समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 28 सितंबर 2025 रविवार

///////////////////////////
NDPS एक्ट में फरार अर्जुन डांगी कोटडमाता को गिरफ्तार
सीतामऊ :- सीतामऊ थाना पुलिस द्वारा फरवरी 2025 में हुए NDPS एक्ट में फरार आरोपी कुख्यात तस्कर अर्जुन पिता मोहनलाल डांगी निवासी कोटडमाता को गिरफ्तार उक्त आरोपी की निशानदेही से उक्त प्रकरण में ही ईश्वरलाल धाकड़ ओर आरोपी राकेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायलय में पेश किया है उक्त प्रकरण में 4 अन्य आरोपी ओर फरार है जिनकी तलाश की जा रही है,सभी आरोपी 2 क्विंटल डोडाचूरा के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
===============
सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत एचआईवी/एड्स विषयक कार्यक्रम आयोजित
मंदसौर 27 सितम्बर 25/ मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल के निर्देशानुसार जिले में सघन जागरूकता अभियान अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सिविल हॉस्पिटल गरोठ द्वारा शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल मेलखेड़ा, तहसील गरोठ में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इसमें विद्यार्थियों को एचआईवी बीमारी के कारण, बचाव हेतु सावधानियों एवं उपलब्ध इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सिफीलिस, हेपेटाइटिस-बी, टीबी जैसी अन्य संक्रामक बीमारियों के लक्षण एवं बचाव के उपाय बताए गए। एचआईवी एक्ट 2017 एवं राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 की जानकारी भी दी गई।
इसी क्रम में शासकीय महाविद्यालय दलोदा के अंतर्गत ग्राम दलोदा रेल में रेड रिबन क्लब द्वारा पंचायत एवं विद्यालय के सहयोग से रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजनों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से एचआईवी/एड्स से संबंधित संदेश प्रसारित किए गए तथा ग्रामीणों को पंपलेट वितरित किए गए। इस दौरान 16 व्यक्तियों का एचआईवी/वीडीआरएल स्क्रीनिंग किया गया। ग्रामीणों को राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 की जानकारी दी गई।
==================
जिला अस्पताल मंदसौर में 28 सितम्बर को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
10 हजार से भी अधिक महिलाओं को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
मंदसौर 27 सितम्बर 25/ जिला प्रशासन द्वारा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत रविवार 28 सितम्बर 2025 को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिला चिकित्सालय मंदसौर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर जिला चिकित्सालय, मंदसौर एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज मंदसौर तथा श्री अरबिंदो हॉस्पिटल, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। शिविर में सुप्रसिद्ध सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सक अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्त्री रोग, निःसंतानता, कैंसर रोग (स्तन व गर्भाशय कैंसर), मधुमेह, लिवर रोग, हृदय रोग, हार्मोन रोग तथा पेट के रोग संबंधी निःशुल्क परामर्श व उपचार दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उम्मीदों वाली बसों के माध्यम से महिलाओं के प्रारंभिक कैंसर परीक्षण हेतु डिजिटल मैमोग्राफी, मोबाइल कैंसर यूनिट द्वारा पैप स्मीयर, कोलपोस्कोपी स्क्रीनिंग, बायोप्सी, लिवर फाइब्रो स्कैन तथा नेत्र रोग की जांच की जाएगी। साथ ही हृदय रोगियों हेतु 2D इको जांच सहित सभी आवश्यक जाँचें एवं उपचार निःशुल्क उपलब्ध रहेंगे। शिविर में उपचार हेतु आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।
============
प्रदेश में जिला मुख्यालय पर होगा दिव्यांगजन चिन्हांकन शिविर का आयोजन
मंदसौर 27 सितम्बर 25 / प्रदेश सरकार द्वारा सेवा पखवाड़े के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा 27 और 28 अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालय पर दिव्यांगजन चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया जाएगा। दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में शिविर में दिव्यांगों को 2 अक्टूबर तक उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा।
जिला मुख्यालयों पर शिविर में दिव्यांगजनों की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण जैसे श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, बैसाखी, कृत्रिम अंग आदि का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सक्षम बनाकर उनके आत्मनिर्भरता एवं सम्मानजनक जीवन को प्रोत्साहन देना है। उपकरण वितरण से दिव्यांगजन शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों में अधिक सशक्त रूप से भाग ले सकेंगे।
