
परिषद कि आय बढ़ाने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा; 21 दुकानों का निर्माण भी शीघ्र होगा प्रारंभ
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
ताल नगर के विकास, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और नगर परिषद की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने की दिशा में नगर परिषद ताल द्वारा एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार शाम 5 बजे जावरा-आलोट मार्ग स्थित कृषि उपज मंडी के सामने मुख्य मार्ग पर नगर परिषद को आवंटित भूमि पर तीन नवीन दुकानों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया।
भूमि पूजन नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार, सभापति गोवर्धन पोरवाल, गुड्डू खान, अनिल परमार, दिनेश माली एवं पार्षद पंकज शुक्ला द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात गेती चलाकर किया गया। धार्मिक अनुष्ठान पंडित सत्यनारायण चतुर्वेदी ने संपन्न करवाया। दुकानों का निर्माण कार्य प्रार्थना कंस्ट्रक्शन, जावरा द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार ने कहा कि परिषद का प्रमुख लक्ष्य नगर की उपलब्ध भूमि का नियमानुसार सदुपयोग कर आय के स्थायी स्रोत विकसित करना तथा निकाय को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। नगर परिषद की आय में वृद्धि होने से भविष्य में नगर विकास, नागरिक सुविधाओं एवं आधारभूत संसाधनों के विस्तार के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान परिषद द्वारा कार्यभार संभालने के बाद नगर परिषद की आय बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कृषि उपज मंडी के सामने तीन नवीन दुकानों के समीप ही हाल ही में 19 दुकानों का निर्माण कार्य पूर्ण करवाया गया है। वहीं पुराने नगर परिषद कार्यालय के सामने 21 नवीन दुकानों का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
अध्यक्ष परमार ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल दुकानें बनाना नहीं, बल्कि नगर में व्यापार एवं व्यवसाय के नए अवसर सृजित करना और नगर परिषद की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। आने वाले समय में आवश्यकता एवं उपलब्ध भूमि के अनुसार नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर भी व्यावसायिक दुकानों का निर्माण करवाया जाएगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात नियमानुसार इच्छुक व्यापारियों एवं नागरिकों को दुकानें आवंटित की जाएंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से स्थानीय व्यापारियों को व्यवसाय के बेहतर अवसर मिलेंगे, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा नगर परिषद को नियमित आय प्राप्त होगी। परिषद नगर के सर्वांगीण विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी नगर परिषद की इस पहल को नगर की आर्थिक मजबूती एवं व्यापारिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी गौरव शर्मा, उपयंत्री नरेश गोयल, लेखापाल दिलीप धाकड़, महेंद्र दूबे, मोहित शर्मा, रविन्द्र शुक्ला, गुलशेर खान, शेरू मंसूरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



