समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 18 मई 2026 सोमवार

ग्राम चावड़ा खेड़ी भीलान में “क्षीर धारा ग्राम योजना” के तहत रात्रिकालीन चौपाल संपन्न
जागरूकता फिल्म से ग्रामीणों को किया गया प्रेरित
रतलाम : रविवार, मई 17, 2026,

कार्यालय उप संचालक, पशुपालन विभाग एवं वाग्धारा संस्था के संयुक्त तत्वाधान में विगत रात्रि ग्राम चावड़ा खेड़ी भीलान के माता जी मंदिर परिसर में “क्षीर धारा ग्राम योजना” के अंतर्गत एक दिवसीय रात्रिकालीन चौपाल का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष जागरूकता चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल उपस्थित थी । इसके साथ ही विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं वाग्धारा संस्था की टीम ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
चौपाल को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक उन्नयन में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों को उन्नत व वैज्ञानिक पशुपालन अपनाने तथा शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने भी उपस्थित जनसमुदाय को शिक्षा के महत्व, पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन, उचित पोषण, नस्ल सुधार और विभागीय कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से तकनीकी जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को आधुनिक पशुपालन के तौर-तरीकों से रूबरू कराने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। दृश्य-श्रव्य माध्यम से दिखाई गई इस फिल्म को ग्रामीणों ने बेहद रुचि के साथ देखा। रात्रिकालीन आयोजन होने के कारण चौपाल में भारी संख्या में ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभाग एवं वाग्धारा संस्था की टीम द्वारा ग्रामीणों के विभिन्न प्रश्नों और शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
===============
जैविक हाट बाजार में 37500 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय
रतलाम : रविवार, मई 17, 2026,

परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 4 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।
करिया से आए किसान श्री दिलीप पाटीदार द्वारा 30000 रुपये का देसी घी विक्रय किया गया। श्री तेजराम सांखला द्वारा हरी सब्जियां 1700 रुपये का, श्री दिलीप धाकड़ सादा खेड़ी द्वारा शहद 5800 का तथा श्री उमेश धाकड़ द्वारा घी एवं दूध जैविक उत्पाद विक्रय किए गए।
जैविक हाट बाजार में कुल 37500 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।
============
जिले में खाद का पर्याप्त भंडारण, किसानों को सुचारू वितरण जारी
01 अप्रैल से 16 मई तक कुल 5694 किसानों द्वारा उर्वरकों का क्रय किया गया
रतलाम : रविवार, मई 17, 2026,

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री आर.के.सिंह ने बताया कि जिले में 16 मई को ई विकास पोर्टल के माध्यम से 264 टोकन जनरेट किये गये जिसमें किसानों द्वारा यूरिया 14.310, डी.ए.पी. 3.25, एन.पी.के. 6.30, टी.एस.पी. 0.55, एस.एस.पी. 3.45, तथा एम.ओ.पी. 0.60 मीट्रिक टन का वितरण होकर किसानों को प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार 01 अप्रैल से 16 मई तक कुल 14117 टोकन किसानों द्वारा जनरेट किये गये है तथा 5694 किसानों द्वारा उर्वरकों का क्रय किया गया है। साथ ही 01 अप्रैल से 16 मई तक कुल विकास पोर्टल के माध्यम से यूरिया 751.165, डी.ए.पी. + टी.एस.पी 151.70, एन.पी.के. 169.200, एस.एस.पी. 147.650, तथा एम.ओ.पी. 15.300 मीट्रिक टन का वितरण किसानों द्वारा किया जा चुका है। जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भण्डारण उपलब्ध है। आज दिनांक को जिले में यूरिया 5725.48, डी.ए.पी. + टी.एस.पी 2763.65, एन.पी.के. 4563.85, एस.एस.पी. 4199.70, तथा एम.ओ.पी. 247.25 मीट्रिक टन इस प्रकार कुल 17499.73 मीट्रिक टन उर्वरको की उपलब्धता है।
17 मई को संयुक्त निरीक्षण दल उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री आर.के.सिंह, निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री वाय.एस.निनामा तथा मास्टर ट्रेनर श्री आनंदीलाल पाटीदार द्वारा सैलाना विकासखंड की उर्वरक फर्मों का निरीक्षण किया गया। किसानों को सुगमता पूर्वक ई-टोकन जनरेट होकर उर्वरक प्राप्त हो रहा है, किसी भी प्रकार की कोई समस्या वर्तमान में नहीं है। किसान भाइयों से अपील की जाती है कि यदि ई-टोकन जनरेट करने में कोई समस्या आए तो वे अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी या नजदीकी कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते है।



