मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 10 जुलाई 2026 शुक्रवार

आकांक्षी विकासखंड में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ बेहतर कार्य करें

आकांक्षी विकासखंड बाजना के विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न

सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने गुरुवार को आकांक्षी विकासखंड बाजना के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्धारित संकेतकों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के पैरामीटरवार कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों से प्रत्येक संकेतक की प्रगति की जानकारी लेकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीईओ सुश्री जैन ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाये।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने विशेष रूप से शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालयों में बच्चों के लिए शिक्षा को अधिक रुचिकर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए नवाचार किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकासखंड की फील्ड टीम नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में सभी विभागों को बेहतर प्रदर्शन कर आकांक्षी विकासखंड बाजना को उत्कृष्ट श्रेणी में लाने के लिए गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

==========

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सीएमएचओ कार्यालय में हुआ पौधरोपण

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडिवा के द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत कार्यालय मुख्य चिकित्सा एव स्वास्थ्य अधिकारी जिला रतलाम में पौधारोपण किया गया। इस दौरान श्रीमती अर्चना राठौर, सरला वर्मा, मधुबाला राठौर, संदीप तलोदिया, लवनेश शर्मा, लोकेश वैष्णव, सचिन वर्मा, रीना अकोदिया, कामिनी मालवीय, भारत लिंबोदिया, नेहा शर्मा, हेमन्त मकवाना, वैभव पांडिया, गोपाल कंडारे आदि उपस्थित रहे।

=======

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समयसीमा उल्लंघन पर तीन राजस्व अधिकारियों पर 9,250 रुपये का अर्थदण्ड लगाया

37 प्रकरण समयसीमा से बाहर पाए जाने पर की कार्यवाही

मध्यप्रदेश लोक सेवा गारंटी अधिनियम, 2010 के तहत समयसीमा में सेवाएं उपलब्ध नहीं कराने के मामले में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने तीन राजस्व अधिकारियों पर कुल 9,250 रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है।

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत न्यायालय नायब तहसीलदार जावरा, न्यायालय नायब तहसीलदार टप्पा ढोढ़र तथा तहसीलदार जावरा के कुल 37 प्रकरण निर्धारित समयसीमा से बाहर पाए गए। समयसीमा में आवेदनों का निराकरण नहीं होने के कारण आवेदकों को सेवाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो सकीं, जो अधिनियम का उल्लंघन है।

अधिनियम की धारा 7(1)(क) के तहत नायब तहसीलदार जावरा श्री भगवानसिंह ठाकुर पर 17 लंबित प्रकरणों के लिए 4,250 रुपये, नायब तहसीलदार टप्पा ढोढ़र श्री वैभव जैन पर 12 लंबित प्रकरणों के लिए 3,000 रुपये तथा तहसीलदार जावरा श्री सहदेव मोरे पर 8 लंबित प्रकरणों के लिए 2,000 रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया है।

=============

औद्योगिक क्षेत्र को सैलाना रोड से जोड़ने के लिए विद्यमान मार्ग का हो रहा उन्नयन

शासकीय कांकड़ की कच्ची सड़क को बनाया जा रहा है पक्का, निर्माण कार्य प्रगति पर

औद्योगिक क्षेत्र रतलाम को सैलाना रोड से जोड़ने के लिए शासकीय कांकड़ की विद्यमान कच्ची सड़क का उन्नयन कर उसे पक्का बनाया जा रहा है। इस कार्य के अंतर्गत किसी नए मार्ग का निर्माण नहीं किया जा रहा है, बल्कि पहले से मौजूद मार्ग का ही सुदृढ़ीकरण किया जा रहा

शासकीय कांकड़ की दोनों ओर निजी भूमि होने के कारण निर्माण कार्य विद्यमान मार्ग पर ही किया जा रहा है। निर्माण कार्य निर्धारित स्वीकृत डिज़ाइन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।

