350 किलो लहन के साथ अवैध भट्ठियां नष्ट, आबकारी अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज

350 किलो लहन के साथ अवैध भट्ठियां नष्ट, आबकारी अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज
गोरखपुर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन व भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को थाना राजघाट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन एवं जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान करीब 52 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 कैम्पियरगंज एवं अतिरिक्त प्रभार सेक्टर-2 एस.एन. वर्मा मय स्टाफ, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-1 गोरखपुर अरविन्द कुमार मय स्टाफ तथा चौकी प्रभारी अमरुतानी की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से राजघाट थाना क्षेत्र के विभिन्न संदिग्ध स्थलों और अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर दबिश दी।टीम ने राप्ती नदी के किनारे स्थित अमरूद के बागों एवं झाड़ियों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। दबिश के दौरान करीब 52 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके साथ ही मौके पर तैयार किया जा रहा लगभग 350 किलोग्राम लहन तथा अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही कई भट्ठियों को नष्ट कर दिया गया।कार्रवाई के संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।आबकारी निरीक्षक एस एन वर्मा ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



