सीतामऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 193.920 किलो डोडाचूरा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

सीतामऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 193 किलो 920 ग्राम डोडाचूरा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
सीतामऊ | “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत सीतामऊ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 193 किलो 920 ग्राम डोडाचूरा एवं एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार जब्त की है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 3.87 लाख रुपये तथा कार की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने ग्राम सगोर निवासी राहुल डांगी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना सीतामऊ में अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने उप निरीक्षक मूलचंद धाकड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। मुखबिर की सूचना पर नई आबादी दीपाखेड़ा आम रोड पर नाकाबंदी की गई, जहां बिना नंबर की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी लेने पर छह सफेद प्लास्टिक के कड़ों में भरा 193 किलो 920 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ व वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति सहित सीतामऊ पुलिस की विशेष टीम की सराहनीय भूमिका रही।



