नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 17 अप्रैल 2026 शुक्रवार

///////////////////////////////////////

सभी राजस्‍व अधिकारी रास्‍ता विवाद के प्रकरणों का 15 जून के पूर्व निराकरण करें-श्री चंद्रा

किसानों के खेतों में आने जाने का कोई मार्ग अवरूद्ध ना रहे

कलेक्‍टर ने राजस्‍व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

नीमच 16 अप्रेल 2026, जिले के सभी राजस्‍व अधिकारी रास्‍ता विवाद, रास्‍ते पर अतिक्रमण संबंधी सभी प्रकरणों का 15 जून के पहले शतप्रतिशत निराकरण कर, रास्‍ते खुलवाएं। किसी भी किसान को खेत पर आने जाने में कोई असुविधा ना हो। यह निर्देश कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जिले के राजस्‍व अधिकारियों की बैठक में राजस्‍व विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में एडीएम श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम नीमच, जावद, मनासा सहित सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्‍टर ने जनपद पंचायतों से जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निर्मित जल संरचनाओ, जल स्‍त्रोतो की सूची प्राप्‍त कर उन्‍हे राजस्‍व रिकार्ड में दर्ज करने के निर्देश भी सभी राजस्‍व अधिकारियों को दिए।

बैठक में कलेक्‍टर ने कहा, कि शासन की विभिन्‍न योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान की फार्मर रजिस्‍ट्री व ईकेवायसी करवाना जरूरी है। जिले के सभी पटवारियों को प्रतिदिन 20-20 फार्मर आई.डी.एवं ईकेवायसी करने के लिए पाबंद करें। कलेक्‍टर ने एक माह में जिले में 30 हजार फार्मर आई.डी. और ईकेवायसी करवाने का लक्ष्‍य निर्धारित कर पूरा करने के निर्देश दिए है। कलेक्‍टर ने सीमांकन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश भी राजस्‍व अधिकारियों को दिए। अवैध कब्‍जा, रास्‍ता विवादों और अतिक्रमण के प्रकरणों का भी तत्‍परतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश सभी राजस्‍व अधिकारियों को दिए है। बैठक में भू-अर्जन के प्रकरणों के निराकरण, नक्‍शा तरमीम, नक्‍शा विहिन ग्रामों के नक्‍शा निर्माण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन प्रकरणों के निराकरण, आधार आरओआर फार्मर रजिस्‍ट्री, ईकेवायसी शासकीय, खसरों का नक्‍शा तरमीम, बटाकंन कार्य की भी समीक्षा की गई।

=============

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं भरा अपना जनगणना फॉर्म

नागरिकों से डिजिटल माध्यम से जनगणना में भागीदारी की अपील की

नीमच 16 अप्रैल 2026 कलेक्टर नीमच एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा ने नागरिकों को डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी हेतु प्रेरित करते हुए गुरुवार को स्वयं जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपना फॉर्म भरकर सराहनीय पहल की है।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने जिलेवासियों को संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक अपने घर बैठे आसानी से “स्व-गणना” सुविधा का लाभ उठा सकते है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर कुछ ही मिनटों में परिवार की संपूर्ण जानकारी दर्ज की जा सकती है, जिससे गणना प्रक्रिया तीव्र, सटीक एवं सुगम होगी।

कलेक्टर ने बताया कि स्व-गणना करने वाले परिवारों के यहां जनगणना प्रगणक केवल डेटा सत्यापन हेतु आएंगे। उन्होंने सभी शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी स्व-गणना करें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

=============

एडीएम श्री बी एस कलेश ने स्वयं भरा जनगणना फॉर्म

नीमच 16 अप्रैल 2026 अपर कलेक्टर नीमच एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री बीएस कलेश ने नागरिकों को डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए गुरुवार को स्वयं जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपना फॉर्म भरकर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने जिले वासियों को यह संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक अपने घर बैठे आसानी से “स्व-गणना” सुविधा का लाभ उठा सकते है। इस मौके पर जिला जनगणना प्रभारी श्री संदीप धोरे अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री पराग जैन भी उपस्थित थे।

