
नई दिल्ली: कमर्शियल LPG सिलेंडर 194 तक सस्ता, होटल-रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार को बड़ी राहत
नई दिल्ली: 01 अगस्त शनिवार / मध्य प्रदेश में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिली है। शनिवार से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें लागू हो गई हैं। राज्य के अलग-अलग शहरों में कमर्शियल सिलेंडर 190 से 194 रुपये तक सस्ता हुआ है। इस कटौती से कारोबारियों की परिचालन लागत कम होने की उम्मीद है और आने वाले समय में ग्राहकों को भी इसका फायदा मिल सकता है।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,743
नई दरों के अनुसार, भोपाल में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,743 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 2,933 रुपये थी। इंदौर में सिलेंडर का दाम 3,040 रुपये से घटकर 2,846 रुपये हो गया है। वहीं जबलपुर में इसकी कीमत 3,151 रुपये से घटकर 2,957 रुपये कर दी गई है।
इसी तरह ग्वालियर में अब कमर्शियल सिलेंडर 2,963.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 3,155 रुपये का था। वहीं उज्जैन में इसकी नई कीमत 2,908 रुपये तय की गई है, जबकि पहले यह 3,102 रुपये में मिल रहा था।
3,300 रुपये से भी अधिक पहुंच गई थी:
व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में ईरान-अमेरिका तनाव के दौरान कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। कई शहरों में इसकी कीमत 3,300 रुपये से भी अधिक पहुंच गई थी। इससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार की लागत बढ़ गई थी। बढ़ते खर्च के कारण कई कारोबारियों ने खाने और कैटरिंग सेवाओं के दाम 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिए थे।
कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद:
अब कीमतों में आई कमी से कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का मानना है कि गैस की लागत कम होने से परिचालन खर्च घटेगा और आने वाले समय में ग्राहकों को भी इसका लाभ मिल सकता है। कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि एलपीजी महंगी होने के कारण 500 लोगों के एक कार्यक्रम में कैटरिंग की लागत 45 हजार से 50 हजार रुपये तक बढ़ गई थी। इसी वजह से प्रति प्लेट कीमत बढ़ानी पड़ी थी। अब गैस सस्ती होने से आयोजन की लागत कम होगी और कारोबार को भी गति मिलेगी। प्रदेश में जिलों के हिसाब से देखें तो रीवा में सबसे महंगा कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2,991.50 रुपये का है। इसके बाद सिंगरौली और नरसिंहपुर में इसकी कीमत 2,989.50 रुपये, जबकि सतना में 2,989 रुपये है। वहीं शाजापुर में सबसे सस्ता कमर्शियल सिलेंडर 2,749.50 रुपये में उपलब्ध होगा।



