कौशल शिक्षामंदसौरमध्यप्रदेश
मंदसौर के राघव जैन की हिमालयी उड़ान, HMI दार्जिलिंग में एडवांस माउंटेनियरिंग प्रशिक्षण के लिए चयन

19 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा प्रशिक्षण, 19 हजार फीट की ऊंचाई पर सीखेंगे पर्वतारोहण की कठिन तकनीकें
मंदसौर। मंदसौर के लिए गौरव की बात है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय में अध्ययनरत मंदसौर के मूल निवासी राघव जैन का चयन पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित प्रतिष्ठित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (HMI) के एडवांस माउंटेनियरिंग प्रशिक्षण के लिए हुआ है। राघव 19 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान राघव को पर्वतारोहण की उन्नत तकनीकों के साथ रॉक क्लाइंबिंग, स्नो एवं आइस क्राफ्ट, पर्वतीय रेस्क्यू, कठिन परिस्थितियों में चढ़ाई, सुरक्षा तकनीक तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अभियान संचालन जैसी विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान वे लगभग 19,000 फीट की ऊंचाई तक जाकर पर्वतीय परिस्थितियों में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
राघव का चयन उनके पूर्व पर्वतारोहण प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। उन्होंने सिक्किम स्थित सरकारी संस्थान से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स में ए ग्रेड प्राप्त किया था। इससे पहले भी राघव लगभग 17,000 फीट की ऊंचाई पर भारतीय तिरंगा फहरा चुके हैं।
पढ़ाई के साथ-साथ राघव पर्वतारोहण, स्नो स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, जल क्रीड़ा, तैराकी, निशानेबाजी और संगीत जैसी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय हैं। उनका यह प्रशिक्षण पर्वतारोहण के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राघव का लक्ष्य भविष्य में उच्च हिमालयी अभियानों में भाग लेना और माउंट एवरेस्ट सहित देश-विदेश की पर्वत चोटियों पर भारतीय तिरंगा फहराना है। उनके चयन से मंदसौर जिले के युवाओं में उत्साह है और परिवारजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।