=============

नीलकंठ महादेव बोरखेड़ी नदी के घाट की साफ-सफाई की

नीमच 16 अप्रेल 2026, म.प्र.जनअभियान परिषद के अध्‍यक्ष एवं प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ.मोहन यादव के आव्‍हान पर जन अभियान परिषद विकासखण्‍ड नीमच द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम में नीलकंठ महादेव बोरखेड़ी नदी घाट पर स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। करीब दो घंटे चले स्वच्छता श्रमदान में 45 श्रमदानियों ने मिलकर नदी घाट पर साफ सफाई कर, घाट को स्वच्छ किया। इसके उपरांत जल चौपाल कर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता की शपथ दिलवाई। यह जानकारी जिला समन्‍वयक श्री वीरेन्‍द्र सिह ठाकुर ने दी है।

============

जिले में कक्षा एक से 12वीं तक का कोई भी विद्यार्थी शाला में प्रवेश से वंचित ना रहे-श्री चंद्रा

शालावार परीक्षा परिणामों का आंकलन कर अति कम परिणाम वाले संस्‍था प्रमुखों, विषय शिक्षकों के विरूद्ध कार्यवाही करें

कलेक्‍टर ने जिला शिक्षा केंद्र व शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

नीमच 16 अप्रेल 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को जिला शिक्षा केंद्र और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के परीक्षा परि‍णामों की समीक्षा की। उन्‍होने परीक्षा परिणामों में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर, अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए कहा, कि डी.ई.ओ., डी.पी.सी. शालावार, कक्षावार परीक्षा परिणामों का आंकलन, समीक्षा कर अपेक्षाकृत काफी कम परीक्षा परि‍णाम प्राप्‍त करने वाले संस्‍था प्रमुखों और विषय शिक्षकों के विरूद्ध कार्यवाही करें।

कलेक्‍टर ने शालाओं में प्रवेश की समीक्षा में निर्देश दिए,कि सभी शालाओं में कक्षा एक से 12वीं तक के प्रवेश का आंकलन, मे‍पिंग करवाकर सुनिश्चित करें, कि कोई भी शाला में प्रवेश योग्‍य विद्यार्थी स्‍कूल में प्रवेश से वंचित ना रहे। कलेक्‍टर ने सभी संस्‍था प्रमुखों, डी.ई.ओ., डी.पी.सी., ए.सी.सी., बी.ई.ओ., बी.आर.सी., सी.एस.सी., बी.एम.सी. को शालाओं में शतप्रतिशत छात्रों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्‍टर ने पाठ्य पुस्‍तक वितरण कार्य की समीक्षा में निर्देश दिए, कि तीनों विकासखण्‍डों के 10-10 स्‍कूलों में पाठ्य पुस्‍तके वितरण कार्य का सत्‍यापन करवाकर रिर्पोट प्रस्‍तुत करें। कलेक्‍टर ने जिला शिक्षा केंद्र एवं जिला शिक्षा कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारियों की परफार्मेन्‍स का आंकलन कर रिर्पोट प्रस्‍तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्‍होने सभी अधिकारियों को शालाओं का नियमित निरीक्षण एवं कक्षाओं में अध्‍यापन कार्य का जायजा लेने तथा अध्‍यापन कार्य की गुणवत्‍ता में सुधार के निर्देश भी दिए है।

कलेक्‍टर ने शालाओं में सभी कक्षाओं में विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर भी विशेष ध्‍यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुजानमल मांगरिया एवं डीपीसी श्री दिलीप व्‍यास भी उपस्थित थे।

=======

कलेक्‍टर द्वारा अवैध खनिज उत्‍खनन एवं परिवहन के तीन प्रकरणों में 4 लाख से अधिक की शास्ति आरोपित

नीमच 16 अप्रेल 2026, कलेक्‍टर श्री हिमाशु चंद्रा द्वारा अवैध खनिज उत्‍खन एवं परिवहन के तीन प्रकरणों में कुल 4 लाख 58 हजार 750 रूपये की शास्ति अधिआरोपित की गई है। कलेक्‍टर ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अनावेदक अवैध खनिज परिहवनकर्ता वाहन मालिक मदनलाल पिता निर्भय धाकड निवासी रूपारेल बस्‍ती जावद तहसील जावद जिला नीमच द्वारा मिट्टी का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 11250 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 2 लाख रूपये इस प्रकार कुल 2 लाख 11 हजार 250 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं। खनि अधिकारी को निर्देशित किया है, कि अधिरोपित जुर्माने की राशि 211250 रूपए चालान से 15 दिवस के अन्दर शासकीय कोष में जमा होने पर जप्त शुदा वाहन डम्‍पर पंजीयन क्र.आर.जे.09जी.बी.3961 को मुक्त करने के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही की जाए।

