समाचार मध्यप्रदेश नीमच 04 जून 2026 गुरुवार

///////////////////////////////
आई.टी.आई.उत्तीर्ण अधिकाधिक विद्यार्थियों का निजी कम्पनियों में रोजगार प्लेसमेंट करवाए-श्री वैष्णव
जिला स्तरीय कौशल विकास समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच 03 जून 2026, जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से गत दो वर्षो में विभिन्न ट्रेडों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों से सतत सम्पर्क, समन्वय एवं निजी कम्पनियों से सम्पर्क समन्वय कर उनका रोजगार के लिए प्लेसमेंट करवाना सुनिश्चित करें। यह निर्देश जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जिला स्तरीय कौशल विकास समिति की बैठक में जिले के सभी आई.टी.आई. प्राचार्यो को दिए। बैठक में जिला रोजगार अधिकारी श्री दिेनेश परमार, सभी आईटीआई प्राचार्य एवं समिति के सदस्य जिला अधिकारी तथा अल्ट्राटेक, अडानी एवं अन्य निजी कम्पनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में आईटीआई प्राचार्यो को निर्देश दिए गये, कि वे इस सत्र में संस्थान में सभी ट्रेडो में सभी सीटों पर विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करवाए। बैठक में संस्थावार, विद्यार्थियों के निजी कम्पनियों में प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री सीखो कमाओं योजना, प्रधानमंत्री इंटरशिप योजना, एन.ए.सी.एस.योजना, की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने ड्राप आउट बालिकाओं को प्रेरित कर उनका औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रवेश करवाने के निर्देश भी को दिए है। साथ ही फीटर ड्रेट में जिले के सभी आई.टी.आई में सीमेंट उद्योगों की मांग अनुरूप सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजने के निर्देश दिए।
==============
“मिसाल पेश कर रहा नीमच का प्रशासन”:
ईंधन बचत के संदेश को आत्मसात कर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा अधिकारियों संग बस से खातीखेड़ा रवाना
पीएम श्री मोदी एवं सीएम डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर
कलेक्ट्रेट से एक ही बस में सवार हुए सभी जिला अधिकारी
नीमच, 3 जून 2026। प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मान. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के ईंधन बचत के संदेश को आत्मसात करते हुए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा आज जिलाधिकारियों के साथ यात्री बस से नीमच से ग्राम खातीखेड़ा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के लिए रवाना हुए।
सामूहिक प्रस्थान से दी मिसाल: कलेक्टर श्री चंद्रा के साथ जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, जिला वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एक ही यात्री बस से कलेक्ट्रेट परिसर से सुदूर ग्राम खातीखेड़ा के लिए रवाना हुए। प्रशासन ने शासकीय एवं निजी वाहनों के उपयोग के स्थान पर सामूहिक परिवहन को प्राथमिकता देकर ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है
शिविर में होगा त्वरित निराकरण: ग्राम खातीखेड़ा, तहसील जावद में आयोजित इस शिविर में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ग्रामीणों की समस्याओं को स्वयं सुनेंगे और उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे। शिविर में राजस्व, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन: शिविर में ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उनका लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों से योजनाओं के लाभ हेतु आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे जिससे कि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
============
मुख्य सचिव श्री जैन ने वी.सी.के माध्यम से की
जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के अभियान की तैयारियों की समीक्षा
नीमच 03 जून 2026, प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय के वी.सी.कक्ष से वीडियों कांफ्रेसिंग के जरिये विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के मध्य 5 जून से 21 जून तक प्रदेश एवं जिलो में आयोजित होने वाले जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजन एक पेड़ मॉ के नाम अभियान 3.0 के शुभारंभ, 8 जून से स्वच्छता अभियान, 12 से 18 जून तक त्रि-दिवसीय जनकल्याण शिविरों के आयोजन, 19 व 20 जून को प्राकृतिक खेती पर आधारित कार्यशालाओं के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गये।
नीमच के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
=========


