मुख्यमंत्री ने सुश्री नेहा माली की समस्या पर लिया संज्ञान,नीमच कलेक्टर को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने सुश्री नेहा माली की समस्या पर लिया संज्ञान,नीमच कलेक्टर को दिए निर्देश
वायरल वीडियो के संबंध में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सुश्री नेहा माली से की मुलाकात, स्वयं सुनी समस्या
मंदसौर।गांधी सागर सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सुश्री नेहा माली से स्वयं मुलाकात कर उनकी समस्या एवं शिकायत को गंभीरता से सुना। कलेक्टर ने शिकायत में उल्लेखित विभिन्न बिंदुओं की जांच कराकर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
सुश्री नेहा माली द्वारा प्रस्तुत आवेदन में पारिवारिक संपत्ति एवं उत्तराधिकार से संबंधित विवाद का उल्लेख किया गया है। शिकायत के अनुसार,उनके पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों के बीच पिता के जीवनकाल में ही कृषि भूमि का पारिवारिक बंटवारा हो चुका था तथा संबंधित सदस्य अपने-अपने हिस्से की भूमि पर काबिज होकर उपयोग कर रहे हैं।
आवेदिका ने शिकायत में बताया है कि पिता की मृत्यु के बाद उनके हिस्से के मकान में निवास, घरेलू सामान एवं अन्य संपत्ति के उपयोग को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। आवेदिका ने अपने पिता की संपत्ति में उत्तराधिकार एवं अपने अधिकारों के संरक्षण के संबंध में उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने आवेदिका की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित शिकायतों का परीक्षण कराने तथा प्रकरण से जुड़े तथ्यों एवं दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।



