सीतामऊ में अपराधियों और तस्करों में खौफ पैदा करने वाले DSP दिनेश प्रजापति का तबादला, अब महिदपुर SDOP की संभालेंगे कमान

मोटरसाइकिल चोरों से लेकर कंजर गिरोह तक को दी थी चुनौती, NDPS की कई बड़ी कार्रवाइयों से बनाई थी अलग पहचान
सीतामऊ। मध्यप्रदेश में 26 पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश कल देर शाम जारी किए गए हैं। इस सूची में मंदसौर जिले के सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति का नाम भी शामिल है। उनका स्थानांतरण सीतामऊ से महिदपुर एसडीओपी के पद पर किया गया है। दिनेश प्रजापति का सीतामऊ में लंबा कार्यकाल रहा, इस दौरान उन्होंने अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और कंजर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर अपनी अलग पहचान बनाई। उनके नाम का खौफ अपराधियों और तस्करों में आज भी साफ नजर आता था।
दिनेश प्रजापति की सीतामऊ में तैनाती के दौरान एक कार्रवाई काफी चर्चित रही। मोटरसाइकिल चोरी की घटना के दौरान वे सीधे कंजर गिरोह के डेरों में पहुंच गए थे। उन्होंने कंजर गिरोह को ललकारते हुए दबिश दी, कंजर वहां से भागकर राजस्थान क्षेत्र में चंबल नदी की पहाड़ि में जा छिपे। इसके बावजूद प्रजापति ने उनका पीछा करते हुए सख्त चेतावनी दी कि मेरे क्षेत्र में दोबारा आना मत वरना मुझ से बुरा कोई नहीं होगा। इस कार्रवाई में चोरी की मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद कर पुलिस वापस लाई थी। इसके बाद लंबे समय तक सीतामऊ क्षेत्र में कंजर गिरोह की गतिविधियां थमी रहीं। थाना प्रभारी के रूप में भी दिनेश प्रजापति का कार्यकाल काफी प्रभावशाली रहा। उन्होंने कई महत्वपूर्ण NDPS की कार्यवाहियां की ओर बड़े तस्करों को जेल पहुंचाया, उनकी सख्त कार्यशैली ने उन्हें क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई।
दिनेश प्रजापति की मंदसौर जिले में पहली पदस्थापना अप्रैल 2021 में लॉकडाउन के दौरान सीतामऊ थाना प्रभारी के रूप में हुई थी। उन्होंने लगभग तीन साल तक सीतामऊ के थाना प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद उनका प्रमोशन हुआ नवंबर 2024 में फिर से डीएसपी (DSP) दिनेश प्रजापति को सीतामऊ का नया एसडीओपी नियुक्त किया गया।
दिनेश प्रजापति वर्ष 1998 में सब-इंस्पेक्टर (SI) के रूप में पुलिस सेवा में चयनित हुए थे तथा वर्ष 2013 में निरीक्षक (TI) बने। अपने सेवाकाल में वे ग्वालियर, बालाघाट, जबलपुर, शाजापुर, देवास और विदिशा जैसे जिलों में भी पदस्थ रहे हैं। सीतामऊ में उनका कार्यकाल अपराधियों और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए याद किया जाएगा। अब महिदपुर में नई जिम्मेदारी के साथ वे अपनी सेवाओं का नया अध्याय शुरू करेंगे।



