मंदसौरमध्यप्रदेश
पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मंदसौर में तुलसी जयंती पर तुलसी वाटिका का निर्माण

पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मंदसौर में तुलसी जयंती पर तुलसी वाटिका का निर्माण
मंदसौर। पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं हिंदी विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तुलसी जयंती के अवसर पर तुलसी वाटिका का निर्माण कर 25 तुलसी पौधों का रोपण किया गया। यह पुनीत कार्य हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. सीमा जैन के सौजन्य से उनके जन्मदिवस के अवसर पर किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. एस. दुबे ने कहा कि तुलसी भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। तुलसी का धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ पर्यावरण एवं औषधीय दृष्टि से भी विशेष महत्व है। महाविद्यालय परिसर में तुलसी वाटिका का निर्माण विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा एवं प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला संगठक डॉ. अनिल कुमार आर्य ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। तुलसी वाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भावना का समन्वय स्थापित होगा।
हिंदी विभागाध्यक्ष एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललिता लोधा ने कहा कि तुलसी भारतीय साहित्य, संस्कृति और लोकजीवन में विशेष स्थान रखती हैं। तुलसी जयंती के अवसर पर तुलसी वाटिका का निर्माण विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण में भी सहायक हैं।
हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. सीमा जैन ने कहा कि अपने जन्मदिवस के अवसर पर तुलसी वाटिका के निर्माण एवं पौधारोपण के माध्यम से भारतीय परंपरा और प्रकृति संरक्षण से जुड़ना उनके लिए विशेष प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें और अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए समाज को प्रेरित करें।
इस अवसर पर डॉ. ज्योति डोसी, डॉ. नेहा दीक्षित, श्री वर्दीचंद राठौर सहित हिंदी विभाग के विद्यार्थी एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा तुलसी पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।



