मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 30 सितंबर 2026 बुधवार

 नगर परिषद धामनोद के निर्वाचित पार्षद पद से लोकेन्द्रसिंह सिसोदिया पृथक

पद के दुरुपयोग एवं टेंडर में संलिप्तता की शिकायत पर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने की कार्रवाई

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत के माध्यम से नगर परिषद धामनोद के उपाध्यक्ष लोकेन्द्रसिंह सिसोदिया द्वारा पद के दुरुपयोग संबंधी शिकायत पर सुनवाई की गई। कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर के आदेश के अनुपालन में की गई।

प्रकरण में सुनवाई के दौरान सामने आए तथ्यों में लोकेन्द्रसिंह सिसोदिया पिता चतरसिंह द्वारा अपने परिवार के नाम से संचालित सिसोदिया टेंट हाउस एवं लाईट डेकोरेशन बस स्टेशन धामनोद फर्म के बिलों की राशि का भुगतान प्राप्त करने तथा नगर परिषद के टेंडर में संलिप्तता संबंधी शिकायत में दोषसिद्ध पाए जाने पर कलेक्टर द्वारा मध्यप्रदेश नगरपालिक अधिनियम 1961 की धारा 41 (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लोकेन्द्रसिंह सिसोदिया पिता चतरसिंह को नगर परिषद धामनोद के निर्वाचित पार्षद पद से पृथक किए जाने के आदेश 28 सितंबर 2026 को जारी किए गए हैं।

–00–

02 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान, जनभागीदारी से सेवा का बनेगा जनआंदोलन

स्वच्छता से स्वास्थ्य, वृद्धजनों की सेवा से सैनिक सम्मान और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद
नौ गतिविधियां होंगी आयोजित

गांधी जयंती से राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का आयोजन 2 से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसी नौ गतिविधियां प्रदेश में आयोजित की जाएंगी।

अभियान का मूल उद्देश्य सेवा को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की स्थायी भावना में बदलना है। इसके लिए जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से सेवा कार्यों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

गांधी जयंती पर स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त परिसर का संकल्प

अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि से होगी। स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने के साथ प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। स्वच्छता जागरूकता रैली और जनसंवाद के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।

जल स्रोतों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों, शासकीय भवनों, उद्यानों, चौराहों, विद्यालयों, बाजारों, चिकित्सालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, श्रमदान तथा सामूहिक संकल्प के कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक वार्ड और पंचायत में स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों की जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविरों में जांच, उपचार और योजनाओं की जानकारी

3 अक्टूबर को प्रदेश में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जाएगा। जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ गंभीर मामलों को संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने और आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन की व्यवस्था रहेगी।

स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को पोषण, स्वस्थ जीवनशैली और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

वृद्धाश्रम और अनाथालयों में पहुंचेगी संवेदना

4 अक्टूबर को वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी। वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव सुने जाएंगे तथा भोजन, फल और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धजनों के साथ अपनत्व का भाव मजबूत किया जाएगा।

इसी दिन अनाथालयों में बच्चों के साथ संवाद, भोजन एवं फल वितरण, कपड़े, जूते-चप्पल, स्टेशनरी तथा दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों की शिक्षा में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

नेत्र परीक्षण से दिव्यांगजन सशक्तिकरण तक सेवा का विस्तार

6 अक्टूबर को नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की जाएगी। जरूरतमंद लोगों को संभव होने पर निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे तथा गंभीर मामलों को उपचार अथवा ऑपरेशन के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा।

8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियां होंगी। दिव्यांगजनों को कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के साथ आवश्यक सामग्री एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। प्रतिभावान दिव्यांगजनों का सम्मान, उनकी निर्मित सामग्री की प्रदर्शनी और प्रेरक संवाद के माध्यम से सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

‘एक पेड़ मां के नाम’ से हरित भागीदारी को मिलेगा विस्तार

9 अक्टूबर को प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पौधों का चयन कर रोपण किया जाएगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘एक व्यक्ति-एक पौधा’ और ‘एक परिवार-एक पौधा’ जैसी पहल को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। रोपित पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

इसी दिन सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके अभिभावकों के सम्मान के लिए कार्यक्रम होंगे। राष्ट्रसेवा में उनके योगदान और अनुभवों पर आत्मीय संवाद के साथ सैनिक परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।

