इतिहास दर्शनआलोटरतलाम

आलोट की धरती में 3 हजार साल पुरानी सभ्यता के निशान, रोम तक व्यापार के संकेत

– डेढ़ किमी लंबा प्राचीन टीला मिला, रतलाम जिले मेंं मिली प्राचीन सभ्यता की बड़ी विरासत

मुकेशपुरी गोस्वामी

रतलाम। जिले के आलोट क्षेत्र में ताम्राश्मकालीन सभ्यता के अवशेष मिले है। यहां की प्राचीन सभ्यता से विशेष मिट्टी के कुछ ऐसे टुकड़े भी प्राप्त हुए है जिससे पुराविद्वानो ने प्राचीन काल में रोम जैसी विदेशी सभ्यताओं के साथ भी व्यापारिक संबंध रहने के भी अनुमान लगाया है।

आलोट के ग्राम डेलची बुजुर्ग सामानेरा, कसारी चौहान, रीछाखेड़ा में मालवा विरासत अनुसंधान और संरक्षण यात्रा के तहत जारी खोज में ये तथ्य सामने आए है। यात्रा के समन्वयक, संस्कृतिविद् एवं सम्राट् विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा और प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री, पुरातत्वविद तथा अश्विनी शोध संस्थान, महिदपुर के निदेशक डॉ. रामचन्द्र ठाकुर ने बताया कि मालवा विरासत अनुसंधान और संरक्षण यात्रा के अंतर्गत मालवा की मूर्त और अमूर्त विरासत के संरक्षण के लिए पहल की गई है। हाल ही में उज्जैन जिले की महिदपुर एवं रतलाम जिले के आलोट तहसील के अंतर्गत डेलची बुजुर्ग, सामानेरा, कसारी चौहान, रीछाखेड़ा आदि क्षेत्रों के समन्वेषण से प्रागैतिहासिक काल के अलावा मौर्य, शुंग, गुप्त एवं परमारकालीन स्थलों के प्रचुर पुरासाक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जो प्राचीन वैदिक, शैव, शाक्त एवं वैष्णव परम्परा से जुड़े हुए हैं। यात्रा दल में शोधार्थी दिग्विजय द्विवेदी और जितेंद्र प्रभु चौधरी आदि सम्मिलित थे।

डेलची बुजुर्ग में डेढ़ किलोमीटर लंबा प्राचीन टीला मिला

उज्जैन से लगभग साठ किलोमीटर दूर और महिदपुर से लगभग पंद्रह किलोमीटर दूर स्थित ग्राम डेलची बुजुर्ग के पुरातात्विक सर्वेक्षण में डेढ़ किलोमीटर लंबे प्राचीन टीले की खोज हुई है। यहाँ से शुंग कालीन मिट्टी के बर्तन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 90 किलो तक अनाज रखने की क्षमता थी। सर्वेक्षण में जले हुए मूंग, गेंहू और जौ के अवशेष मिले हैं, जो उस समय की विकसित कृषि और अनाज भंडारण तकनीक की पुष्टि करते हैं। यहाँ सूक्ष्म प्रस्तर (माइक्रोलिथ) उपकरणों जैसे ब्लेड और कोर के निर्माण के साक्ष्य मिले हैं, जो दशार्ते हैं कि यह स्थान प्राचीन काल में औजारों के उत्पादन का केंद्र रहा होगा।

डेलची बुजुर्ग में मिले मिट्टी के बर्तनों की मुख्य विशेषताएं अद्भुत बनावट और बड़ी क्षमता हैं।पुरातत्वविद डॉ. आर. सी. ठाकुर के अनुसार, मध्य प्रदेश में इतनी अच्छी स्थिति में प्राप्त होने वाले ये दुर्लभ पात्र हैं। डेलची बुजुर्ग ग्राम में ताम्राश्म काल के पुरावशेष, मृद्भाण्ड और ऐतिहासिक प्रतिमाएँ मिली हैं। ताम्राश्म युगीन सभ्यता का समय सामान्यत: 3000 ईसा पूर्व से 1000 ईसा पूर्व के मध्य माना जाता है।