इसी तरह अनावेदक अवैध उत्‍खननकर्ता वाहन मालिक मनोहर लाल पिता सुखलाल धाकड़ निवासी अचलावदा तहसील जावद, जिला नीमच द्वारा मिट्टी का अवैध उत्‍खनन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 45 हजार रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 45 हजार रूपये इस प्रकार कुल 90 हजार रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।

इसी तरह अनावेदक अवैध परिवहनकर्ता वाहन मालिक फुलचंद पिता रघुनाथ अहीर निवासी बावल तहसील जावद, जिला नीमच द्वारा मिट्टी का अवैध उत्‍खनन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 78 हजार 750 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 78 हजार 750 रूपये इस प्रकार कुल 157500 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं। खनिज विभाग द्वारा खनिज का अवैध परिवहन एवं उत्‍खनन पाए जाने पर, प्रकरण पंजीबद्ध कर, कलेक्‍टर न्‍यायालय नीमच में प्रस्‍तुत किए गए थे।

===========

साधारण सभा की बैठक 22 अप्रेल को

नीमच 16 अप्रेल 2026, जिला पंचायत नीमच की साधारण सभा की बैठक 22 अप्रेल 2026 को दोपहर 12 बजे कार्यालयीन सभागृह में श्री सज्‍जनसिह चौहान(शिवाजी) की अध्‍यक्षता में आयोजित की जा रही है। बैठक में म.प्र.विद्युत वितरण कम्‍पनी पश्चिम क्षेत्र, लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी, जल जीवन मिशन, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग, राष्‍ट्रीय ग्रामीण स्‍वास्‍थ्‍य मिशन, किसान कल्‍याण तथा कृषि विकास, उद्यानिकी, स्‍कूल शिक्षा, जिला पंचायत वृंदावन ग्राम एवं जल गंगा संवर्धन की समीक्षा की जावेगा। जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव ने जि.प.के सभी सदस्‍यों और जिला अधिकारियों से इस बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।

=================

सभी शासकीय सेवक स्व जनगणना जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवाए- श्री चंद्रा

कलेक्टर ने की जिले के नागरिकों से स्‍वगणना विकल्‍प का उपयोग करने की अपील

नीमच 16 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने नागरिकों से जनगणना पोर्टल पर अपने संबंध में जनगणना से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की है

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना 2026 के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए स्व-गणना (Self-Enumeration) विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग करें। इस सुविधा से नागरिक घर बैठे ही अपने स्मार्टफोन या कंप्यूटर के माध्यम से कुछ ही मिनटों में अपने परिवार की संपूर्ण जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्‍होने सभी शासकीय सेवकों से अपनी व अपने परिवार के सदस्‍यों की जानकारी भी जनगणना पोर्टल पर सेल्‍फ इम्‍यूरेशन के माध्‍यम से दर्ज कराने के निर्देश दिए है।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने बताया कि स्व-गणना से गणना प्रक्रिया तीव्र, सटीक एवं सुगम होगी। स्व-गणना करने वाले परिवारों के यहां प्रगणक केवल डेटा सत्यापन हेतु आएंगे, जिससे नागरिकों एवं प्रगणकों दोनों के समय की बचत होगी।

स्व-गणना की सरल प्रक्रिया: स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। प्रक्रिया 9 आसान चरणों में पूर्ण की जा सकती है:

पोर्टल लॉगिन: https://se.census.gov.in पर जाएं, राज्य चुनें एवं कैप्चर भरें।

परिवार पंजीकरण: परिवार के मुखिया का नाम, 10-अंकीय मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करें। एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार पंजीकृत किया जा सकता है।

ओ.टी.पी. सत्यापन: पसंदीदा भाषा चुनकर मोबाइल पर प्राप्त ओ.टी.पी. दर्ज करें।

स्थान का विवरण: जिला, पिन कोड, ग्राम/नगर/मोहल्ला की जानकारी दें।

मानचित्र पर अवस्थिति: मानचित्र पर मार्कर के माध्यम से अपने मकान की सटीक अवस्थिति चिन्हित करें।

प्रश्नावली भरें: आवासीय एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज करें।

पूर्वावलोकन: भरी गई जानकारी की जांच कर आवश्यक सुधार करें।

अंतिम सबमिशन: “Final Submit” पर क्लिक करें। 11-अंकीय एस.ई. आईडी जनरेट होगी, जो एस.एम.एस. एवं ईमेल पर प्राप्त होगी।