शिविर में जन-प्रतिनिधि, जिला प्रशासन, सामाजिक संस्थाएँ एवं स्थानीय नागरिक और दिव्यांगजन उपस्थित रहेंगे।
===========
2 अक्टूबर गांधी जयंती पर रहेगा शुष्क दिवस
मंदसौर 27 सितंबर 25 / कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग ने बताया गया कि 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है। जिले की समस्त कम्पोजिट मदिरा दुकानें, मदिरा गोदाम, एफएल-2 बार, एफएल-3 बार, वाईन शॉप एवं स्टोरेज मद्य भंडागार बंद शुष्क दिवस की अवधि के दौरान बंद रहेगा।
============
जल उपयोगिता समिति की जिला स्तरीय बैठक 1 अक्टूबर को
मंदसौर 27 सितंबर 25 / जिला जल उपयोगिता समिति एवं कार्यपालन यंत्री जल संसाधन सचिव विजेन्द्रसिंह डोडवे द्वारा बताया गया कि जल उपयोगिता समिति की जिला स्तरीय बैठक 1 अक्टूबर 2025 को दोपहर 03:00 बजे सुशासान भवन सभाकक्ष में आयोजित होगी।
============
मंदसौर कृषि उपज मण्डी में हम्माली कार्य हेतु 15 अक्टूबर तक करें आवेदन
मंदसौर 27 सितम्बर 25/ कृषि उपज मण्डी समिति मंदसौर के सचिव ने बताया कि मण्डी प्रांगण में किसानों द्वारा विक्रय हेतु लाई गई कृषि उपज की उतराई, भराई, तुलाई आदि कार्यों के लिए हम्मालों की आवश्यकता है।
इस कार्य हेतु इच्छुक एवं मध्यप्रदेश के मूल निवासी व्यक्ति एम.पी. ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। साथ ही कार्यालयीन समय में कृषि उपज मण्डी समिति, मंदसौर में सीधे भी आवेदन 15 अक्टूबर 2025 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
समिति द्वारा हम्माली कार्य हेतु अनुज्ञप्ति कार्य की आवश्यकतानुसार “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए कृषि उपज मण्डी समिति, मंदसौर से संपर्क किया जा सकता है।
=================
कृषि कार्य में मृत्यु होने पर 4 लाख रू की आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंदसौर 27 सितंबर 25 / मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना की कण्डिका 4(01) के तहत कृषि यंत्रों का उपयोग करते हुए (जिसमें खेती से संबधीत सिंचाई कार्य भी सम्मिलित है ) दुर्घटना में मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। आवरा निवासी लालचंद की कृषि कार्य करते समय दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा मृतक के निकटतम वारिस मायाबाई को 4 लाख रू की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
=============
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिंगल क्लिक से 29 सितंबर को करेंगे फीस प्रतिपूर्ति
20 हजार से अधिक अशासकीय विद्यालयों को अंतरित की जायेगी 489 करोड़ रुपये की राशि
8 लाख 45 हजार विद्यार्थियों की फीस की होगी प्रतिपूर्ति
मंदसौर 27 सितंबर 25 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिक्षा का अधिकार अधिनियम अन्तर्गत अशासकीय विद्यालयों में निःशुल्क अध्ययनरत बच्चों की 489 करोड़ रुपये फीस प्रतिपूर्ति की राशि सिंगल क्लिक से सीधे स्कूलों के खातों में अंतरित करेंगे। फीस अंतरण का कार्यक्रम हरदा जिले के खिरकिया नगर में 29 सितम्बर, 2025 को होगा।
राज्य शिक्षा केन्द्र की अपर मिशन संचालक श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वर्ष 2023-24 के अशासकीय विद्यालयों के प्रेषित प्रस्ताव पर नियमानुसार पोर्टल से जनरेटेड इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट के माध्यम से फीस प्रतिपूर्ति की कार्यवाही की गयी है। प्रदेश के 20 हजार 652 अशासकीय विद्यालयों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत नि:शुल्क अध्ययनरत करीब 8 लाख 45 हजार विद्यार्थियों की फीस की प्रतिपूर्ति की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के अंतर्गत गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में वंचित समूह एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को उनके ग्राम, वार्ड अथवा पड़ोस में स्थित स्कूल की प्रथम प्रवेशित कक्षा की न्यूनतम 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क प्रवेश दिये जाने का प्रावधान है। वर्तमान में शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के तहत प्रदेश में लगभग 8.50 लाख बच्चे अशासकीय स्कूलों में निःशुल्क अध्ययनरत होकर शिक्षा प्राप्त कर रहे है। पूर्व के वर्षों में प्रवेशित छात्रों की संख्या को देखा जाये तो सत्र 2011-12 से लागू इस प्रावधान के तहत अशासकीय स्कूलों में नि:शुल्क अध्ययन से लगभग 19 लाख बच्चे लाभान्वित हो चुके हैं। इन बच्चों की निजी विद्यालयों में नि:शुल्क शिक्षण व्यवस्था के तहत राज्य सरकार द्वारा अब तक लगभग 3 हजार करोड़ रूपये की फीस प्रतिपूर्ति की गयी है।
============



