधिवत घोषणा की तथा तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इससे, पहले मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लगाया और वे “हर घर तिरंगा अभियान” के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री निवास से तिरंगा लेकर रवाना हुए। मुख्यमंत्री निवास का समस्त स्टॉफ हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में समत्व भवन तक पैदल पहुंचा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवास से मोटरसाइकिल पर तात्या टोपे स्टेडियम के लिए रवाना हुए। स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, वरिष्ठ विधायक एवं अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, सांसद भोपाल श्री आलोक शर्मा, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में टी.टी. नगर स्टेडियम से तिरंगा यात्रा आरंभ हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, स्वयं सेवी संगठनों के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, न्यू मार्केट और माता मंदिर क्षेत्र के व्यापरी, और स्थानीय जन शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा स्टेडियम से महाराणा प्रताप लोक, टीन शेड, सांदीपनि विद्यालय टी.टी नगर पहुंची। यहां से मुख्यमंत्री डॉ. यादव मोटर साइकिल पर तिरंगा लेकर रवाना हुए और न्यू मार्केट, रोशनपुरा, पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति सहित अन्य संस्थानों ने बैण्ड पर प्रस्तुत देशभक्ति धुनों के बीच पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत-अभिवादन किया।

प्रदेश में 14 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर मीडिया से चर्चा में कहा कि आज ही के दिन 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन आरंभ हुआ था। महात्मा गांधी के आव्हान पर गुलामी के विरुद्ध आरंभ हुए इस निर्णायक संघर्ष ने अंग्रेजों की चूलें हिला दिला दी थीं। इस आंदोलन से विश्व ने भारत में आजादी की ललक देखी। देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों द्वारा दिए गए बलिदान और संघर्ष के साथ ही अहिंसक आंदोलन से पूरे देश में ज्वार उठा। इसी के परिणाम स्वरुप 5 सालों में ही अंग्रेजों को घोषित तिथि से पहले ही देश को आजादी देनी पड़ी। सभी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से ही भारत आजाद हुआ। “हर घर तिरंगा अभियान” सभी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। यह अभियान आज 9 अगस्त से आरंभ होकर 14 अगस्त तक चलेगा। प्रदेश के हर गांव, वार्ड, कस्बे, से लेकर राजधानी तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएगी और अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आव्हान भी किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया भारत के सामर्थ्य का कर रही है अनुभव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया बदलते दौर के भारत के सामर्थ्य का अनुभव कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी सभी वर्गों के कल्याण के लिए संकल्पित होकर आगे बढ़ रहे हैं। अमृतकाल@2047 के आते-आते भारत अपनी पूर्ण शक्ति के साथ “जियो और जीने दो” तथा “वसुधैव कुटुंबकम्” के ध्येय वाक्य के बलबूते पर अपने उद्दात्त विचारों के साथ विश्व का अग्रणी देश बने यही हमारी कामना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सर्वहारा वर्ग के कल्याण और देश के सभी नागरिकों की बेहतरीन के भाव के साथ हम आजादी का आनंद अपने उत्तरदायित्वों का पालन करें और यह कामना करें कि हमारी स्वतंत्रता चिर अमर रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा में बच्चों, युवाओं, वरिष्ठजन और बहनों सहित समाज के सभी वर्गों से उत्साह-उमंग केसाथ शामिल होने का आव्हान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम देश की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हों और देश की सेवा भी करते रहें।

बढ़ती एयर कनेक्टविटी से प्रदेश में विकास नया आयाम हो रहा है आरंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बढ़ती एयर कनेक्टिविटी से प्रदेश में विकास का नया आयाम आरंभ हो रहा है। राजधानी भोपाल को देश के दो प्रमुख नगरों, कोलकाता और पटना से एयर कनेक्टिविटी मिल रही है। एक फ्लाइट भोपाल से रीवा होते हुए कोलकाता जाएगी और दूसरी फ्लाइट भोपाल से सीधे पटना को जोड़ेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में लगभग 10 नए एयरपोर्ट प्रदेश में और बनाए जाएंगे, इस दिशा में राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