प्रगणक द्वारा सत्यापन: प्रगणक के घर आने पर उन्हें एस.ई. आईडी दिखाकर डेटा सत्यापित कराएं।

महत्वपूर्ण: एस.ई. आईडी जनरेट होने के पश्चात डेटा सुरक्षित रहता है। पंजीकरण के बाद मोबाइल नंबर एवं भाषा परिवर्तित नहीं की जा सकती।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा, “जनगणना राष्ट्र निर्माण का आधार है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे, जिनसे शासन की योजनाएं प्रभावी रूप से बनाई जा सकेंगी। अतः सभी नागरिक स्व-गणना को प्राथमिकता दें।” अधिक जानकारी हेतु आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in देखें अथवा जिला जनगणना कार्यालय, नीमच से संपर्क करें।

===============

कुकड़ेश्‍वर में चलाया गया स्‍वच्‍छता अभियान – बावड़ी की सफाई की

नीमच 16 अप्रेल 2026, जल गंगा सवर्धन के तहत जल स्रोतों के संरक्षण की पहल जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नगर परिषद कुकड़ेश्वर में बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कमल सिंह परमार, अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री महेंद्र पटवा, पार्षदगणों ने शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने वाली बावड़ी की विशेष स्वच्छता अभियान चला कर साफ-सफाई की और नाला-नालि‍यों की भी साफ-सफाई का कार्य किया।

============

निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ-शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम सम्‍पन्‍न

नीमच 16 अप्रेल 2026, शासकीय आयुर्वेद औषधालय पिपल्या जागीर द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र 3 पर पोषण पखवाड़ा के तहत निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ-शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्त अल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, साइटिका, प्रमेह आदि रोगों की जांच कर रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में कुल 52 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

इस अवसर पर पंचायत सदस्य, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ.आबिद खान, गोपाल कृष्ण गंधर्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

================

चल्‍दू के दुर्घटना पीडित परिवार को मिली 50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता

कलेक्‍टर ने रेडक्रास से प्रदान की सहायता राशि

नीमच 16 अप्रेल 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा नीमच विकासखण्‍ड के ग्राम चल्‍दू में गत दिवस सड़क दुर्घटना में पीडित परिवार को 50 हजार रूपये रेडक्रास नीमच से आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई है। सहायक प्रशासक रेडक्रास श्री पराग जैन ने बताया, कि इस दुर्घटना में मुकेश की पत्नि की मृत्‍यु हो जाने और 6 वर्षीय बालक की भी मृत्‍यु हो जाने पर पीड़ि‍त परिवार को यह 50 हजार रूपये की तात्‍कालिक आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई है। पीड़ि‍त परिवार को चेक द्वारा राशि प्रदान कर दी गई है।

===============

पिता स्वर्गीय श्री दीपक सोलंकी के सपनों को दी उड़ान :

मयंक सोलंकी ने 12वीं बोर्ड में हासिल की शानदार सफलता, भावुक क्षण लेकर आई है यह सफलता

इंदौर (रालामण्डल)/नीमच । रालामण्डल निवासी मयंक सोलंकी ने एमपी बोर्ड की 12वीं कक्षा (कॉमर्स, इंग्लिश मीडियम) में उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और समाज का गौरव बढ़ाया है। मयंक, कीर समाज युवा महासभा इंदौर के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वर्गीय श्री दीपक सोलंकी के सुपुत्र और ठेकेदार मंशारामजी कीर के सुपौत्र हैं।
बुधवार, 15 अप्रैल को घोषित हुए परीक्षा परिणामों में मयंक ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह सफलता उनके परिवार के लिए भावुक क्षण लेकर आई है, क्योंकि मयंक के पिता श्री दीपक सोलंकी जी का निधन हाल ही में 11 अप्रैल 2026 को हुआ था। मयंक ने परीक्षा की पूरी तैयारी और पेपर अपने पिता के मार्गदर्शन और सानिध्य में ही दिए थे। आज जब परिणाम आया, तो यह उनके पिता की मेहनत और मयंक के प्रति उनके विश्वास की जीत के रूप में देखा जा रहा है।
मयंक की इस उपलब्धि पर परिजनों और मित्रों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिता के सपने को सच कर दिखाया है। समाज के शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}