मंदसौर रेलवे स्टेशन पर यातायात व्यवस्था में सुधार, नई पार्किंग व्यवस्था लागू

राज्यसभा सांसद श्री गुर्जर के निर्देश पर हुई कार्रवाई, यात्रियों को मिलेगी राहत
मंदसौर। मंदसौर रेलवे स्टेशन के बाहर लंबे समय से यातायात अव्यवस्थित होने एवं जाम की स्थिति बनने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्टेशन के लिए आने-जाने का एक ही मार्ग होने तथा ऑटो रिक्शाओं के अव्यवस्थित खड़े रहने के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही थी।इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर आरपीएफ अधिकारियों एवं यातायात प्रभारी से चर्चा की और यातायात व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना यातायात द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में ऑटो रिक्शा एवं अन्य वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है।नई व्यवस्था के तहत आरपीएफ के सहयोग से स्टेशन परिसर में लगभग 15 से 20 ऑटो रिक्शाओं के पार्किंग हेतु निर्धारित स्थान चिन्हित किया गया है।
जिसके लिए मार्किंग भी की गई है । अब ऑटो रिक्शा स्टेशन परिसर में तय स्थान पर लाइन से खड़े किए जाएंगे।इसके अलावा रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग पर अधिकतर यात्री ट्रेनों के आवागमन के समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक एवं शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक किसी भी ऑटो रिक्शा को मार्ग पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
इस दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक मंदसौर के निर्देश पर यातायात पुलिस स्टाफ की विशेष ड्यूटी भी लगाई गई है।नई व्यवस्था लागू होने से रेलवे स्टेशन के बाहर लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिलेगी तथा यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा।



