राधा नगरी में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया राधाष्टमी महोत्सव चंबल तट स्थित ब्रह्मलीन अवधूत पागल बाबा आश्रम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

राधा नगरी में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया राधाष्टमी महोत्सव चंबल तट स्थित ब्रह्मलीन अवधूत पागल बाबा आश्रम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
चंबल नदी तट स्थित ब्रह्मलीन अवधूत पागल बाबा आश्रम राधा नगरी(ताल )में शनिवार को राधाष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। राधा रानी की भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं ने दिनभर धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की।
महोत्सव के अवसर पर दोपहर 12 बजे राधा रानी की महाआरती की गई। इसके पश्चात राधा रानी को आकर्षक झूले में विराजमान कर श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक झूला झुलाया। आश्रम परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, ब्रह्मलीन अवधूत पागल बाबा की धूनी एवं समाधि स्थल का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
राधाष्टमी महोत्सव में इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, जावरा, आलोट, रतलाम सहित मथुरा-वृंदावन से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राधा नगरी पहुंचे। दिनभर चले भंडारे में शाम तक सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ शुक्रवार शाम भव्य भजन संध्या के साथ हुआ। क्षेत्र के प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने देर रात तक राधा-कृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते नजर आए। संपूर्ण राधा नगरी परिसर राधा-कृष्ण की भक्ति और जयकारों से गुंजायमान रहा।