प्राचीन व्यापारिक मार्ग पर स्थित था डेलची बुजुर्ग

डेलची बुजुर्ग स्थान प्राचीन व्यापारिक मार्गों पर स्थित था। यहाँ एक प्राचीन बावड़ी और ऐतिहासिक मंदिर भी हैं। क्षेत्र को महान कवि कालिदास के महाकाव्य मेघदूत से जोड़कर देखा जाता है, क्योंकि कालिदास ने मेघ को उज्जैन के समीप इसी क्षेत्र से गुजरने का वर्णन किया था। यह स्थल हिंगलाज माता के प्राचीन मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ परमार काल की प्रतिमाएं और लगभग 1000 वर्ष पुराना स्तंभ है। लक्ष्मी नारायण मंदिर भी है, जो मराठाकालीन वास्तुकला को दशार्ता है और इसमें कीर्तिमुख जैसे शिल्प अवशेष देखे जा सकते हैं। डेलची बुजुर्ग में मराठा काल के एक छोटे किले के अवशेष हैं, जो सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण थे। यहाँ नर्मदेश्वर महादेव मंदिर और प्राचीन हनुमान मंदिर भी हैं, जो इस स्थान की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

अष्टकोणीय बावड़ी जल संरक्षण और सुरक्षा जाँच केंद्र का अनूठा उदाहरण

डेलची बुजुर्ग में एक प्राचीन और अद्वितीय अष्टकोणीय बावड़ी (स्टेपवेल) है, जो जल संरक्षण और यात्रियों के विश्राम स्थल के रूप में काम आती थी। यह बावड़ी एक प्रमुख प्राचीन व्यापारिक मार्ग (राजपथ) पर स्थित थी, जो उज्जैन (अवंती जनपद) को मंदसौर (दशपुर जनपद) से जोड़ता था। यह यात्रियों, व्यापारियों और उनके पशुओं के लिए एक महत्वपूर्ण विश्राम स्थली थी। मराठा काल के दौरान यह बावड़ी एक ‘डाक बंगले’ का काम करती थी। बाहर से आने वाले आगंतुकों को शाम के बाद नगर प्रवेश की अनुमति नहीं होती थी, इसलिए वे बावड़ी के बने कमरों में रुकते थे, जहाँ उनके भोजन और ठहरने की व्यवस्था होती थी। यह बावड़ी प्राचीन जल संचयन और रिचार्जिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। जो उस समय की उन्नत इंजीनियरिंग को दशार्ती है। बावड़ी सुरक्षा जाँच केंद्र की तरह इस प्रशासनिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थी।

कसारी चौहान और रीछाखेड़ा में 2500-3000 वर्ष पुराना टीला

रतलाम जिले के कसारी चौहान और रीछाखेड़ा गांव का प्राचीन टीला लगभग 2,500 से 3,000 वर्ष पुराना माना गया है। यहां खुदाई में मौर्यकालीन ईंटों के टुकड़े, ‘ब्लैक एंड रेड वेयर’ (मिट्टी के पात्र) और मालवा सभ्यता से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। स्थल से बड़ी संख्या में पत्थर के ‘कोर’ और सूक्ष्म औजार प्राप्त हुए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि प्राचीन काल में यहां औजार बनाने का केंद्र रहा होगा। मौर्यकालीन ईंटों के टुकड़े उस समय की उन्नत वास्तुकला की पुष्टि करते हैं।

यहां देवी मां का एक प्राचीन मंदिर है, जिसके चमत्कार और वहां मौजूद शेषनाग की किंवदंतियाँ इस क्षेत्र के लोक मानस के अंग हैं। यहां परमार काल की मूर्तियां और ‘पालिया’ (योद्धाओं के स्मारक) भी पाए गए हैं। यहां मिले कुछ विशेष मिट्टी के बर्तनों के टुकड़ों से विद्वानों का मानना है कि इस क्षेत्र के प्राचीन काल में रोम जैसी विदेशी सभ्यताओं के साथ भी व्यापारिक संबंध रहे होंगे। इस टीले पर आधुनिक निर्माण के साथ-साथ प्राचीन मंदिर की प्रतिमाओं को सहेजने का प्रयास किया गया है, और इसे एक ऊजार्वान शक्ति स्थल के रूप में देखा जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}