सहकारी समितियों के चुनाव टले, पंचायत और नगरीय निकायों के चुनाव पर भी संशय

सहकारी समितियों के चुनाव टले, पंचायत और नगरीय निकायों के चुनाव पर भी संशय
भोपाल। प्रदेश सरकार ने 4,536 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव एक साल टालने का निर्णय लिया है। वर्ष 2018 से समितियों के चुनाव नहीं हुए हैं। इसके कारण जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के चुनाव भी लंबित हैं। उधर, अगले साल मई-जून में प्रस्तावित नगरीय निकाय और पंचायतों के चुनाव होने के आसार भी कम हैं क्योंकि राज्य सरकार नया परिसीमन कराकर चुनाव कराना चाहती है। हालांकि वर्तमान स्थितियों को देखते हुए तय है कि यह जल्दी नहीं होगा।
इकाइयों की सीमाएं फ्रीज– जनगणना के कारण प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज हैं। जब तक ये मुक्त नहीं हो जाती हैं तब तक राज्य प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग का काम पूरा नहीं होगा।अभी तो संभाग स्तर पर सुनवाई और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक होनी है। रिपोर्ट तैयार होगी, जिसके आधार पर दावा-आपत्ति लिए जाएंगे और फिर नई इकाइयां बनेंगी, तब जाकर परिसीमन होगा। प्रदेश में सहकारी समितियों के चुनाव वर्ष 2018 में हो जाने चाहिए थे लेकिन पहले कमल नाथ सरकार की कर्जमाफी और फिर कोरोना महामारी, नगरीय निकाय, पंचायत, वर्ष 2023 के विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव के कारण 2024 तक ये टलते चले गए। इसके बाद भारत सरकार ने समितियों का विस्तार करने के निर्देश दिए, जिसके चलते परिसीमन किया गया और 1,763 समितियां बढ़ीं। सदस्यता का निर्धारण आदि कार्यों के कारण सरकार ने चुनाव आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। इसे लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार चुनाव का सामना नहीं करना चाहती है क्योंकि इससे जनभावनाएं सामने आ जाएंगी।
चल रहा जनगणना का काम- उधर, राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारी के बीच संभावना यह बन रही है कि नगरीय निकाय और पंचायतों के चुनाव समय पर नहीं हो पाएंगे। नगरीय निकाय के चुनाव दलीय आधार पर होते हैं और विधानसभा चुनाव से ऐन पहले होने वाले इन चुनावों के परिणामों से प्रदेश में वातावरण बनता है। चूंकि, अभी जनगणना का काम चल रहा है और जब तक यह नहीं हो जाता है परिसीमन का काम नहीं हो पाएगा।
संशोधन की अनुमति- सरकार ने प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए आयोग गठित किया है, इसका काम तो चल रहा है मगर यह पूरा तभी होगा जब नई प्रशासनिक इकाइयां गठन या सीमाओं में संशोधन की अनुमति मिले। जब यह प्रक्रिया हो जाएगी तो फिर परिसीमन होगा। फिर नगरीय विकास और पंचायत विभाग प्रक्रिया करेंगे, जिसमें डेढ़ से दो माह का समय लगेगा।



