मंदसौर जिला

शादी के एक माह बाद नवविवाहिता ने कुएं में कूदकर दी जान, हाथ की कलाई भी कटी मिली

शादी के एक माह बाद नवविवाहिता ने कुएं में कूदकर दी जान, हाथ की कलाई भी कटी मिली*

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नगर की अयोध्या बस्ती में सोमवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय नवविवाहिता ने कथित रूप से कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका प्रीति वर्मा (19) पिता भरत वर्मा निवासी रैगर मोहल्ला, अयोध्या बस्ती रविवार देर रात करीब 3 बजे घर से अचानक निकल गई थी।

काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर खेत में बनी एक झोपड़ी के पास स्थित कुएं के किनारे उसकी चप्पल और मोबाइल फोन पड़े मिले। इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद गरहवासियो और परिजनों ने तत्काल कुएं में तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद लोहे की कड़ियों और रस्सियों की सहायता से खोजबीन की गई, जिसमें युवती का शव कुएं में दिखाई दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतका के हाथ की कलाई कटी हुई मिली है। आशंका जताई जा रही है कि युवती ने पहले किसी धारदार हथियार से अपनी कलाई काटी और बाद में कुएं में छलांग लगा दी।

हालांकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पिपलिया मंडी थाना प्रभारी विक्रमसिंह इवने ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतका अपने विवाह से खुश नहीं थी। पुलिस परिवारजनों और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार प्रीति का विवाह 20 अप्रैल 2026 को राजस्थान के मांडल निवासी विकास के साथ हुआ था। विवाह को अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ था कि यह दुखद घटना हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

——–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}