समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 17 अप्रैल 2026 शुक्रवार

/////////////////////////////
आहत एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया
चंदवासा- गांव में 10वीं कक्षा में फेल होने से आहत एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने हालत बिगड़ने पर तुरंत उसे शामगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया। फिलहाल युवती का इलाज जारी है…।
===============
दुधाखेड़ी माता मंदिर में दानराशि चोरी, महिला कर्मचारी CCTV में पकड़ी गई
भानपुरा क्षेत्र के प्रसिद्ध दुधाखेड़ी माता मंदिर में दानराशि की गणना के दौरान चोरी का मामला सामने आया है। नवरात्रि के बाद पिछले दो दिनों से चल रही गिनती में शामिल एक महिला कर्मचारी ने पहले दिन 1500 रुपए और दूसरे दिन 11000 रुपए चुराकर अपने घर ले गई। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में महिला की हरकत कैद हो गई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उससे पूरी राशि वापस ले ली। जानकारी के अनुसार संबंधित महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता है और उसके पति शिक्षक बताए जा रहे हैं। घटना के सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन ने गिनती प्रक्रिया में और सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
============
कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने स्व गणना में स्वयं भरा जनगणना फॉर्म
मंदसौर 16 अप्रैल 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने नागरिकों को डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए स्वयं जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपना फॉर्म भरकर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने यह संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक अपने घर बैठे आसानी से “स्व-गणना” सुविधा का लाभ उठा सकता है।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने बताया कि स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक बिना किसी फील्ड कर्मी के घर आए, स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे तकनीक का उपयोग करते हुए इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें और समय रहते अपना जनगणना फॉर्म भरें। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि डेटा की शुद्धता एवं विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होगी।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि स्व-गणना करने के लिए नागरिकों को केवल जनगणना के आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करना होगा, आवश्यक जानकारी भरनी होगी और फॉर्म को सबमिट करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित एवं सरल है।
कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे “स्व-गणना” को अपनाएं और जनगणना को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
===========
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा : प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया
कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन संपन्न
मंदसौर 16 अप्रैल 26 / कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। महिलाओं को संसद एवं विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, उपाध्यक्ष श्रीमती मनु प्रिया विनीत यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका मुकेश गिरी गोस्वामी, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, श्रीमती स्वाति चोपड़ा, सुवासरा विधायक श्री हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, जनपद अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित जिलाधिकारी, बड़ी संख्या में मातृ शक्ति पत्रकार मौजूद थे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता रही, जिससे सम्मेलन का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय साबित होगा। इससे महिलाओं को न केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलेगा, बल्कि नीति निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि इस अधिनियम का एकजुटता के साथ समर्थन करें।
उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक संसद में इस विषय पर तीन दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसे सभी नागरिकों को ध्यानपूर्वक सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक महिलाओं ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है और अब समय आ गया है कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भी समान भागीदारी दी जाए।
प्रभारी मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि इन प्रतिभाशाली छात्राओं का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाएं अब न केवल स्वयं आय अर्जित कर रही हैं, बल्कि अन्य लोगों को रोजगार भी प्रदान कर रही हैं और विभिन्न उद्योग स्थापित कर रही हैं। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार ने कहा कि “जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है।” उन्होंने इस अधिनियम को महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह अधिनियम मातृशक्ति को उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करेगा और समाज में उनके सम्मान को और अधिक बढ़ाएगा।
