मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 04 जून 2026 गुरुवार

///////////////////////////////

MP कैबिनेट का बड़ा फैसला: 48 लाख पट्टाधारियों को मिलेंगे रजिस्टर्ड दस्तावेज, लोन लेना होगा आसान

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने स्वामित्व योजना के तहत बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रदेश के पट्टाधारियों को संपत्ति के रजिस्टर्ड दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकारी जानकारी के अनुसार, इस फैसले से करीब 48 लाख पट्टाधारी लाभान्वित होंगे। सरकार इस योजना पर लगभग 3800 करोड़ रुपये खर्च करेगी। रजिस्टर्ड दस्तावेज मिलने के बाद लोगों के लिए बैंक से लोन लेना आसान हो जाएगा और संपत्ति पर कानूनी अधिकार भी अधिक मजबूत होंगे। इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

================

महत्वपूर्ण सूचना-

पिपलिया स्टेशन –मंदसौर सेक्शन में स्थित साबाखेड़ा अंडर ब्रिज (LHS No. 356-A) पर सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्य के चलते यह मार्ग 05 जून 2026 से 20 जून 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा। औद्योगिक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग – लाल घाटी मार्ग रहेगा। ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग साबाखेड़ा – संजीत मार्ग होते हुए मंदसौर (लगभग 11 किमी) एवं साबाखेड़ा – मंडी मार्ग होते हुए लक्ष्मीबाई चौराहा (लगभग 8 किमी) रहेगा। रतलाम रेल प्रशासन आमजन एवं वाहन चालकों से अनुरोध करता है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा सहयोग प्रदान करें, ताकि सड़क सुधार कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।

===========

अब इंस्टा-वॉट्सऐप चलाने के लिए देने पड़ेंगे पैसे, आया रिचार्ज जैसा प्लान !

मेटा ने आखिरकार एक बड़ा ऐलान कर दिया है और अब इंस्टाग्राम, फेसबुक, वॉट्सऐप के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान को पेश किया है। अब प्लस वर्जन के लिए मंथली चार्ज देना होगा, जिसकी जानकारी कंपनी ने दी है। प्लस प्लान के तहत यूजर्स को नए और एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे।

=========

अधिकारीयों ने तहसील कार्यालय भवन के लिए खेड़ा – माऊखेड़ा चौराहा पर भूमि आरक्षित की

सीतामऊ। नगर के सुवासरा रोड़ हाई वे से लगे खेड़ा – माऊखेड़ा चौराहा पर अनुविभागीय अधिकारी शिवानी गर्ग तहसीलदार मोहित सिनम नपं सीएमओ जीवन राय माथुर सहित राजस्व टीम ने न्यू सयुक्त तहसील कार्यालय भवन के लिए की भूमि का निरीक्षण कर लगभग 4 हेक्टर भूमि आरक्षित की गई।

=========

मदरसों का सत्यापन कर नियमों के अनुरूप कराया जाए संचालन : डॉ. निवेदिता शर्मा

बारिश से पहले जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत एवं बाल संरक्षण मामलों में त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश

मंदसौर 3 जून 2026/ मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा एवं सदस्य श्रीमती सोनम निनामा ने बुधवार को मंदसौर सर्किट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बिश्नोई, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, वन स्टॉप सेंटर, अपना घर एवं बाल कल्याण समिति के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आयोग अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने शिक्षा विभाग को जिले में संचालित मदरसों का सत्यापन करने तथा उन्हें निर्धारित शासकीय नियमों के अनुरूप संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो मदरसे नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संचालन बंद कराया जाए। जिले में वर्तमान में 13 मदरसे संचालित हैं।

उन्होंने “अपना घर” संस्था से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बच्चों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत मुक्त कराने एवं सभी शासकीय प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग को मंदसौर में शिशु गृह प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में लाड़ली लक्ष्मी योजना के सक्रिय हितग्राहियों की जानकारी ली गई तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष आने वाले सभी प्रकरणों की 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए तथा पॉक्सो मामलों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

डॉ. शर्मा ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि बारिश से पूर्व सभी जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा विद्यालयों में शौचालयों की समुचित व्यवस्था और नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों को गंभीरता से लेकर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

बैठक में श्रम विभाग को बाल श्रम रोकने के लिए निरंतर कार्रवाई करने तथा स्वास्थ्य विभाग को निरामय योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

===========

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग मंत्री श्री शुक्ला मंदसौर दौरे पर रहेंगे

मंदसौर 3 जून 2026/ नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग मंत्री श्री राकेश शुक्ला 3 जून को रात 11:51 मंदसौर आगमन एवं सर्किट हाउस मंदसौर में रात्रि विश्राम करेंगे ।

