नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 09 मई 2026 शनिवार

///////////////////////////////

जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्‍णव ने की पंचायतवार कार्यों की समीक्षा

18 मई तक सभी कार्य ऑनलाइन पूर्ण करने के निर्देश, अनुपस्थित 7 रोजगार सहायकों एवं उम्‍मेदपुरा सचिव का 7 दिवस का वेतन काटने के आदेश, 6 उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस

नीमच, 08 मई 2026, जिला पंचायत नीमच के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव की अध्यक्षता में “जल गंगा संवर्धन अभियान” तहत पंचायतवार संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, उपयंत्री, सचिव, रोजगार सहायक एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।

समीक्षा के प्रमुख बिंदु: बैठक में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित कार्यों जैसे तालाब गहरीकरण, पुराने जल स्रोतों का पुनर्जीवन, जल संरचनाओं की साफ-सफाई, वर्षा जल संचयन, स्टॉप डेम निर्माण, कुओं एवं बावड़ियों के संरक्षण तथा जल संरक्षण हेतु जनजागरूकता गतिविधियों की पंचायतवार समीक्षा की गई।

जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्‍णव ने निर्देश दिए, कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए एवं ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। जिन पंचायतों में कार्यों की प्रगति धीमी है, वहां विशेष मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाई जाए। सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करें एवं प्रगति प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करें। सभी ग्राम पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायकों से एक-एक कार्य की समीक्षा की गई। सभी को अभियान के सभी कार्य पूर्ण कर 18 मई तक ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गये है।

अनुशासनात्मक कार्रवाई: बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 7 ग्राम रोजगार सहायकों एवं ग्राम पंचायत उम्‍मेदपुरा के सचिव का 7 दिवस का वेतन काटने के लिए जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया। साथ ही अमृत सरोवर के कार्यों में एवं माह अप्रैल में जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की पूर्णता हेतु निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं करने वाले 6 उपयंत्रियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वैष्‍णव ने कहा, कि जल स्रोतों का संरक्षण भविष्य की आवश्यकता है। वर्षा जल का अधिकतम संग्रहण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत में प्रभावी एवं स्थायी कार्य किए जाएं। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाकर जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

================

म.प्र.एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026 तहत केज स्थापना हेतु आवेदन 20 मई तक आमंत्रित

नीमच जिले के मोरवन जलाशय का चयन

नीमच 08 मई 2026, सहायक संचालक मत्स्य नीमच ने बताया, कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश स्तर पर लागू की गई “मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026” तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में मत्स्योद्योग विभाग, जिला पंचायत एवं निकाय के चयनित जलाशयों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उद्यमी मॉडल अंतर्गत निवेशकों/उद्यमियों द्वारा केजों व अन्य गतिविधियों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

योजना के प्रावधान:शासन द्वारा केज एक्वाकल्चर, एक्वापोनिक्स, इंटीग्रेटेड फिश फार्मिंग, ईको टूरिज्म एवं ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने तथा मत्स्योत्पादन में वृद्धि हेतु निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश के मात्स्यिकी क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के माध्यम से फिश हैचरी, आईस प्लान्ट, कोल्ड स्टोरेज, फिश प्रोसेसिंग यूनिट एवं विपणन अधोसंरचनाओं के विकास हेतु बैंक ऋण सुविधा, ब्याज सबवेंशन तथा तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी।

नीमच जिले में चयनित जलाशय: नीमच जिले के मोरवन जलाशय का केज स्थापना हेतु चयन किया गया है।

आवेदन प्रक्रिया: इच्छुक निवेशक/उद्यमी20 मई 2026 तक कार्यालयीन दिवस/समय में आवेदन डी.पी.आर. व अन्य समस्त वांछित दस्तावेजों सहित जिले के मत्स्योद्योग विभाग कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी मत्स्योद्योग विभाग के जिला कार्यालय एवं विभाग की वेबसाइट www.mpfisheries.gov.in से भी प्राप्त की जा सकती है।

