पति-पत्नी के अपहरण दावों से सियासी हड़कंप, पुलिस भी उलझी

जनपद सदस्य शारदा नामदेव बोलीं- पति की हत्या की आशंका, पति ने लगाया पत्नी के अपहरण का आरोप, SP बोले- जांच जारी
रीवा/मनगवां। रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगेव जनपद से एक अनोखा मामला सामने आया है जिसने पुलिस और सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। यहां जनपद पंचायत सदस्य और उनके पति दोनों एक-दूसरे के अपहरण का दावा कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
सूरा गांव निवासी अमृतलाल नामदेव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी कि 24 मई की सुबह उनकी पत्नी और जनपद सदस्य शारदा नामदेव को कुछ लोग जनपद पंचायत ले जाने के बहाने जबरन वाहन में बैठाकर ले गए। तब से शारदा का कोई पता नहीं है। अमृतलाल ने इसे सुनियोजित अपहरण बताया।
मामले में ट्विस्ट तब आया जब कुछ घंटों बाद शारदा नामदेव का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में शारदा ने दावा किया कि उनके पति अमृतलाल का अपहरण कर लिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति की जान को खतरा है और हत्या भी की जा सकती है।
पुलिस भी असमंजस में
दोनों के विरोधाभासी दावों से पुलिस उलझ गई है। पुलिस के अनुसार अमृतलाल नामदेव फिलहाल अपने घर पर मौजूद हैं, जबकि शारदा नामदेव घर से गायब हैं। ऐसे में अपहरण का सच क्या है, यह जांच का विषय है।
सियासी रंग
जनप्रतिनिधि से जुड़ा मामला होने के कारण स्थानीय स्तर पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक के बाद एक सामने आ रहे दावों ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
एसपी का बयान
रीवा एसपी गुरकरन सिंह ने कहा, “शिकायत की तफ्तीश के लिए मामला संबंधित थाना भेज दिया गया है। महिला का पति फिलहाल सामने नहीं आ रहा है। मामले में अभी कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आए हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।” फिलहाल पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है और शारदा नामदेव की तलाश जारी है।



