समाजसेवी जगदीश अग्रवाल की पहल से श्री शीतला माता मंदिर के भव्य नव निर्माण का हुआ शंखनाद

विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधायक सिसोदिया ने पूजन कर रखी विकास और आस्था आधारशिला

गरोठ। नगर के आराध्य एवं अति प्राचीन धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र श्री शीतला माता मंदिर के भव्य नव निर्माण की दिशा में बुधवार, 25 नवंबर 2026 का दिन ऐतिहासिक एवं यादगार बन गया। वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहे इस प्राचीन मंदिर को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के संकल्प के साथ मंदिर के नव निर्माण कार्य का शुभारंभ विधि-विधान, धार्मिक परंपराओं एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन समारोह आयोजित कर किया गया।श्री शीतला माता मंदिर निर्माण एवं सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक एवं गरिमामय समारोह में समाजसेवी एवं मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल की विशेष सक्रियता, समर्पण एवं सहभागिता के बीच मंदिर निर्माण के इस महत्वाकांक्षी कार्य का शुभारंभ हुआ।
प्रातः 11 बजे आचार्य पंडित जगदीश व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न करवाया। इसके पश्चात विधायक चंदरसिंह सिसोदिया एवं मंदिर सेवा समिति अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने विधि-विधान से भूमिपूजन कर मंदिर के भव्य नव निर्माण की आधारशिला रखी।नगर के प्राचीन धार्मिक स्थल को नए एवं भव्य स्वरूप में विकसित करने की यह पहल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि नगर की धार्मिक विरासत, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक आस्था को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने इस पुनीत कार्य को लेकर विशेष रूप से सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में मंदिर के नव निर्माण का संकल्प अब धरातल पर उतरने की दिशा में अग्रसर हो गया है। जगदीश अग्रवाल ने इस अवसर पर मंदिर निर्माण को नगरवासियों और समस्त श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा सामूहिक कार्य बताते हुए सभी से इस पुनीत अभियान में तन-मन-धन से सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक मान्यताओं, संस्कारों, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक होता है। श्री शीतला माता मंदिर को भव्य स्वरूप प्रदान करना समूचे नगर के लिए गौरव का विषय है। सभी के सहयोग और सहभागिता से इस संकल्प को साकार किया जाएगा।
धार्मिक उत्साह के बीच उमड़ा जनसमूह, गणमान्य नागरिकों ने दी सहभागिता- भूमिपूजन समारोह में नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजों, धार्मिक मंडलों एवं संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। मंदिर के नव निर्माण को लेकर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों में विशेष उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर खाती मालवीय समाज अध्यक्ष रामगोपाल कोटवाल, पोरवाल समाज अध्यक्ष कैलाश चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोकुल सिंह चौहान, माली समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुमार माली, शीतला माता गरबा मंडल अध्यक्ष दिनेश माली एवं राजेंद्र कुमार भलवारा विशेष रूप से उपस्थित रहे।इसके साथ ही ब्रजेश कारा, राधेश्याम माली, रमेशचंद्र सेनपुरिया, कैलाश जागरी, मनीष मोदी, पंकज मोदी, पंकज सेठिया, अखिलेश छाजेड़, पंकज शर्मा, पंकज फरक्या, चंद्रशेखर कुमावत, बद्रीलाल गुर्जर, बालुसिंह चौहान, हेमंत कुशवाह, पंकज माली, अजय माली, अर्जुन माली, शुभम ननेरा, मंगल माली, विशाल विश्वकर्मा, सुमित विश्वकर्मा, विशाल राठौर, रवि रावत, श्याम माली, अरुण माली, शम्भु लाल शर्मा, मंदिर निर्माण ठेकेदार सुरेश धाकड़ एवं कैलाश विश्वकर्मा झालरापाटन सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन लक्ष्मीनारायण मांदलिया ने किया।श्री शीतला माता मंदिर का नव निर्माण गरोठ नगर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इस कार्य से जहां मंदिर को नया और भव्य स्वरूप मिलेगा, वहीं आने वाली पीढ़ियों को अपनी धार्मिक विरासत से जोड़ने का भी अवसर मिलेगा।मंदिर सेवा समिति की ओर से नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, समाजजनों, व्यापारियों, दानदाताओं एवं माता रानी के श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण कार्य में यथाशक्ति सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है। समिति का विश्वास है, कि सामूहिक प्रयास, जनसहयोग और माता रानी के आशीर्वाद से यह पुनीत संकल्प शीघ्र ही भव्य स्वरूप में साकार होगा।मां शीतला के आशीर्वाद से शुरू हुआ यह निर्माण कार्य गरोठ की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव का नया प्रतीक बनेगा।



