मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 24 जुलाई 2026 शुक्रवार

समान नागरिक संहिता को व्यापक जनसमर्थन

विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का व्यक्त किया आभार

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर समाज के विभिन्न धर्मं और वर्गों में व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर आगमन पर विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों तथा अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने समान नागरिक संहिता का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया तथा इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान न्याय उपलब्ध कराना है। यह व्यवस्था संविधान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक समरसता, समानता और न्याय को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समर्थन के लिए उपस्थित सभी धर्मों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का यह विश्वास और सहयोग प्रदेश के समावेशी विकास तथा सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

इस मौके पर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री रमेश मेंदोला तथा श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह,  कलेक्टर श्री शिवम वर्मा आदि मौजूद थे।

==========

मातृ शिशु स्वास्थ्य और टीबी उन्मूलन पर कलेक्टर ने दिए निर्देश

शहरी स्वास्थ्य केंद्र और मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर रोटेशन आधारित ड्यूटी लगाने के दिए निर्देश

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की कार्यकर्ता वार समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी प्रकार की आवश्यक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सक एवं नर्सिंग ऑफिसर की शहरी स्वास्थ्य केंद्र और मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर रोटेशन आधारित ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गर्भवती माताओ के पंजीयन की स्थिति, गर्भावस्था के प्रथम त्रैमास में गर्भवती माता का पंजीयन करके उनको आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं प्रदान करने, नवजात शिशुओं की गृह भेंट आधारित देखभाल करने, हाई रिस्क गर्भवती माता में मॉडरेट और सीवियर एनीमिया के लिए संदर्भ सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को अपने-अपने क्षेत्र के आंकड़ों का आपस में आदान-प्रदान कर आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को संयुक्त रूप से बच्चों का पोषण आहार प्रदान करने, गर्भवती माता एवं प्रसूता माता को स्तनपान संबंधी परामर्श प्रदान करने, शत प्रतिशत टीकाकरण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्रों पर चिकित्सकों की व्यवस्था कर आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल के लिए निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत अतिरिक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की व्यवस्था रेड क्रॉस के माध्यम से उपलब्ध कराने हेतु कहा। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना अंतर्गत क्षेत्र में शिविर आयोजित कर कार्ड बनवाकर प्रदान करने के निर्देश दिए। गैर संचारी रोग कार्यक्रम अंतर्गत सभी हितग्राहियों का बीपी , शुगर की जांच कर आवश्यक जांच एवं चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

बैठक में कलेक्टर ने शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने के लिए दो ए एन एम के निलंबन का प्रस्ताव प्रस्तुत करने एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम में कम उपलब्धि प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया गया। शहरी क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अच्छा कार्य करने वाले दो एएनएम को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।

=========

थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और परिवार जनों का निःशुल्क जांच एवं उपचार

मेडिकल कॉलेज में जीवन धारा शिविर का आयोजन 1 अगस्त को

मेडिकल कॉलेज के डॉ ध्रुवेंद्र पांडे ने बताया कि जिले में 1 अगस्त को डॉक्टर लक्ष्मी नारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज रतलाम में जीवन धारा शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत डीन डॉ अनीता मुथा के मार्गदर्शन में मेंदांता फाऊंडेशन, रेड क्रॉस सोसाइटी और काकानी फाउंडेशन, क्लिंटन फाउंडेशन के सहयोग से रतलाम जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित सभी बच्चों की स्क्रीनिंग कर आवश्यक जांच उपचार सेवाएं दी जाएगी। शिविर के दौरान गुड़गांव के विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। शिविर के दौरान थैलेसीमिया के पीड़ित बच्चों को चिन्हित कर उनका बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन गुड़गांव के अस्पताल में कराया जाएगा। शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ की सेवाएं जेनेटिक काउंसलिंग की सेवा, आभा आईडी बनाने की व्यवस्था, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए डिसेबिलिटी प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था, पैथोलॉजिस्ट की व्यवस्था, थैलेसीमिया के संबंध में उच्च स्तरीय जांच की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। मेडिकल कॉलेज डीन डॉ अनीता मुथा ने थैलेसीमिया से पीड़ित सभी बच्चों एवं उनके परिवारजनों से शिविर में आवश्यक रूप से उपस्थित होकर सेवाएं प्राप्त करने की अपील की है।

=========

लेबड़-नयागांव फोरलेन हाईवे सड़क मार्ग के ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित, अनुपूरक बजट में ढ़ाई करोड़ की स्वीकृति

भीमाखेड़ी फाटक व अरनिया फंटे पर होंगे सुरक्षा सुधार कार्य

जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय द्वारा लेबड़-नयागांव फोरलेन हाईवे सड़क मार्ग पर ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षात्मक कदम उठाने के लिए निरन्तर प्रयास कर रहे है। जिसमे सफलता भी मिल रही है। विधानसभा में प्रस्तुत अनुपूरक बजट में जावरा विधानसभा क्षेत्र में ढाई करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। इसके पूर्व मुख्य बजट में 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी।

उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ पांडेय द्वारा इस राजमार्ग में हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ब्लेक स्पॉट पर नियंत्रण करने के लिए कार्ययोजना बनाने के लिए निरंतर मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री से आग्रह कर रहे है। डॉ पांडेय के आग्रह को स्वीकार करते हुए बीते माह के बजट में ग्राम माननखेड़ा में ब्लैक स्पॉट को सुधारने के लिए लगभग 10 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई थी। गत दिवस विधानसभा में प्रस्तुत हुए अनुपूरक बजट में ढाई करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। जिसमें भीमाखेड़ी फाटक चौराहे एवं अरनिया फंटे पर दीर्घकालिक सुधार के कार्य किये जायेंगे। जिसमे सड़क चौड़ीकरण, दुर्घटना पाईंट को सुधार एव विद्युतीकरण कार्य किये जायेंगे। अनुपूरक बजट में जावरा विधानसभा क्षेत्र के लिए राशि स्वीकृत होने पर विधायक डॉ पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ यादव, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

