समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 20 अगस्त 2026 गुरुवार

‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ के तहत बाल गृह के बच्चों ने बनाई राखियों की प्रदर्शनी
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय नीना आशापुरे ने किया राखी प्रदर्शनी का शुभारंभ
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026

माननीय उच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ के अंतर्गत जिला न्यायालय रतलाम में राखी प्रदर्शनी एवं विक्रय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रतलाम माननीय श्रीमती नीना आशापुरे ने किया।
राखी प्रदर्शनी में बाल संप्रेक्षण गृह, देवप्रकाश संस्थान बाल गृह एवं निवेदिता बालिका गृह, रतलाम में निवासरत बच्चों द्वारा स्वयं तैयार की गई आकर्षक एवं कलात्मक राखियां विक्रय के लिए रखी गईं। प्रदर्शनी का आयोजन एडीआर भवन, जिला न्यायालय रतलाम में दोपहर 2:30 बजे तक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई राखियों को देखकर उपस्थित न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण, पैनल एवं एलएडीसीएस अधिवक्तागण तथा पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और राखियां क्रय कीं।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा तैयार की गई राखियों एवं अन्य हस्तनिर्मित सामग्री की सराहना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम के न्यायाधीश/सचिव श्री नीरज पवैया सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, अधिकारी-कर्मचारी एवं पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।
=======
रतलाम में 21 अगस्त से शुरू होगा 3 दिवसीय जिला स्तरीय राखी मेला
आत्मनिर्भर भारत और लोकल फॉर वोकल की तर्ज पर स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान और ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (म.प्र. शासन) के अंतर्गत दीनदयाल अन्त्योदय योजना – म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत गठित स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु तीन दिवसीय जिला स्तरीय ‘राखी मेले’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 21 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सज्जन प्रभा हॉल (होटल अजंता पैलेस), रतलाम में आयोजित होगा।
विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पाद होंगे उपलब्ध
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेले में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्वदेशी एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। मेले में मुख्य रूप से:
आकर्षण: आकर्षक हस्तनिर्मित राखियां, रेशम की चूड़ियां, लाख की चूड़ियां, झूमर और भगवान की सुंदर पोशाकें।
घरेलू व सजावटी सामान: ब्लॉक प्रिंटिंग चादरें, फैंसी झाड़ू, सुगंधित धूपबत्ती और रुई की अगरबत्ती।
खाद्य सामग्री: शुद्ध मसाले, दालें, अचार, चिप्स, स्वादिष्ट नमकीन के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक ज्वार, बाजरा और मक्का का आटा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को साकार करते हुए स्थानीय स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना है। इससे स्वदेशी उत्पादों की बिक्री से महिलाओं की आय में वृद्धि होगी, वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी और जीवन स्तर में सुधार आएगा। साथ ही, मेले के माध्यम से स्थानीय व्यवसायियों एवं व्यापारियों से समूहों का सीधा व्यावसायिक संपर्क स्थापित होगा।
प्रशासन ने की स्वदेशी अपनाने की अपील
जिला प्रशासन ने शहर के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों एवं आम जनता से अपील की है कि वे इस मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ‘लोकल फॉर वोकल’ को प्रोत्साहन दें, स्वदेशी राखी व उत्पादों की खरीदारी करें और स्व-सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करें।
==========
समय सीमा में कार्य नहीं करने पर 2 लापरवाह ग्राम पंचायत सचिव दंडित
लोक सेवा आवेदन समय सीमा में निराकरण नहीं करने पर हुई कार्रवाई, सेवा अभिलेख में दर्ज होगा दंड
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण नहीं करने पर जिले में दो ग्राम पंचायत सचिवों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
डीपीओ योजना एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा बताया गया कि जनपद पंचायत सैलाना की ग्राम पंचायत उडैर एवं बसिंद्रा के ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा लोक सेवा के आवेदन निर्धारित समय सीमा में निराकृत नहीं किए गए। समय सीमा बाह्य होने पर जिला योजना अधिकारी द्वारा संबंधित दोनों ग्राम पंचायत सचिवों को दंडित किया गया है।