10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में बनेगा समाज भागीदार

अभियान के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियां, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, जूते और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा। साथ ही सक्षम नागरिकों और सामाजिक संगठनों को जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में दीर्घकालीन सहयोग के लिए जोड़ा जाएगा।

मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों की निरंतर शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए ‘एक विद्यार्थी-एक संकल्प’ पहल के माध्यम से सहयोग का संकल्प लिया जाएगा। प्रेरक संवाद और मार्गदर्शन के जरिए विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना विकसित करने का प्रयास होगा।

सेवा को अभियान नहीं, सामाजिक संस्कार बनाने की पहल

‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में विभिन्न विभागों के साथ सामाजिक संगठनों, स्थानीय संस्थाओं और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, वन, उद्यानिकी, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य, पुलिस, आपदा प्रबंधन सहित संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर गतिविधियों में सहयोग करेंगे।

–00–

सट्टा गतिविधियों में संलिप्तता पर रईस उर्फ कालु एक वर्ष के लिए निष्कासित किए जाने का आदेश पारित

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने की कार्रवाई

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अजय कटेसरिया द्वारा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। थाना माणकचौक रतलाम पर दर्ज अपराधों में संलिप्तता पाए जाने पर अनावेदक रईस उर्फ कालु पिता मेहबुब खान निवासी डीपी के पास जयभारत नगर रतलाम के विरुद्ध निष्कासन की कार्रवाई की गई।

कलेक्टर द्वारा रईस उर्फ कालु पिता मेहबुब खान को जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा के साथ-साथ समीपवर्ती जिले उज्जैन, आगर, धार, झाबुआ एवं मंदसौर की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष की अवधि के लिए निष्कासित किए जाने का आदेश पारित किया गया है।

–00–

सफाई कामगारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 30 सितंबर को नगर निगम रतलाम में किया जाएगा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडिवा ने बताया कि आयुक्त नगर निगम रतलाम के आदेशानुसार स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत रतलाम शहर में स्वच्छता कार्य में जिले के महिला एवं पुरुष सफाई कामगार अत्यंत विषम परिस्थितियों में कार्य करते हैं। उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और उपचार  के लिए नगर पालिका निगम परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 30 सितंबर बुधवार को सुबह 11:00 से किया जाएगा।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त अल्पता एनीमिया की जांच एवं उपचार, स्त्री रोग संबंधी जांच उपचार एवं मौसमी बीमारियों की जांच की जाएगी।

–00–

जिले में विभिन्न कार्यालयों में हुई जनसुनवाई

अधिकारियों ने सुनी आमजन की समस्याएं

प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत आज जिले में विभिन्न विकेन्द्रीकृत केन्द्रों पर जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनी तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की।

नगर पालिक निगम रतलाम क्षेत्र कार्यालय, रतलाम, जावरा, सैलाना एवं आलोट अनुविभाग कार्यालय तथा बाजना एवं पिपलौदा विकासखंड कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित हुई। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं।

जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि, विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों द्वारा आवेदनों को दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की गई तथा जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव था, उनका निराकरण किया गया।

जनसुनवाई में संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवेदकों को उनके प्रकरण में की जा रही कार्यवाही से अवगत कराने के लिए भी कहा गया।

–00–

सफलता की कहानी

आजीविका मिशन से जुड़कर रीना राठौर ने बढ़ाया सिलाई एवं पशुपालन का कार्य, पति के साथ शुरू किया फोटो स्टूडियो

ग्राम आक्या निवासी श्रीमती रीना राठौर आज मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। वे आदर्श आजीविका संगठन से जुड़ी हैं तथा उनका सीएलएफ वृंदावन संकुल स्तरीय संगठन खामलिया है।

उन्होंने बताया कि समूह से मिली आरएफ की राशि से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और सिलाई का कार्य शुरू किया। इसके बाद उन्हें डेढ़ लाख रुपए का ऋण मिला जिससे उन्होंने पशु खरीदकर पशुपालन शुरू किया और 25 हजार रुपए का मुनाफा कमाया।

डेढ़ लाख रुपए का ऋण पूरा करने के बाद उन्हें तीन लाख रुपए का ऋण मिला। इससे उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर फोटो स्टूडियो शुरू किया जिससे अब परिवार की अच्छी आमदनी हो रही है।