========

जावरा व पिपलौदा के जीर्ण-शीर्ण विद्यालय, छात्रावास, प्रयोगशाला और खेल मैदान निर्माण को स्वीकृति

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की घोषणा शीघ्र मूर्त रूप लेगी। ढोढर व सुजापुर में बालिका छात्रावास का कार्य प्रारंभ होगा। पांच वर्ष में शैक्षणिक संस्थाओ के लिए लगभग 80 करोड़ रु से अधिक की स्वीकृति दी गई है।

विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने उक्त जानकारी दी। श्री सिंह ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में जावरा व पिपलौदा में सांदीपनि विद्यालयों के अलावा जीर्ण शीर्ण विद्यालयों के लिए नवीन स्वीकृति दी गई है। ग्राम उणी में नवीन प्राथमिक विद्यालय की स्वीकृति दी गईं है। इसके अलावा दो प्राथमिक, दो माध्यमिक विद्यालय, 24 स्थानों पर बालिका शौचालय, 7 हाई स्कूल व हायर सेकंडरी स्कूलों में कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान लेबोरेट्री, खेल मैदान निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जावरा में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम ढोढर व ग्राम सुजापुर में बालिका छात्रावास भवन की घोषणा की थी। उस अनुरूप दोनो छात्रावासो के लिए बजट उपलब्ध कर दिया है। इनकी डीपीआर कार्य व अन्य कार्याे की प्रक्रिया की जा रही है। इसी के साथ पिपलौदा में दिव्यांग छात्रावास निर्माण की भी प्रक्रिया की जा रही है।

विधायक डॉ पांडेय के एक अन्य प्रश्न पर राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने बताया कि राजस्व मिसल बंदोबस्त के अनुसार जिले का कुल रकबा 4 लाख 86 हजार 967 हेक्टेयर है। जिसे ऑनलाइन रिकार्ड में दर्ज कर लिया गया है। बीते पांच वर्ष में राजस्व रिकार्ड के लिए 3 लाख 65 हजार आवेदन किये गए। जिसमे से एक लाख 16 हजार खसरा नकल एवं एक लाख नामांतरण के लिए आवेदन किये गए।

=====

जिले में अब तक 267.63 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

जिले में इस वर्ष अब तक औसतन 267.63 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में रतलाम जिले में 30.63 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में आलोट में 14.00 मि.मी., जावरा में 78 मि.मी., ताल में 40.0 मि.मी., पिपलोदा मे 72.0 मि.मी., बाजना में 5.0 मि.मी., रतलाम में 5.0 मि.मी., रावटी में 5.0 मि.मी. एवं सैलाना में 26.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र आलोट में 314.0 मि.मी., जावरा में 302.0 मि.मी., ताल में 245.0 मि.मी., पिपलोदा में 340.0 मि.मी., बाजना में 163.0 मि.मी., रतलाम में 339.0 मि.मी., रावटी में 189.0 मि.मी. एवं सैलाना में 249.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

====

जावरा सिविल अस्पताल में निःशुल्क रीकैनलाइजेशन ऑपरेशन सुविधा शुरू

जावरा विधानसभा क्षेत्र के सिविल हॉस्पिटल जावरा में रीकैनेलाइज़ेशन ऑपरेशन की सुविधा प्रारंभ हुई है। इस सौगात से निःसन्तान दंपतियों को लाभ मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय के निरंतर प्रयासों से सिविल हॉस्पिटल में लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही है। बीते दिनों यहां कूल्हे का प्रत्यारोपण जैसी जटिल सर्जरी प्रारंभ हुई। वर्तमान में सिविल हॉस्पिटल जावरा में रीकेनलाईजेशन सुविधा प्रारम्भ हुई है। मीडिया प्रभारी शेलेन्द्र कुमार दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि नसबंदी ऑपरेशन के बाद पुनः टयूब को फिर से जोड़ने का सफल आपरेशन सिविल हॉस्पिटल जावरा मे शुरू हो गए है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रतलाम डॉ किरण वाडिवा के मार्गदर्शन में रीकेनलाईजेशन (नसबंदी के बाद ट्यूब को फिर से जोड़ना) का सफल ऑपरेशन सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ दीपक पालड़ीया ने बुधवार को किया। श्री दवे ने बताया कि पेपा बाई पति राहुल प्रजापति ग्राम दूधिया, आयु- 30 वर्ष की दो लड़किया एवं एक लड़का था, जिसका 8 महीने का हो कर निधन हो गया था। लड़का होने के बाद पेपा बाई ने महिला नसबंदी ऑपरेशन करवा लिया था, लेकिन किसी कारण वश लड़के की मृत्यु होने के बाद रीकेनलाईजैशन ऑपरेशन किया गया।। सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ दीपक पालड़ीया ने अभी तक 17 महिलाओं के सिविल हॉस्पिटल जावरा में रीकेनलाईजैशन ऑपरेशन किए हैं। निजी चिकित्सालय में रीकेनलाईजैशन ऑपरेशन का खर्चा एक से ढाई लाख रुपयों तक आता है, जबकि सिविल हॉस्पिटल जावरा में निशुल्क ऑपरेशन किए जा रहे हैं। रीकेनलाईजैशन ऑपरेशन टीम में डॉ अतुल मंडवारिया, डॉ दिनेश पाटीदार, नर्सिंग ऑफिसर शिरोमणि मसीह, सहायक अनिल बैरागी, रितुराज सिंह का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}