महिदपुर रोड में रेलवे की मेन लाइन का तार टूटा, डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा रेल संचालन

महिदपुर रोड में रेलवे की मेन लाइन का तार टूटा, डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा रेल संचालन
मंदसौर। महिदपुर रोड में तीन ट्रेनें हुईं विलंबित कर्मचारियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा मरम्मत के बाद बहाल हुआ आवागमन महिदपुर रोड रविवार सुबह लगभग 8:30 बजे महिदपुर रोड रेलवे क्षेत्र में मेन लाइन का विद्युत तार (ओवरहेड उपकरण) टूट जाने से रेल संचालन प्रभावित हो गया। घटना के चलते इस मार्ग से गुजरने वाली तीन ट्रेनों को एहतियातन रोकना पड़ा जिससे वे निर्धारित समय से विलंबित हुईं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी एवं मेंटेनेंस कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मरम्मत कार्य शुरू किया। कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। करीब डेढ़ घंटे तक चले मरम्मत कार्य के बाद रेलवे लाइन को सुरक्षित घोषित किया गया जिसके पश्चात ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू कर दिया गया। इसके बाद एक-एक कर सभी प्रभावित ट्रेनों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तार टूटने के कारणों की जांच की जा रही है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