4 जून 2026 को प्रातः 9:30 बजे भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन एवं पूजन करेंगे । तत्पश्चात प्रातः 10:00 बजे भगवान पशुपतिनाथ मंदिर से सिंगोली जिला नीमच के लिए प्रस्थान करेंगे ।

5 जून 2026 को श्री शुक्ला दोपहर 12:30 बजे गाँधी सागर आगमन एवं दोपहर 2:30 बजे गाँधीसागर से अशोकनगर के लिए प्रस्थान करेंगे।

===========

पुलिस विभाग द्वारा कुषाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में नशामुक्ति सूचना शिविर आयोजित

मंदसौर 3 जून 26 / पुलिस विभाग द्वारा कुषाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में नशामुक्ति सूचना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, वनमंडलाधिकारी श्री संजय रॉयखेरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज जारी किए जा रहे हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देकर नागरिक पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा समाज को नशे और अवैध गतिविधियों से मुक्त बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने कहा कि यदि आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो तो उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर पर दें। पुलिस प्रशासन सदैव आमजन के साथ है और उनकी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

नशामुक्ति विशेषज्ञ डॉ. वंदना पाटीदार ने नशे से होने वाले दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को किस प्रकार प्रभावित करता है। साथ ही उन्होंने लोगों से नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों की सहायता करने तथा उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान शासकीय सुंदरलाल पटवा चिकित्सा महाविद्यालय की टीम द्वारा नशामुक्ति का संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं भावना लोहार ड्राइंग स्कूल की टीम द्वारा नशामुक्ति विषय पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी एवं रंगोली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्राचार्य श्री महेश त्रिवेदी द्वारा नशामुक्ति पर आधारित गीत को लांच किया गया। कार्यक्रम का संचालन नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र भास्कर ने किया तथा अंत में एसडीओपी श्रीमती कीर्ति बघेल ने आभार व्यक्त किया।

================

एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 के तहत संचालन के लिए 30 जून तक आवेदन आमंत्रित

निवेशकों एवं उद्यमियों को बैंक ऋण, ब्याज सबवेंशन एवं तकनीकी सहायता का मिलेगा लाभ

मंदसौर 3 जून 26 / मत्स्योद्योग सहायक संचालक ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा लागू की गई “मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026” के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में मत्स्योद्योग विभाग, जिला पंचायत एवं नगरीय निकायों के चयनित जलाशयों के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने हेतु उद्यमी मॉडल के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

नीति के अंतर्गत निवेशकों एवं उद्यमियों को केज एक्वाकल्चर, एक्वापोनिक्स, इंटीग्रेटेड फिश फार्मिंग, ईको टूरिज्म तथा ग्रीन एनर्जी जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने एवं निजी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के माध्यम से फिश हैचरी, आईस प्लांट, कोल्ड स्टोरेज, फिश प्रोसेसिंग यूनिट तथा विपणन अधोसंरचना के विकास हेतु सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

योजना के अंतर्गत पात्र निवेशकों एवं उद्यमियों को बैंक ऋण सुविधा, ब्याज सबवेंशन तथा तकनीकी सहायता भी प्रदान की जाएगी।

इच्छुक निवेशक एवं उद्यमी 30 जून 2026 तक कार्यालयीन दिवस एवं समय में विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन संबंधित जिले के मत्स्योद्योग विभाग कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

योजना संबंधी विस्तृत जानकारी जिला मत्स्योद्योग कार्यालय तथा विभाग की वेबसाइट mpfisheries.gov.in⁠ से प्राप्त की जा सकती है।

=========

मध्‍यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्‍यक्ष एवं सदस्‍य 3 जून से 5 जून तक मंदसौर प्रवास पर रहेंगे

मंदसौर 3 जून 26 / मध्‍यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्‍यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा एवं सदस्‍य श्रीमती सोनम निनामा 3 जून 2026, 4 जून 2026 व 5 जून 2026 को मंदसौर प्रवास पर रहेंगे।

तय कार्यक्रम अनुसार मध्‍यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्‍यक्ष एवं सदस्‍य 3 जून 2026 को दोपहर 1:30 बजे निमच से प्रस्‍थान कर मंदसौर आयेंगे। मंदसौर आगमन एवं रात्रि विश्राम करेंगे। 4 जून 2026 को मंदसौर जिले में संचालित शासकिय व अशासकिय संस्‍थाओं का निरिक्षण एवं रात्रि विश्राम करेंगे। 5 जून 2026 को दोपहर 12:00 बजे मंदसोर से रतलाम के लिए प्रस्‍थान करेंगे।

==================

रक्षाबंधन पर बहनें करेंगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन की बसों में सफर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

