
सैलाना : मेरा युवा भारत रतलाम द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
किशनगढ़ ताल
ठा शंभू सिंह तंवर
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (MY Bharat), रतलाम द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के अवसर पर सी.एम. राइज विद्यालय, सैलाना में वृक्षारोपण एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मेरा युवा भारत रतलाम के जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सेवा, एकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्राचार्य गिरीश सारस्वत उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल प्रशिक्षक अशोक सिंह गौड़, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्रीमती प्रीति चरपोटा, श्रीमती ममता सिंह एवं श्री दुर्गा डामोर ने सहभागिता की।
इस अवसर पर प्राचार्य गिरीश सारस्वत ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर के खेल मैदान में अतिथियों एवं विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और देशभक्ति तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश ग्रहण किया।
कार्यक्रम का संचालन दुर्गा शंकर मोयल ने किया तथा आभार प्रदर्शन गौरव ने व्यक्त किया।