रीना राठौर ने आजीविका मिशन से मिले अवसर के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद व्यक्त किया।

—–00—-

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने डिप्टी कलेक्टर कृष्णपालसिंह बघेल को सौंपा जावरा एसडीएम का प्रभार

प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने श्री कृष्णपालसिंह बघेल डिप्टी कलेक्टर जिला रतलाम को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुभाग-जावरा जिला रतलाम का प्रभार आगामी आदेश पर्यन्त सौंपा है।

आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल के आदेश दिनांक 23 सितंबर 2026 के अनुसार म.प्र. शासन की अधिसूचना दिनांक 24 नवंबर 2018 से प्रभावशील विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने पर श्री कृष्णपालसिंह बघेल को मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 24 में प्रदत्त प्रावधानों के अनुसार राजस्व न्यायालय में प्रकरणों की सुनवाई एवं निराकरण की शक्तियां प्रदान की गई हैं। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

–00–

प्रभारी मंत्री श्री कुंवर विजय शाह 30 सितंबर को रतलाम आएंगे

जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कुंवर विजय शाह 30 सितंबर को रतलाम आएंगे। तय कार्यक्रम अनुसार प्रातः 06.00 बजे भोपाल से रतलाम जिले के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रात: 10.20 बजे रतलाम में आगमन होगा।

प्रात: 11.30 बजे कलेक्‍टर कार्यालय में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 01:45 बजे सैलाना में स्‍थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। सायं 04.00 बजे सैलाना से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे।

–00–

खण्डवा-मंदसौर ट्रांसमिशन लाइन के कार्य में आ रही बाधाएं दूर, 10 साइट पर कार्य प्रारंभ

एसडीएम जावरा श्री बघेल ने बताया कि खण्डवा-मंदसौर ट्रांसमिशन लाइन के टावर फाउंडेशन एवं इरेक्शन कार्य में आ रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए राजस्व दल एवं ट्रांसमिशन लाइन अधिकारियों द्वारा ग्राम गोदीशंकर, मिंडाजी एवं वीरपुर स्थित 10 साइटों का अवलोकन किया गया। मौके पर संबंधित कृषकों एवं अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं का समाधान किया गया तथा कार्य प्रारंभ करवाया गया। भारतीय तार अधिनियम 1885 के अंतर्गत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान फसल नुकसानी का मुआवजा कृषकों को समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाए तथा कार्य के दौरान कृषकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

–00–

सेवा सेतु अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 3 अक्टूबर तथा शहरी क्षेत्रों में 4 अक्टूबर को लगेंगे शिविर

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के आदेशानुसार सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वारा के तहत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में रतलाम जावरा आलोट सैलाना बाजना एवं पिपलौदा विकासखंड में 3 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में नगर निगम रतलाम नगर पालिका जावरा तथा नगर परिषद बड़ावदा, पिपलौदा, आलोट, ताल, सैलाना, नामली एवं धामनोद में 4 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे।

–00–

अपर कलेक्टर श्री रावत ने बाल देखरेख संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया

अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत के द्वारा रतलाम जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित समस्त देखरेख संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया।

रतलाम जिले में तीन बाल देखरेख संस्थाएं संचालित है, जो कि एनजीओ के माध्यम से संचालित की जाती है एवं एक शासकीय संप्रेषण गृह है, जो की महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा संचालित किया जाता है।

निरीक्षण के दोरान अपर कलेक्टर श्री रावत द्वारा सभी बच्चों से संवाद किया गया। उन्होंने किचन भोजन बच्चों के रहने के स्थान तथा दैनिक उपयोग में आने वाली अन्य आवश्यक सामग्री की सूक्ष्मता से जांच की।

उन्होंने संस्थाओं को निर्देश दिए गए की सभी बच्चों की आईसीपी, SIR एवं अन्य रिपोर्ट्स अद्यतन रखें और बच्चों के सर्वोत्तम हित में संस्थाएं कार्य करें। निरीक्षण के समय महिला एवं बाल विकास विभाग से सहायक संचालक श्रीमती भारती दांगी एवं श्री देवेंद्र शास्त्री उपस्थित थे।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रिंगनोद में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रिंगनोद आंगनवाड़ी शक्ति केंद्र पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का स्वागत किया गया तथा सरस्वती पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया तथा उपस्थितजनों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}