परिवहन सेवा को चरणबद्ध रूप से किया जाएगा शुरू

सामान्य जन के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है राज्य परिवहन सेवा

मंदसौर 3 जून 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य परिवहन सामान्य जन के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्य सरकार न सिर्फ प्रदेश में बेहतर और आधुनिक सड़कों का तेजी से निर्माण कर रही है, बल्कि जल्द ही नागरिकों को राज्य परिवहन की विशेष सुविधा भी देने जा रही है। राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत की ओर बढ़ रही है। इस बार रक्षाबंधन पर हमारी बहनें परिवहन विभाग की बसों में सफर करें, इसके लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह जानकारी विधानसभा में मीडिया से चर्चा में दी।

राज्य सरकार जन सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थिति के कारण शहरों के बीच दूरी अधिक है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा सभी समस्याओं को खत्म कर जनता का आवागमन सुगम बनाएगी। उम्मीद है कि राज्य के अंदरूनी हिस्सों और पड़ोसी राज्यों के साथ मध्यप्रदेश सरकार का यह प्रयास सुगम परिवहन सेवा के प्रभावी रूप में देखने को मिलेगा। प्रदेश में जन सुविधाओं के विस्तार और प्रदेश के समग्र विकास के लिए हमारी सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

================

जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 5 से 21 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा

कमिश्नर-कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को निर्देश जारी

मंदसौर 3 जून 26 / जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिएविश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान के लिए सभी संभाग आयुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायत के सीईओ को निर्देश जारी किए हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड मां के नाम” अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को प्रत्येक विकास खण्ड/नगरीय निकायों में “एक पेड मां के नाम” अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान में विद्यालयों/महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम 21 जून 2026 तक चलेंगे।

पौधरोपण अभियान में पीपल, आम, बरगद, नीम आदि के पौधरोपण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का नोडल विभाग पर्यावरण विभाग रहेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास एवं आवास, वन, उद्यानिकी इस अभियान को क्रियान्वित करायेंगे।

स्वच्छता अभियान

स्वच्छता अभियान में प्लास्टिक अपशिष्ट की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इस अभियान में ग्रामीण क्षेत्र के लिए ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय क्षेत्र के लिये नगरीय विकास एवं आवास विभाग नोडल विभाग रहेगा। शासकीय कार्यालय भवन, स्कूल भवन, छात्रावास भवन आदि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। जल स्रोतों के आसपास सफाई एवं गहरीकरण आदि गतिविधियां की जाएंगी।

तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरका आयोजन

इस दौरान जनकल्याण शिविर 12 से 18 जून 2026 की अवधि में जिले के प्रत्येक विकास खण्ड/नगरीय निकाय मुख्यालयों पर आयोजित होंगे जिनमें केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण किए जायेंगे। शिविर 03 दिवसीय होगा। मैदानी अमले के सह‌योग से लाभार्थियों को शिविर तक लाने का कार्य किया जायेगा।

आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं वीबी-जी-रामजी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन कराया जायेगा। सी.एम. हेल्प लाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत अभियान अवधि में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा। इन शिविरों में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विकास एवं प्रगति की प्रदर्शनी जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से आयोजित की जायेगी। इसमें प्रबुद्ध जनों की सह‌भागिता सुनिश्चित की जायेगी। इन शिविरों में सफलता की कहानी, चित्रकला प्रतियोगिता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना जैसे कार्यक्रम भी समानान्तर रूप से आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के लिए नोडल विभाग पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, राजस्व विभाग तथा लोक सेवा प्रबंधन विभाग होंगे।

प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं

प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 19 एवं 20 जून 2026 को प्रत्येक जिले में 2 स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों/वैज्ञानिकों एवं अन्य अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्रदर्शन एवं व्याख्यान सहित प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम के लिए किसान कल्याण तथा कृषि विकास नोडल विभाग तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहयोगी विभाग होगा।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 को प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकायों में स्थानीय योग समूह के सहयोग से मनाया जाऐगा। योग अभ्यास के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जायेगा। जहां संभव हो वहां एक सप्ताह का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किये जाएंगे। कार्यक्रम का नोडल विभाग आयुष विभाग होगा। खेल एवं युवक कल्याण, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग सहयोगी विभाग रहेंगे। नोडल विभाग तथा जिला कलेक्टर आवश्यकता अनुसार अन्य विभागों से समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के आयोजनों में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखी जायेगी। उपरोक्त कार्यक्रमों के आयोजनों की रूप रेखा को अंतिम स्वरूप देने के लिए यथा कार्यक्रम स्थल, मुख्य अतिथि आदि के निर्धारण में जिले के प्रभारी मंत्री का अनुमोदन प्राप्त किया जायेगा।

==================

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}