===============

नीमच में रेडक्रास सप्‍ताह का हुआ समापन्‍न

नीमच 8 मई 2026, कलेक्टर एवं रेडक्रास अध्यक्ष श्री हिमांशु चंन्द्रा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के निर्देशन में रेडकास सप्ताह 2 से 08 मई 2026 तक विश्व रेडक्रास दिवस की थीम मानवता में एकजुटता पर मनाया गया।

इसी कड़ी में रेडकास के जनक सर हेनरी ड्यूनॉट के जन्म दिवस के अवसर पर रेडक्रास सचिव डॉ.स्वप्निल वधवा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति में विश्व रेडकास दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव श्री वधवा ने सर हेनरी ड्यूनॉट के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

रेडकास सप्ताह के समापन अवसर पर शहर के स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय परिसर में रेडकास सचिव डॉ. स्वप्निल वधवा ने पीड़ि‍त मानवता की सहायतार्थ विद्यार्थियों को निःशुल्क सीपीआर प्रशिक्षण और विद्यार्थियों को समझाया, कि इस प्रशिक्षण द्वारा आप किसी भी आकस्मिक जरूरत पढ़ने पर बेहोश व्यक्ति को सीपीआर देकर अस्पताल पहुंचाकर, उसकी जान बचा सकते है। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्‍त किया।

इस अवसर पर कॉलेज के मेंटल हेल्थ डिस्ट्रीक्ट कोर्डिनेटर प्रो. डॉ.संजय जोशी, प्रो.असरार अंसारी, प्रो. संजीव थोरेचा प्रो. आशुतोष शर्मा रेडकास समन्यक श्री सुनिल तिवारी, श्री प्रकाश सैनी हरीश नागदा एवं विद्यार्थिगण उपस्थित थे।

=================

जिला एवं तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आज

नीमच में 12, मनासा में 05 एवं जावद में 04 खंडपीठ गठित, कुल 854 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए,

प्रधान जिला न्यायाधीश ने आमजनों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की

नीमच 08 मई 2026, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के निर्देशन में शनिवार 9 मई 2026 को जिला न्यायालय नीमच तथा तहसील न्यायालय मनासा एवं जावद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

खंडपीठों का गठन: जिला विधिक सहायता अधिकारी नीमच श्री प्रवीण कुमार ने बताया कि उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु जिला मुख्यालय नीमच में 12 खंडपीठ, तहसील न्यायालय मनासा हेतु 05 खंडपीठ तथा तहसील न्यायालय जावद हेतु 04 खंडपीठों का गठन किया गया है।

निराकरण हेतु रखे गए प्रकरण: इन खंडपीठों में शमनीय आपराधिक प्रकरण, धारा 138 एन.आई. एक्ट के चेक बाउंस प्रकरण, बैंक रिकवरी प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, ट्रैफिक चालान, श्रम दावा प्रकरण, भूमि अधिग्रहण संबंधी मामले, राजस्व प्रकरण, विद्युत बिल संबंधी प्रकरण, जलकर संबंधी प्रकरण, बीएसएनएल के टेलीफोन बिल संबंधी प्रकरण, वैवाहिक प्रकरण (तलाक को छोड़कर), उपभोक्ता मामले एवं अन्य सिविल वाद आपसी समझौते एवं राजीनामे के माध्यम से निराकृत किए जाएंगे।

राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित कुल 854 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए हैं। खंडपीठों में पीठासीन अधिकारीगण तथा खंडपीठ सदस्यगण द्वारा पक्षकारों को आपसी समझाइश एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रकरणों के निराकरण हेतु प्रयास किए जाएंगे।

प्रधान जिला न्यायाधीश की अपील: माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत ने समस्त आमजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने प्रकरणों का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से करवाकर राष्ट्रीय लोक अदालत में प्राप्त होने वाली छूट एवं सुविधाओं का लाभ उठाएं।

उन्होंने बताया, कि लोक अदालत के माध्यम से निराकृत प्रकरण के विरुद्ध किसी प्रकार की अपील नहीं की जा सकती तथा लोक अदालत सुलभ, सस्ता एवं स्थायी न्याय प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है।

================

आजीविका मिशन से सशक्त होती महिलाएं:

अंजू जाटव ने ऋण लेकर शुरू किया ब्यूटी पार्लर व जनरल स्टोर

जावद के ग्राम ढाबा में संगठनात्मक पहल से बदली तस्वीर

10 स्व-सहायता समूहों से 125 परिवार जुड़े, 55 लाख से अधिक का ऋण वितरित

नीमच 08 मई 2026, म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जावद विकासखण्ड के ग्राम ढाबा में महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम हो रही है। मिशन के सहयोग से महिलाओं ने स्वरोजगार अपनाकर अपनी एवं परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय प्रगति की है।

अंजू जाटव बनीं आत्मनिर्भर: – मिशन के माध्यम से श्रीमती अंजू जाटव ने म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से ब्यूटी पार्लर एवं जनरल स्टोर का व्यापार कर अपनी स्वयं की एवं परिवार की आर्थिक स्थिति में बहुत प्रगति की है। आज श्रीमती अंजू जाटव एवं उनका परिवार खुशी-खुशी अपना जीवन व्यापन कर रहा है।

ग्राम में संगठनात्मक पहल से हुआ सुविधाओं का विस्तार:- म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका के प्रयासों से महिला स्वयं सहायता समूह के गठन, सशक्तिकरण एवं बैंक तथा मिशन से प्राप्त धनराशि की उपलब्धता से जहां समूह सदस्यों एवं परिवारजनों हेतु रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, वहीं ग्राम विकास हेतु शासन एवं ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रयास तेज हो रहे हैं।

ग्राम ढाबा में वर्ष 2019 से समूह गठन की मुहिम के बाद आज 10 महिला स्वयं सहायता समूह गठित हैं। इन समूहों को यूको बैंक सरवानिया महाराज एवं एचडीएफसी बैंक नीमच के माध्यम से 55 लाख रुपये से अधिक के ऋण दिलवाए जा चुके हैं। वर्तमान में लगभग 125 परिवार समूह से जुड़ चुके हैं।

ग्रामीण आजीविका मिशन को इसका श्रेय जाता है कि अब ग्राम में विकास की बयार बह रही है तथा पंचायतीराज संस्थाओं को भी मजबूती मिल रही है।

स.क्र./804/55/मालवीय/फोटो

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच(म.प्र.)

//समाचार//

गांधीसागर-2 योजना की पानी टंकी में मामूली लीकेज प्रारंभिक टेस्टिंग अवधि का है, सुधार कार्य प्रगतिरत-

उपसंग्रामपुर ग्राम की टंकी से वर्तमान में 4 गांवों में की जा रही है जलापूर्ति

नीमच, 08 मई 2026, जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी में लीकेज होने संबंधी स्‍थानीय समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर प्रसारित समाचार के संबंध में म.प्र. जल निगम मर्यादित, परियोजना क्रियान्वयन इकाई नीमच द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई है।

महाप्रबंधक श्री धीरेंद्र कुमार बिजोरिया ने बताया, कि गांधीसागर-2 समूह जल प्रदाय योजना अंतर्गत दाता अमरपुरा के उपसंग्रामपुर ग्राम में टंकी का निर्माण कार्य किया गया है। वर्तमान में गांधीसागर-2 समूह जल प्रदाय योजना अंतर्गत टेस्टिंग कार्य प्रगतिरत है।

वस्तुस्थिति: उक्त टंकी के वर्टिकल पाईप के जॉइंट में जो लीकेज पाया गया है, वह प्रारंभिक टेस्टिंग अवधि में आता है। टेस्टिंग के दौरान पाई जाने वाली ऐसी मामूली कमियों का सुधार कार्य तुरंत ही किया जाता है। वर्तमान में वर्टिकल पाईप में मामूली लीकेज है जिसका सुधार कार्य प्रगतिरत है।

जलापूर्ति जारी: महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में उक्त टंकी से 4 गांव में पानी की सप्लाई सुचारू रूप से की जा रही है। टेस्टिंग पूर्ण होने के उपरांत योजना को अंतिम रूप से संचालित किया जाएगा।

स.क्र./805/56/मालवीय/फोटो

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}