जिला योजना अधिकारी द्वारा जारी दंड आदेश का उल्लेख संबंधित कर्मचारियों के सेवा अभिलेख में भी किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन की सेवाओं का लाभ आमजन को निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
जनता को समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ नहीं देने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
======
जिले में एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा
रतलाम जिले में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 44.17 प्रतिशत, 2.92 लाख भूमि स्वामियों की रजिस्ट्री पूर्ण
अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए कलेक्टर श्री कटेसरिया ने दिए निर्देश
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
रबी वर्ष 2026-27 में किसानों को आवश्यक उर्वरक सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने, उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने, ई-विकास प्रणाली में टोकन जनरेशन एवं पोर्टल की सुविधाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने, सभी किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने, बकेटिंग के लंबित प्रकरणों के निराकरण, पैक्स में अधिकाधिक किसानों को सदस्य बनाने तथा केसीसी सेचुरेशन के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा प्रदेशव्यापी “एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान” 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत पैक्स स्तर पर नवीन सदस्यों को जोड़ने, किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने, अग्रिम उर्वरक उठाव कराने, शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषक सदस्यों को ऋण उपलब्ध कराने तथा ई-टोकन प्रणाली में उपलब्ध सुविधाओं का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा पैक्स स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है अथवा उसमें सभी खाते शामिल नहीं हैं, उनकी सूची ग्राम पंचायत में संबंधित पटवारी द्वारा पढ़कर सुनाई जाएगी तथा शेष खातों की फार्मर आईडी बनाने एवं सभी खातों को फार्मर आईडी में शामिल करने की कार्रवाई संबंधित हल्का पटवारी द्वारा की जाएगी।
रतलाम जिले में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 44.17 प्रतिशत है। जिले में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य की प्रगति लगातार बढ़ाई जा रही है। 19 अगस्त 2026 की स्थिति में जिले के कुल 6,61,292 भूमि स्वामियों में से 2,92,101 भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है। इस प्रकार जिले में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 44.17 प्रतिशत है, जबकि 3,69,191 भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री शेष है। तहसीलवार स्थिति के अनुसार आलोट में 33,216 पूर्ण एवं 31,612 शेष, बाजना में 19,224 पूर्ण एवं 22,475 शेष, जावरा में 44,498 पूर्ण एवं 64,187 शेष, पिपलौदा में 41,398 पूर्ण एवं 47,284 शेष, रतलाम ग्रामीण में 52,395 पूर्ण एवं 63,718 शेष, रतलाम नगर में 15,354 पूर्ण एवं 32,688 शेष, रावटी में 20,231 पूर्ण एवं 25,768 शेष, सैलाना में 33,689 पूर्ण एवं 45,211 शेष तथा ताल में 32,096 पूर्ण एवं 36,248 भूमि स्वामियों की फार्मर रजिस्ट्री शेष है।
फार्मर आईडी किसानों के लिए महत्वपूर्ण फार्मर आईडी किसानों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है।
फार्मर आईडी फसल उपार्जन, उर्वरक प्राप्ति, अनुदान पर बीज प्राप्त करने, फसल प्रदर्शन, कृषि यंत्रों पर अनुदान, कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा ई-मंडी में फसल उत्पाद विक्रय सहित विभिन्न किसान हितैषी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान जिले के प्रत्येक पात्र किसान तक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है अथवा उसमें सभी भूमि खाते शामिल नहीं हैं, उनका चिन्हांकन कर शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राजस्व, कृषि, सहकारिता एवं संबंधित विभागों के मैदानी अमले को समन्वय के साथ कार्य करने तथा पैक्स स्तर पर किसानों को फार्मर आईडी, ई-टोकन, केसीसी, अग्रिम उर्वरक उठाव एवं अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
=======
सोयाबिन फसल में रोग एवं कीट नियंत्रण के लिए किसानों को सलाह
