
श्रद्धालुओं को पेयजल और -स्नान की सुविधा मिलेगी, मंदिर समिति के आग्रह पर विधायक निधि से राशि देने की घोषणा
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
रतलाम जिले के किशनगढ़ (ताल) स्थित प्रसिद्ध महामाया भादवा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उज्जैन जिले के महिदपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश जैन ने अपनी विधायक निधि से पानी की टंकी के निर्माण के लिए 7 लाख रुपये देने की घोषणा की है। मंदिर समिति के आग्रह पर की गई इस घोषणा से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल एवं स्नान के लिए पानी की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि महामाया भादवा माता मंदिर क्षेत्र का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां प्रत्येक रविवार तथा नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यहां अनेक श्रद्धालु सवा महीने तक ठहरकर माता की आराधना करते हैं और अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था महत्वपूर्ण है।
पानी की टंकी का निर्माण होने से मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को पेयजल एवं स्नान के लिए पानी उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। इससे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन गहलोत, आलोट जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह परिहार, ब्लॉकज कांग्रेस अध्यक्ष रमेश पाठक, भादवा माता सेवा समिति के चेयरमैन प्रताप सिंह सोलंकी, भेरूसिंह सोलंकी, चंद्रसिंह, करणसिंह सोलंकी, धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।


