समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 23 सितंबर 2026 बुधवार

नारकोटिक्स एवं नशीली दवाओं की रोकथाम तथा समन्वय के संबंध में बैठक संपन्न
मंदसौर 22 सितंबर 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में नारकोटिक्स एवं नशीली दवाओं की रोकथाम तथा समन्वय के संबंध में बैठक कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद मीना, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रीति संघवी, जिला परिवहन अधिकारी श्री दीपक माझी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में निर्धारित एजेंडे पर चर्चा हुई कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी की प्रवृत्तियों के बारे में सूचनाओं का आदान-प्रदान जिले में अफीम, भांग आदि फसलों की अवैध खेती पर निगरानी पर चर्चा कर दिशा निर्देश दिए गए। इसी तरह ऐसे प्रकरण जो क्रॉस स्टेट संबंधी हो उनकी जांच की प्रगति की निगरानी के संबंध में कलेक्टर द्वारा जानकारी ली गई। कलेक्टर ने स्कूल कॉलेज में नशीली दवाओं के दुरुपयोग विरोधी जागरूकता को बढ़ाने के लिए आवश्यक सेमिनार तथा संगोष्ठियां करने के निर्देश दिए।
एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों तथा दवाओं के हानिकारक प्रभावों पर मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के बारे में भी कलेक्टर ने निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम लागू करने के लिए कार्य योजना पर चर्चा की गई। मादक पदार्थों का पता लगाने के लिए उपकरणों की आवश्यकताओं का आकलन करने और उनकी व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।
कलेक्टर द्वारा मंदसौर जिले में नशा मुक्ति तथा पुनर्वास केंद्र स्थापना के संबंध में स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक न्याय विभाग को निर्देशित किया गया। इसके अलावा एनडीपीएस अधिनियम में जप्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण तथा एनडीपीएस एक्ट में वाणिज्यिक मात्रा के प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों की चल-अचल संपत्ति का वित्तीय अनुसंधान करवा कर संपत्ति फ्रीजिंग करवाने की कार्रवाई पर भी जानकारी ली गई तथा आवश्यक निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए।
–00–
जनसुनवाई में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने 82 आवेदकों की सुनवाई की
मंदसौर 22 सितंबर 2026 / मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा जनसुनवाई करते हुए 82 विभिन्न आवेदनों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश जारी किए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा भी जनसुनवाई की गई।
जनसुनवाई के दौरान आए ग्राम अनुपुरा निवासी गिरधारी ने पट्टे की भूमि का कब्जा दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर जनपद सीईओ मल्हारगढ़ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रणायरा निवासी जुवानसिंह ने भूमि का इंद्राज दुरूस्त करवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर एसडीएम मल्हारगढ़ को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सिहोर निवासी राकेश ने पट्टे के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार मंदसौर को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में फीस माफ करवाने, वृद्धा पेंशन चालु करवाने, आवासीय भूमि का पट्टा दिलवाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने, फसल बीमा दिलवाने, अनुदान राशि दिलवाने एवं रेतम बैराज डेम भू- अर्जन नवीन निर्माण करवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।
–00–
शासन की योजना की मदद से अनीता बनी आत्मनिर्भर
मंदसौर 22 सितंबर 2026 / मंदसौर जिले के धुंधडका की रहने वाली अनीता बामनिया शासन की योजना की मदद से आत्मनिर्भर बन गई है।
अनीता ने अपने परिवार की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपने स्तर पर भी कुछ अच्छा करने की ठानी परंतु पूंजी के अभाव में कुछ करना संभव नहीं था। इसी बीच उन्होंने शासकीय विभाग से संपर्क किया जिला अंत्योदय सहकारी विकास समिति कार्यालय से उन्हें संत रविदास रोजगार योजना की जानकारी मिली। शासकीय कर्मियों द्वारा सकारात्मक सहयोग करते हुए योजना की पूर्ण जानकारी दी गई। अनीता ने वर्ष 2025-26 में संत रविदास स्वरोजगार योजना में समस्त पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया उनका आवेदन स्वीकृत होकर सेंट्रल बैंक आफ इंडिया से 8 लाख रूपये ऋण राशि हितग्राही को वितरण की गई।
योजना से वित्तपोषित सहायता मिलने पर अनीता द्वारा स्वयं का जनरल स्टोर धुंधडका में प्रारंभ किया गया। धीरे-धीरे मेहनत और लगन से काम करने पर जनरल स्टोर अच्छा चलने लगा है अब अनीता को प्रत्येक माह में लगभग 30 हजार रूपये से 40 हजार रूपये आमदनी प्राप्त हो रही है। वह अपनी बैंक की किस्त 18 हजार रुपए से भी ज्यादा नियमित रूप से भरती है। उनके परिवार में खुशहाली आई है। योजना का लाभ मिलने पर अनीता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देती हैं।
–00—
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
जिले के सुवासरा में शिविर 24 सितंबर को होगा
मंदसौर 22 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले की सुवासरा तहसील में 24 सितंबर को शिविर आयोजित होगा। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सभी अधिकारियों को शिविर की तैयारी के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान अभियान के अंतर्गत जन समस्याओं शिकायतों का निराकरण किया जाएगा संबंधित जनप्रतिनिधीगण अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सुवासरा के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 24 सितंबर को अधिकारियों द्वारा भ्रमण करके लोक संपर्क किया जाएगा। आमजन की शिकायत और समस्याओं का यथासंभव त्वरित निराकरण किया जाएगा। जिन शिकायतो समस्याओं के निराकरण में समय सीमा देनी होगी तो निश्चित समय सीमा दीजाएगी।
