नीमच

श्री झुण जी महाराज में सेन समाज का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं तुलसी विवाह संपन्न, 25 जोड़े विवाह सूत्र में बंधे

श्री झुण जी महाराज में सेन समाज का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं तुलसी विवाह संपन्न, 25 जोड़े विवाह सूत्र में बंधे

निंबाहेड़ा। क्षेत्र के कनेरा स्थित श्री झुण जी महाराज की पावन धरा पर सेन समाज धर्मशाला में सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं तुलसी विवाह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के हजारों लोगों की उपस्थिति में कुल 25 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें एक जोड़ा बैरागी समाज का भी शामिल रहा, जिसका विवाह पूर्णतः निःशुल्क संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत तुलसी जी की भव्य बारात निंबाहेड़ा स्थित सेन समाज मंदिर से रवाना होकर श्री झुण जी महाराज स्थित विवाह सम्मेलन स्थल पहुंची। बारात का समाजजनों ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ स्वागत किया। इसके पश्चात सभी विवाह हिंदू रीति-रिवाजों एवं वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुए।

इस सम्मेलन की एक विशेष पहल यह रही कि वर पक्ष एवं वधू पक्ष दोनों के लिए 12,500-12,500 रुपये सम्मेलन शुल्क निर्धारित किया गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों को कम खर्च में विवाह संपन्न कराने का अवसर मिला। साथ ही बड़ावली धर्मशाला अध्यक्ष ने भी अपनी बच्ची का विवाह इसी सामूहिक विवाह सम्मेलन में संपन्न करवाकर समाज के सामने सादगी और सामाजिक एकता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस भव्य आयोजन के मुख्य प्रेरणास्रोत संत श्री 108 मनोहर दास जी मोनी बाबा, चकाचक महादेव, राजसमंद वाले रहे। उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

सम्मेलन को सफल बनाने में सम्मेलन अध्यक्ष पप्पू जी पाल, कोषाध्यक्ष लाभचंद जी लूणखंडा वाले, धर्मशाला अध्यक्ष राजमल जी सेन (पालछा), उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण जी सेन (श्रीपुरा), कोषाध्यक्ष भेरूलाल जी सेन सहित समस्त कमेटी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लगातार मेहनत और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाया।

इस आयोजन में मुख्य रूप से मुकता विजयपुर परगना एवं जाट परगना का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा। वहीं आयोजकों के अनुसार कनेरा परगना की ओर से इस सम्मेलन में किसी प्रकार का योगदान नहीं रहा।

सम्मेलन में पंजाब के अमृतसर से सेन समाज के वरिष्ठ अतिथि एवं स्टेट मेंबर मुखवीर सिंह जी सेन विशेष रूप से पधारे। वहीं पुष्कर से कंचन देवी सेन की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। आयोजन में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 7 हजार समाजबंधुओं ने भाग लेकर सामाजिक एकता और भाईचारे का परिचय दिया।

सामाजिक एकता और फिजूलखर्ची रोकने की सराहनीय पहल

श्री झुण जी महाराज की पावन भूमि पर आयोजित यह सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में एकता, सहयोग और सादगी का संदेश देकर गया। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है तथा विवाह में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची पर रोक लगती है। समाज के सभी सहयोगकर्ताओं एवं आयोजन समिति के प्रयासों से यह सम्मेलन यादगार बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}