दो साल बाद सकुशल मिली गुमशुदा नवजात बच्ची, पीपीगंज पुलिस ने परिजनों को सौंपा

दो साल बाद सकुशल मिली गुमशुदा नवजात बच्ची, पीपीगंज पुलिस ने परिजनों को सौंपा
गोरखपुर जनपद गोरखपुर की पीपीगंज पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए लगभग दो वर्ष पूर्व गुमशुदा हुई नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है तथा क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने थाना पीपीगंज पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 196/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए बच्ची को बरामद किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 जून 2024 को वादी अपनी पत्नी को प्रसव के उपरांत अस्पताल से घर ले जा रहे थे। इसी दौरान नवजात बच्ची की तबीयत खराब होने पर उन्होंने अपने एक परिचित व्यक्ति को बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने की जिम्मेदारी सौंपी और स्वयं पत्नी को घर छोड़ने चले गए। जब वह वापस अस्पताल पहुंचे तो नवजात बच्ची वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।लगभग दो वर्षों तक चले लगातार प्रयासों, जांच-पड़ताल और साक्ष्य संकलन के बाद पीपीगंज पुलिस ने 08 जून 2026 को नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राज कुमार, थाना पीपीगंज,कांस्टेबल राजेश यादव व महिला कांस्टेबल रितु कश्यप रही। पीपीगंज पुलिस की इस उल्लेखनीय उपलब्धि की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। परिजनों ने बच्ची की सकुशल बरामदगी पर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है।