अंत में प्रभारी मंत्री द्वारा 10वीं एवं 12वीं कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं का मंच से सम्मानित किया एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रेरणादायक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
==============
आयुष्मान आरोग्य अभियान अंतर्गत दाउदखेड़ी में हुआ स्वास्थ्य शिविर आयोजित
मंदसौर 16 अप्रैल 26 / शत दिवसीय आयुष्मान आरोग्य अभियान के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत दाउदखेड़ी, जिला मंदसौर में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर हाई रिस्क क्षेत्रों के निवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा टीबी (क्षय रोग) जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना था।
टीबी जागरूकता एवं जांच
स्वास्थ्य विभाग के TBHV श्री अजय पाण्डेय ने उपस्थित जनसमुदाय को टीबी रोग के लक्षणों एवं उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार खांसी, भूख न लगना, वजन कम होना, रात में पसीना आना और बुखार टीबी के प्रमुख संकेत हो सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समय पर जांच और 6 माह के नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएँ
शिविर में नागरिकों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें प्रमुख रूप से शामिल रहे: टीबी स्क्रीनिंग (एक्स-रे के माध्यम से संदिग्ध एवं पूर्व उपचाररत मरीजों की जांच), हीमोग्लोबिन (HB) परीक्षण, ब्लड प्रेशर (BP) जांच, ब्लड शुगर जांच, बीएमआई (BMI) परीक्षण।
============
राहगीर अभियान के तहत ग्राम सानड़ा में शासकीय रास्तों का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
मंदसौर 16 अप्रैल 26 / जिले के गरोठ उपखंड में संचालित “राहगीर अभियान” के अंतर्गत आज ग्राम सानड़ा में शासकीय रास्तों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान गरोठ एसडीएम श्री राहुल चौहान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
एसडीएम श्री चौहान ने बताया कि गरोठ उपखंड की तहसील गरोठ, शामगढ़ एवं भानपुरा के सभी ग्रामों में रास्तों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण हेतु यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत शासकीय रास्तों एवं विभिन्न विभागों द्वारा निर्मित सड़कों से अतिक्रमण हटाने, राजस्व नक्शों में रास्तों का चिन्हांकन करने तथा खसरों में आवश्यक अद्यतन कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान जनभागीदारी के आधार पर संचालित किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।यह अभियान 7 अप्रैल से प्रारंभ होकर 15 मई तक जारी रहेगा।
प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि आवागमन सुगम एवं सुरक्षित हो सके।
===========
जनगणना देश के विकास की नींव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का ऑनलाईन आरंभ
प्रदेश में होगा 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व-गणना पोर्टल पर प्रारंभिक पंजीकरण कर प्रदेश में स्व-गणना प्रक्रिया आरंभ की
मंदसौर 16 अप्रैल 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 16 अप्रैल से प्रदेश में जनगणना का शुभारंभ हो रहा है। यह सिर्फ आंकड़ों की प्रक्रिया नहीं बल्कि हमारे राष्ट्र के भविष्य को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कदम है। जनगणना देश की रीढ़ है, यह विकास की नींव है। इस बार की जनगणना डिजिटल और आधुनिक तकनीक के साथ हो रही है। प्रदेशवासियों को इसमें पूर्ण निष्ठा और सत्यता के साथ भाग लेना चाहिये। यह जनगणना हमारे बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए है।
प्रदेश में 16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाईन स्व-गणना का कार्य होगा। एक से 30 मई तक मकान सूचीकरण होगा। यह प्रक्रिया डिजिटल रूप से होगी। मुख्यमंत्री डॉ . यादव ने प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में आयोजित कार्यक्रम में यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर प्रारंभिक पंजीकरण कर प्रदेश में स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों की प्रक्रिया नहीं बल्कि राष्ट्र के भविष्य को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कदम है। इससे हम जान सकेंगे कि विकास की धारा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुगमता से पहुंच रही है या नहीं। यह जनगणना हमारी अगली पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के लिए है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि जनगणना में वह सही, सटीक और पूर्ण जानकारी दे। जनगणना में लगे कर्मचारी-अधिकारी राष्ट्र निर्माण का पवित्र कार्य कर रहे हैं। उनका परिश्रम और सटीकता से किया गया कार्य देश के भविष्य को मजबूत बनाएगा। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन, कलेक्टर भोपाल श्री प्रियंक मिश्रा, आयुक्त भोपाल नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, जनगणना संचालनालय के डिप्टी रजिस्टार जनरल डॉ. विजय कुमार सहित जिला प्रशासन और जनगणना संचालनालय के अधिकारी उपस्थित थे।
=========



