पिपलिया मंडी के युवा अधिवक्ता कमलेश मनवानी ने भोजशाला प्रकरण में निभाई अहम भूमिका, नगर में हर्ष का माहौल

पिपलिया मंडी के युवा अधिवक्ता कमलेश मनवानी ने भोजशाला प्रकरण में निभाई अहम भूमिका, नगर में हर्ष का माहौल
पिपलिया मंडी: धार स्थित भोजशाला प्रकरण में आए ऐतिहासिक न्यायालयीन निर्णय के बाद पूरे प्रदेश में खुशी और उत्साह का माहौल है। इस संवेदनशील और चर्चित मामले में पिपलिया मंडी के युवा अधिवक्ता कमलेश मनवानी द्वारा निभाई गई सक्रिय भूमिका को लेकर नगरवासियों में गर्व की भावना देखी जा रही है।
एडवोकेट कमलेश मनवानी ने इस मामले में हस्तक्षेपकर्ता के रूप में कार्य करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में अपनी कानूनी भूमिका निभाई। न्यायालय द्वारा भोजशाला को लेकर दिए गए निर्णय के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों और समाजजनों द्वारा उनकी सराहना की जा रही है।
कमलेश मनवानी, नगर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं विश्व हिंदू परिषद से जुड़े मनोहर मनवानी के सुपुत्र हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित गवर्नमेंट कॉलेज से एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों द्वारा भी उनकी प्रतिभा की सराहना की गई थी।
परिवारजनों के अनुसार कमलेश का उद्देश्य शुरू से ही समाज और धार्मिक विषयों पर कार्य करना रहा है। भोजशाला जैसे संवेदनशील प्रकरण में उनकी सहभागिता को नगर के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।
इस उपलब्धि के बाद पिपलिया मंडी में खुशी का माहौल है। सिंधी समाज, व्यापारी संघ, विश्व हिंदू परिषद और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एडवोकेट कमलेश मनवानी को बधाई देते हुए इसे नगर के लिए सम्मान का क्षण बताया है।


