मंदसौरमंदसौर जिला
रामनवमी पर निकाली भगवान राम की शोभायात्रा

कुमावत समाज ने रामजानकी मंदिर में किया यज्ञ, पूर्णाहुति के बाद शहर में निकला चल समारोह
मंदसौर। भगवान श्री राम जन्मोत्सव और रामनवमी के अवसर पर नगर में क्षत्रिय मेवाड़ा कुमावत समाज द्वारा भगवान राम की शोभायात्रा निकाली गई। नरसिंहपुरा स्थित श्री रामजानकी मंदिर में पूजन के बाद शोभायात्रा शुरू हुई, जो शहर के मुख्य मार्गो से गुजरी।
रविवार को कुमावत समाज के द्वारा रामनवमी के अवसर पर हर वर्ष शोभायात्रा निकाली जाती है। इससे पहले समाज द्वारा प्रताप नरसिंहपुरा स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर में यज्ञ किया गया। महिलाओं के द्वारा भजन-कीर्तन कर किये गये। इसके बाद राम जानकी मंदिर से चल समारोह शुरू हुआ, जो शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा। चल समारोह नरसिंहपुरा, नरसिंहघाट, रामटेकरी, महाराणा प्रताप चौराहा, बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, नेहरू बस स्टेण्ड, भारतमाता चौराहा, घंटाघर, शुक्ला चौक, नयापुरा रोड़ से होते हुए वापस नरसिंहपुरा श्री राम जानकी मंदिर पहुंचा।
कुमावत समाज के अध्यक्ष राधेश्याम कुमावत, सचिव मोहनलाल कुमावत, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमावत व कोषाध्यक्ष कारूलाल कुमावत ने बताया कि रामटेकरी सहित जगह-जगह चल समारोह का स्वागत किया गया। चल समारोह में भगवान राम की पालकी चल रही थी। इसमें भगवान राम की प्रतिमा को विराजित किया गया था। इसके पीछे समाज के नागरिक डीजे की धुन पर नाचते गाते हुए चल रहे थे। पीछे बग्गी ने भगवान राम की तस्वीर विराजमान की गई थी। शहर में नागरिकों ने जगह जगह भगवान राम की पूजा की और आरती उतारी।
शहर में भ्रमण करते हुए शोभायात्रा वापस नरसिंहपुरा श्री राम जानकी मंदिर पहुंची। यहां भगवान राम की आरती की गई। साथ ही प्रसादी का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।