सड़क निर्माण कार्य निरंतर प्रगति पर है। निर्माण क्षेत्र में उल्लेखित नलकूप शामिल नहीं है तथा निर्माण कार्य उससे प्रभावित नहीं हो रहा है। परियोजना पूर्ण होने पर औद्योगिक क्षेत्र की सैलाना रोड से बेहतर एवं सुगम कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, जिससे आवागमन और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

=======

डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना से 87 युवाओं को मिला स्वरोजगार का संबल

योजना में 87 हितग्राहियों को मिला 34.94 लाख रुपये का ऋण

 जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, रतलाम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत जिले में निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की है। योजना के तहत 87 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित था। इसके विरुद्ध 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 87 प्रकरण स्वीकृत कर सभी हितग्राहियों को कुल 34 लाख 94 हजार रुपये का ऋण वितरित किया गया। योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया

कार्यपालन अधिकारी, जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 18 से 55 वर्ष आयु के ऐसे आवेदक जो आयकरदाता न हों, वे स्वयं का व्यवसाय अथवा सेवा इकाई स्थापित करने के लिए 10 हजार से 1 लाख रूपये तक के ऋण हेतु आवेदन कर सकते हैं। नियमित ऋण भुगतान करने पर अधिकतम 5 वर्ष तक 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, महलवाड़ा, रतलाम कार्यालय अथवा दूरभाष क्रमांक 07412-235380 पर संपर्क किया जा सकता है।

=====

जिले में अब तक 228.38 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

 जिले में इस वर्ष अब तक औसतन 228.38 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में रतलाम जिले में 3.00 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

पिछले 24 घन्टों में आलोट में 0.00 मि.मी., जावरा में 1.0 मि.मी., ताल में 0.0 मि.मी., पिपलोदा मे 8.0 मि.मी., बाजना में 3.0 मि.मी., रतलाम में 4.0 मि.मी., रावटी में 4.0 मि.मी. एवं सैलाना में 4.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र आलोट में 281.0 मि.मी., जावरा में 217.0 मि.मी., ताल में 196.0 मि.मी., पिपलोदा में 264.0 मि.मी., बाजना में 154.0 मि.मी., रतलाम में 329.0 मि.मी., रावटी में 174.0 मि.मी. एवं सैलाना में 212.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

===========

ई-विकास प्रणाली से पारदर्शी तरीके से हो रहा उर्वरक वितरण

जिले में सुपर फॉस्फेट एवं एन.पी.के. उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध

यूरिया के साथ फॉस्फेटिक उर्वरकों का प्रयोग किसानों के लिए लाभकारी

जिले में किसानों को उर्वरकों का वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी एवं वैज्ञानिक तरीके से किया जा रहा है। इस प्रणाली में फसल के रकबे एवं प्रकार के अनुसार कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा के आधार पर उर्वरक की मात्रा निर्धारित की जाती है, जिससे किसानों को संतुलित पोषक तत्वों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

उप संचालक कृषि विभाग ने बताया कि फसलों के बेहतर विकास के लिए नत्रजन (यूरिया) के साथ फॉस्फेटिक उर्वरकों जैसे सुपर फॉस्फेट, एन.पी.के., डी.ए.पी. तथा पोटाश का संतुलित उपयोग आवश्यक है। इसी उद्देश्य से ई-टोकन प्रणाली के तहत यूरिया क्रय करने के साथ सुपर फॉस्फेट, एन.पी.के. अथवा डी.ए.पी. में से किसी एक फॉस्फेटिक उर्वरक का चयन अनिवार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में सुपर फॉस्फेट एवं एन.पी.के. उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। वर्तमान में जिले में 10,463 मीट्रिक टन यूरिया, 5,850 मीट्रिक टन सुपर फॉस्फेट तथा 6,721 मीट्रिक टन एन.पी.के. का भंडारण उपलब्ध है, जिससे किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल यूरिया पर निर्भर न रहें, बल्कि संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाकर फॉस्फेटिक उर्वरकों का भी उपयोग करें। इससे फसल की वृद्धि एवं उत्पादन में वृद्धि होती है, जबकि केवल यूरिया के अत्यधिक उपयोग से फसलों में कीट एवं रोगों का प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}