======

नई दिल्ली में 7वें अंतर्राष्ट्रीय नवकरणीय ऊर्जा सम्मेलन में म.प्र. को मिली सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव दिल्ली मेट्रो रेल में एयरपोर्ट से सम्मेलन स्थल तक की यात्रा
दिल्ली मेट्रो ने मध्यप्रदेश सरकार का विद्युत आपूर्ति के लिये जताया आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विगत दिनों दिल्ली में आयोजित 7वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन स्थल तक एयरपोर्ट से मेट्रो रेल से यात्रा की। सम्मेलन में उन्होंने कहा कि हमारे लिये गर्व की बात है कि दिल्ली की मेट्रो रेल वर्ष 2018 से मध्यप्रदेश द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विद्युत से संचालित हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो संचालन के लिये मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2044 तक निरंतर विद्युत आपूर्ति की जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नई दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा को बढावा देने के लिये किये जा रहे उल्लेखनीय कार्यों पर जब प्रेजेंटेशन दे रहे थे, उस समय बेकग्राउण्ड में स्क्रीन पर दिल्ली मेट्रो में सफर संबंधित चित्र प्रदर्शित हो रहे थे। अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश के कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में कहा कि मध्यप्रदेश वर्ष 2030 तक देश के 500 गीगा वॉट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य नवकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण तथा हरित औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। म.प्र. आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। नई दिल्ली में आयोजित 7वें अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन एवं प्रदर्शनी-2026 के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमार स्वामी तथा भूटान के ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन मंत्री एच.ई. ल्योनपो जेम त्शेरिंग तथा श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री श्री अनुरा करुणाथिलका, अपर मुख्य सचिव नवकरणीय ऊर्जा मध्यप्रदेश श्री मनु श्रीवास्तव सहित देश-विदेश के ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 750 मेगावाट रीवा अल्ट्रा मेगा सौर परियोजना ने देश में पहली बार सौर ऊर्जा का टैरिफ कोयला आधारित विद्युत से भी कम स्थापित किया। इस परियोजना को वर्ल्ड बैंक ग्रुप प्रेसिडेन्ट्स अवार्ड फॉर एक्सीलेंस प्राप्त हुआ तथा इसकी केस स्टडी हावर्ड युनिवर्सिटी में पढ़ाई जाती है।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री म.प्र. श्री राकेश शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का महानिदेशक दिल्ली मेट्रो श्री प्रमित गर्ग ने दिल्ली मेट्रो को बगैर किसी निवेश के मध्यप्रदेश सरकार द्वारा निरंतर विद्युत आपूर्ति के लिये आभार जताया। अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर अतिथि के रूप एकमात्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किये जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिये आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

 

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री म.प्र.श्री शुक्ला ने बताया कि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग, मध्यप्रदेश शासन राज्य में नवकरणीय ऊर्जा नीति निर्माण, निवेश प्रोत्साहन, परियोजना विकास तथा ऊर्जा संक्रमण से संबंधित कार्यक्रमों के समन्वय हेतु प्रमुख विभाग है। विभाग प्रदेश को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए कार्यरत है।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री म.प्र.श्री शुक्ला ने बताया कि रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड, मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड एवं सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) का संयुक्त उपक्रम है। रूम्सल राज्य में बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा, फ्लोटिंग सोलर, हाइब्रिड नवकरणीय ऊर्जा तथा बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं के विकास एवं क्रियान्वयन हेतु नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रहा है। रूम्सल द्वारा विकसित नवाचार आधारित परियोजनाएँ मध्य प्रदेश को देश में ऊर्जा भंडारण एवं चौबीसों घंटे नवकरणीय ऊर्जा आपूर्ति के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित कर रही हैं

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}