08 अक्टूबर को ‘नो UPI डे’: MDR चार्ज के विरोध में चावल-दाल व्यापारियों का सांकेतिक आंदोलन

08 अक्टूबर को ‘नो UPI डे’: MDR चार्ज के विरोध में चावल-दाल व्यापारियों का सांकेतिक आंदोलन
भोपाल। सरकार द्वारा UPI भुगतान पर MDR (Merchant Discount Rate) चार्ज लगाए जाने के निर्णय के विरोध में चावल-दाल व्यापारी संघ, हनुमानगंज-जुमेराती द्वारा 8 अक्टूबर 2026 को ‘नो UPI डे’ मनाने का निर्णय लिया गया है। संघ ने बाजार के सभी व्यापारी भाइयों से इस दिन UPI के माध्यम से भुगतान स्वीकार नहीं करने का आग्रह किया है।
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने बताया कि UPI आज व्यापार और आम जनता के लिए भुगतान का सबसे सरल, तेज और सुविधाजनक माध्यम बन चुका है। ऐसे में UPI पर MDR चार्ज लगाए जाने से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की ओर से 8 अक्टूबर को ‘नो UPI डे’ के माध्यम से सरकार तक अपनी बात शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाई जाएगी। इस दिन बाजार के सभी व्यापारियों से अपील की गई है कि वे UPI भुगतान स्वीकार न कर इस सांकेतिक विरोध में सहभागी बनें।
चावल-दाल व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश रामरख्यानी एवं सचिव सचिन संगतानी ने बताया की व्यापारी डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने में व्यापारियों ने हमेशा सहयोग किया है और Digital India की दिशा में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सरकार से अपेक्षा है कि व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए MDR संबंधी निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए।
संघ ने सभी व्यापारी भाइयों से 8 अक्टूबर को ‘नो UPI डे’ को सफल बनाने तथा एकजुट होकर व्यापारी हित में अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।



