क्रिप्टो में निवेश का झांसा देकर की गई 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी

क्रिप्टो में निवेश का झांसा देकर की गई 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी
ग्वालियर- के चार्टर्ड एकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय को क्रिप्टो में निवेश का झांसा देकर की गई 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में आखिर राज्य साइबर पुलिस को पहली सफलता मिल गई। राज्य साइबर पुलिस की टीम ने शाजापुर निवासी भाजपा के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को पकड़ा है। ठगे गए 21.05 करोड़ रुपये में से 50 लाख रुपये जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार के बैंक खाते में गए थे।
राज्य साइबर पुलिस की टीम उसे पकड़कर ग्वालियर ले आई है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसने म्यूल खातों से जुड़े इंटरस्टेट गैंग के बारे में राज्य साइबर पुलिस को अहम जानकारी दी है, जिस पर टीम काम कर रही है। इससे मिले इनपुट के बाद एक टीम कर्नाटक, तमिलनाडु के लिए रवाना हुई है। यहां बता दें कि यह मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी साइबर ठगी है।


