समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 16 अप्रैल 2026 गुरुवार

///////////////////////////////////
बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले ने हायर सेकेंडरी में प्रदेश में 11वां एवं हाई स्कूल में प्रदेश में 19वां स्थान प्राप्त किया
हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश मेरिट में जिले के 3 एवं हाई स्कूल के 2 बच्चों ने स्थान पाया
हाईस्कूल परीक्षा में 18 एवं हायर सेकेंडरी में 6 शासकीय शालाओं का परिणाम शत प्रतिशत रहा
मंदसौर 15 अप्रैल 26/ जिला शिक्षा अधिकारी जिला मन्दसौर द्वारा बताया गया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश भोपाल द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम अनुसार मंदसौर जिले का हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम शासकीय शालाओं का नियमित परीक्षार्थियों का 87.53% रहा है, वहीं अशासकीय शालाओं के नियमित परीक्षार्थियों का परिणाम 80.86% रहा | संपूर्ण जिले का नियमित परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम 84.89% रहा एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का परिणाम 28.90 रहा है। हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले का प्रदेश स्तर पर 11 वां स्थान रहा है। गतवर्ष 2025 के हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले का परिणाम 83.16% रहा था, इस वर्ष इसमें 4% की वृद्धि हुई है। इस वर्ष हायर सेकेंडरी परीक्षा में संपूर्ण जिले में 10527 नियमित परीक्षार्थी एवं 980 स्वाध्याय परीक्षार्थी 11507 परीक्षार्थी दर्ज हुए थे। हायर सेकेंडरी परीक्षा में राज्य मेरिट सूची में जिले के 3 परीक्षार्थियों ने स्थान बनाया है।
इसी प्रकार हाई स्कूल परीक्षा का परिणाम शासकीय शालाओं के नियमित परीक्षार्थियों का 80.92% एवं शासकीय शालाओं के नियमित परीक्षार्थियों का 73.30% रहा | संपूर्ण जिले के नियमित परीक्षार्थियों का 77.95% रहा एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का 18.42% रहा है। हाई स्कूल परीक्षा में राज्य स्तर पर जिले का 19वां स्थान रहा है। गतवर्ष हाई स्कूल परीक्षा परिणाम 83.55% रहा था एवं प्रदेश में जिले को 13वां स्थान प्राप्त हुआ था। हाई स्कूल परीक्षा में इस वर्ष 14758 नियमित 1227 स्वाध्यायी मिलाकर कुल 15985 विद्यार्थी दर्ज हुए थे। हाई स्कूल परीक्षा की रजिस्टर मेरिट सूची में जिले के दो परीक्षार्थियों को स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि संपूर्ण प्रदेश का हायर सेकेंडरी का नियमित परीक्षार्थियों का परिणाम 86.01% एवं हाई स्कूल का परिणाम 73.42% रहा है। दोनों परीक्षाओं में जिले का प्रदर्शन राज्य स्तरीय परीक्षा परिणाम से अच्छा रहा है।
==============
मंदसौर में एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर को लेकर उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
मंदसौर 15 अप्रैल 26/ कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश (भारतीय सेना) 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी मंदसौर द्वारा बताया गया कि मेजर जनरल जे.पी. सिंह, एडीजी, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी, ब्रिगेडियर संजीव कुमार तथा कर्नल ज्योति प्रकाश 5 मध्य प्रदेश एनसीसी बटालियन, मंदसौर ने इस परियोजना के संबंध में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा से मुलाकात की।
बैठक के दौरान मंदसौर में एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना पर विस्तृत चर्चा हुई। इस पहल को लेकर मंत्री श्री देवड़ा ने सिद्धांततः सहमति प्रदान की। साथ ही, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ एनसीसी डायरेक्टरेट द्वारा परियोजना के लिए शीघ्र ही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
यह पहल इंदौर और उज्जैन संभाग के क्षेत्रों के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा, इससे उन्हें उच्च स्तरीय एनसीसी प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जो न केवल उनके कौशल विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा में बेहतर रोजगार और करियर के अवसर भी प्रदान करेगा।
=======



