नीमचमध्यप्रदेशराजनीति

-किसानों के हक में 7 मई को शाजापुर में जुटेंगे नीमच जिले के कार्यकर्ता-तरुण बाहेती

किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस करेगी ऐतिहासिक चक्काजाम आंदोलन
नीमच। मध्य प्रदेश में वर्तमान में किसान अन्नदाता सरकार की नाकामियों की वजह से गंभीर संकट और परेशानियों के दौर से गुजर रहा है, जिसके विरोध में और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस द्वारा पूरे प्रदेश में आगामी 7 मई को एक बड़ा आंदोलन किया जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के हक की इस लड़ाई में नीमच जिला कांग्रेस की अगुवाई में जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और किसान साथी बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ हुंकार भरेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने किसानों की मुख्य समस्याओं को रेखांकित करते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश में गेहूं खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और स्लॉट बुकिंग में भारी अनियमितताएं व भ्रष्टाचार होने के कारण गरीब किसान अपनी उपज बेचने के लिए कड़कड़ाती धूप में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए बताया कि सरकारी खरीदी के कई दिनों बाद भी शेष बचे किसानों को उनकी भावांतर राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जो सीधे तौर पर प्रदेश के मेहनतकश किसानों के साथ हो रहे अन्याय और शोषण का स्पष्ट प्रमाण है।
इन्हीं किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माननीय जीतू पटवारी जी के नेतृत्व में पूरी मध्य प्रदेश कांग्रेस किसानों के समर्थन में मजबूती से मैदान में उतर रही है और उनके द्वारा एक निर्णायक संघर्ष का शंखनाद किया गया है। प्रदेश भर में अलग-अलग मुख्यालयों और राजमार्गों पर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ उग्र आंदोलन किए जा रहे हैं ताकि गूंगी-बहरी सरकार तक किसानों की आवाज को पहुँचाया जा सके। इसी कड़ी में प्रदेश का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक एक दिवसीय चक्का जाम आंदोलन 7 मई 2026 को सुबह 11 बजे से आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) शाजापुर में आयोजित किया गया है। उज्जैन संभाग का यह मुख्य और विशाल विरोध प्रदर्शन शाजापुर में रखा गया है जिसमें नीमच जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस साथी और किसान भाई शाजापुर पहुँचकर किसानों के हक के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
बाहेती ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि नीमच जिले की तीनों विधानसभाओं में इस आंदोलन की सफलता और विस्तृत तैयारियों के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा विशेष रूप से नियुक्त विधानसभा प्रभारी जिले का दौरा कर रहे हैं। ये प्रभारी स्थानीय नेताओं के साथ बैठकों के माध्यम से शाजापुर आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दे रहे हैं ताकि नीमच जिले से सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। तरुण बाहेती ने जिले के सभी कांग्रेस जनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान भाइयों से अपील की है कि वे राजनीति से ऊपर उठकर अधिक से अधिक संख्या में शाजापुर पहुँचकर इस चक्का जाम को सफल बनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक दल का राजनैतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हमारे अन्नदाता के सम्मान, उनके अधिकारों और उनके अस्तित्व को बचाने की लड़ाई है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जीतू पटवारी जी के नेतृत्व में होने वाला यह ऐतिहासिक प्रदर्शन सरकार को किसानों की वास्तविक और दयनीय स्थिति बताने में सफल होगा और प्रशासन को किसानों की जायज मांगों को तत्काल मानने के लिए विवश करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}