अपराधझालावाड़पचपहाड़ (Pachpahar)

भवानीमंडी में मिलावटी दूध का भंडाफोड़: तीन डेयरियों पर छापा, 250 लीटर नकली दूध जब्त

भवानीमंडी में मिलावटी दूध का भंडाफोड़: तीन डेयरियों पर छापा, 250 लीटर नकली दूध जब्त

 

भवानीमंडी (झालावाड़)। आगामी होली पर्व को देखते हुए प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत झालावाड़ प्रशासन ने भवानीमंडी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी दूध के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की तीन डेयरी इकाइयों पर एक साथ छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में मिलावटी दूध और रसायन बरामद किए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि डिप्टी प्रेम कुमार चौधरी के निर्देशन में ग्राम मोगरा स्थित किसान डेयरी, सरोद स्थित श्रीराम डेयरी और पगारिया स्थित कान्हा दूध डेयरी की जांच की गई। जांच के दौरान सबसे गंभीर अनियमितताएं कान्हा दूध डेयरी पर पाई गईं, जहां बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालन किया जा रहा था।

मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की मौके पर जांच में दूध पूरी तरह अमानक पाया गया। टीम ने डेयरी से करीब 250 लीटर मिलावटी दूध, 15 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 12 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल और 3 किलो सोडियम बाइकार्बोनेट जब्त किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन पदार्थों के मिश्रण से कृत्रिम दूध तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान मिलावटी दूध पाए जाने पर मौके पर ही तीन बल्क मिल्क कूलर (बीएमसी) सीज कर दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मिश्रित दूध के नमूने एकत्र कर विस्तृत जांच के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला, कोटा भेज दिए हैं।

संयुक्त कार्रवाई दल में भूराराम गोदारा, आशीष रावत, मुकेश गोचर सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}