24 सितंबर को अधिकारियों द्वारा संपूर्ण सुवासरा क्षेत्र के वार्डो का भ्रमण किया जाएगा। इसके अलावा जिन ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण किया जाएगा उनमें ग्राम बोलिया, रहीमगढ़, खेताखेड़ा, शक्करखेड़ी, विशनिया, एवं सुवासरा नगर परिषद का कोई एक वार्ड, नाहरगढ़, कचनारा, खजूरमाण्डा, खजूरीचंद्रावत, रणायरा, प्रतापपुरा, झलारा, कोटड़ाबहादूर, बेटीखेड़ी, पायाखेड़ी, रामगढ़, बर्डियागुर्जर, गाडरिया, अरिनयागौड़, बाजखेड़ी, मोतीपुरा, खजूरीगौड़, जमुनिया, कोटड़ामाता, सेदराकरनाली, काचरिया, बोरखेड़ीजागीर, कोटपिपलिया, शक्करखेड़ीजागीर, धलपट एवं सम्पूर्ण सुवासरा नगरीय क्षेत्र शामिल है।
–00–
अयोध्या वाराणसी के लिए तीर्थ यात्रा 31 अक्टूबर को आवेदन की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर
मंदसौर 22 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत संशोधित कार्यक्रम अनुसार मंदसौर जिले के तीर्थ यात्री आगामी 31 अक्टूबर को अयोध्या काशी वाराणसी के लिए विशेष ट्रेन से रवाना होंगे। संशोधित यात्रा कार्यक्रम अंतर्गत जिले के तीर्थ यात्री 31 अक्टूबर को रवाना होकर 5 नवंबर को वापस आएंगे।
जिले के वरिष्ठ नागरिक उपरोक्त अयोध्या काशी वाराणसी तीर्थ यात्रा में शामिल होने हेतु आगामी 26 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
–00–
समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश की थीम पर मनाया जाए प्रदेश का स्थापना दिवस : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
कृषि पर केन्द्रित होंगी प्रदर्शनियां और कृषि के क्षेत्र में नवाचार व उपलब्धियों को मिलेगा सम्मान
- सभी शासकीय भवनों पर स्थापना दिवस पर एक नवम्बर की रात्रि को की जाएगी रोशनी
- जनता की भागीदारी को करें प्रोत्साहित
- जिला स्तर पर भी होंगे आयोजन
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बैठक में दिए निर्देश
मंदसौर 22 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्ष 2026 समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश की थीम पर किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। एक नवम्बर को वर्ष 2026 का मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कृषि विकास और किसान कल्याण पर केंद्रित हो। उन्नत कृषि, प्राकृतिक खेती, कृषि में नवाचार आदि पर विशेष रूप से प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं तथा कृषि के क्षेत्र में नवाचार करने और उपलब्धियां अर्जित करने वाले कृषकों, उद्यमियों, युवाओं को सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर गतिविधियों के साथ ही जिलों में भी उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सभी शासकीय भवनों पर स्थापना दिवस पर एक नवम्बर की रात्रि में रोशनी की जाए। प्रदेश की प्रतिभाओं को अपनी कला, योग्यता और क्षमता के प्रदर्शन का मौका प्रदान करने के लिये कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। स्थापना दिवस समारोह प्रदेश का उत्सव है। राज्य और जिलास्तरीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ये निर्देश मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के संबंध में आज मंत्रालय में हुई बैठक में दिए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन, श्री संजय कुमार शुक्ला, श्री शिवशेखर शुक्ला, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना सहित संस्कृति तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
देशज व्यंजनों का लगेगा मेला
बैठक में बताया गया कि 71वें मध्यप्रदेश स्थापना समारोह का राज्य स्तरीय समारोह लाल परेड ग्राउंड में होगा। इसके अंतर्गत विकसित मध्यप्रदेश-2047, एक जिला-एक उत्पाद, मध्यप्रदेश के जननायक, प्रदेश की पारम्परिक कलाओं, मंदिर स्थापत्य, भारत की ऋषि परम्परा, प्रदेश में विरासत से विकास और कृषि के क्षेत्र में उपलब्धियों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इस अवसर पर देशज व्यंजनों का मेला भी विशेष रूप से होगा। एक नवम्बर की शाम को भव्य स्तर पर सुगम संगीत पर कार्यक्रम होगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी।
जिले की उपलब्धियों को किया जाए प्रदर्शित
स्थापना दिवस समारोह में जिला मुख्यालयों पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां, जिलावार उत्कृष्ट कार्यों और जिला उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वतंत्रता सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिजन और महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित करने वाले स्व-सहायता समूहों, स्टार्ट-अप से जुड़े व्यक्तियों को विशेष रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए बैठक व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा व्यवस्था आदि के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
–00-
पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 सितंबर तक करें आवेदन
मंदसौर 22 सितंबर 2026 / पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना के तहत पत्रकार बंधु 25 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर योजना में शामिल हो सकते हैं। योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट mpinfo.org पर उपलब्ध है।