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री भगवान सिंह अर्गल ने बताया कि वर्तमान मौसम फसलों में इल्ली के लिये अनुकूल बना हुआ है इसको देखते हुयें जिले के किसानों को सलाह दी जाती है कि फसलो का सतत निरीक्षण करते रहे एवं फसलों में इल्ली का प्रकोप दिखने पर इल्ली के नियंत्रण हेतु सेमीलूपर, तंबाकू की इल्ली एवं चने की इल्ली तीनों का एक साथ प्रकोप हो तो स्पायनेटोरम 11.7 SC @ 450 मिली प्रति हेक्टेयर अथवा क्लोरएन्ट्रानिलिप्रोल 18.5 SC @ 150 मिली प्रति हेक्टेयर अथवा क्लोरएन्ट्रानिलिप्रोल 9.30% + लैम्ब्डा सायहेलोथ्रिन 4.60% ZC @ 200 मिली प्रति हेक्टेयर में दवाओं का प्रयोग करें।
यदि पत्ती खाने वाली इल्लियों के साथ सफेद मक्खी एवं तना भेदक कीट का भी प्रकोप हो, तो थायोमिथोक्सम 12.60% + लैम्ब्डा सायहेलोथ्रिन 9.50% ZC @ 125 मिली प्रति हेक्टेयर अथवा बीटासायफ्लुथ्रिन इमिडाक्लोप्रिड @ 350 मिली प्रति हेक्टेयर अथवा क्लोरएन्ट्रानिलिप्रोल 9.30% + लैम्ब्डा सायहेलोथ्रिन 4.60% ZC @ 200 मिली प्रति हेक्टेयर दवा को 500 लीटर पानी में घोल बनाकर एक हेक्टेयर फसल में छिड़काव करें।
=====
रावटी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों से घी जब्त
तीनों प्रतिष्ठानों से घी के नमूने जांच हेतु लिए, कुल 133 किलोग्राम घी जब्त
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,

उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया द्वारा रावटी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी के नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा आरजी किराना, रावटी का निरीक्षण किया गया। यहां से घी का नमूना जांच हेतु लिया गया तथा 15 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार रुपए है, जब्त किया गया।
इसके बाद सिद्धार्थ ट्रेडर्स, बस स्टैंड रावटी का निरीक्षण कर देशी घी का नमूना जांच हेतु लिया गया। मौके से 43 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपए है, जब्त किया गया। इसी क्रम में श्री कृष्ण डेयरी, रावटी से श्री रत्नागिरी घी का नमूना जांच हेतु लिया गया। यहां से 75 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 31 हजार रुपए है, जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए घी के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी। तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 133 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 67 हजार रुपए है, जब्त किया गया है।
==========
लोक सेवा केंद्रों के लिए प्राइवेट ऑपरेटर चयन हेतु ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित
निविदा सबमिट करने की प्रक्रिया 21 अगस्त से प्रारंभ, अंतिम तिथि 12 सितंबर
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
प्रभारी अधिकारी लोक सेवा प्रबंधन ने बताया कि रतलाम जिले में संचालित 09 लोक सेवा केन्द्रों के लिए पी.पी.पी. मोडल के तहत प्राइवेट ऑपरेटर के चयन हेतु ऑनलाइन निविदाये आमंत्रित की गई है। निविदा प्रपत्र एवं लोक सेवा केन्द्रों की सुची जिले की वेबसाइट www.ratlam.nic.in., http://mptenders.gov.in एवं www.mpedistrict.gov.in पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन टेंडर (निविदा) का प्रकाशन एवं डाउनलोड 18 अगस्त 2026 को दोपहर 3:00 बजे से किया जा सकेगा। निविदा सबमिट करने की प्रक्रिया 21 अगस्त 2026 को दोपहर 3:00 बजे से प्रारंभ होगी। ऑनलाइन टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक रहेगी। ऑनलाइन तकनीकी निविदा 14 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से खोली जाएगी। प्री-बिड मीटिंग 20 अगस्त 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होगी।
=========
हरिद्वार-ऋषिकेश तीर्थ दर्शन यात्रा 16 सितंबर को होगी रवाना
आवेदन के लिए अंतिम तिथि 9 सितंबर 2026
तीर्थ यात्रा संबंधित जानकारी वेबसाइट www.dharmasva.mp.gov.in पर उपलब्ध
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत हरिद्वार-ऋषिकेश तीर्थ यात्रा 16 सितंबर 2026 को रवाना होगी जो 19 सितंबर 2026 को वापस आएगी। जिले को यात्रा के लिए 156 सीटों का कोटा आवंटित किया गया है। यात्रा के लिए ट्रेन रतलाम रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होगी एवं वापसी में आगमन भी रतलाम में ही होगा। यात्रा पर जाने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 9 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस संबंध में समय-समय पर संशोधित नियमों की जानकारी विभागीय वेबसाइट www.dharmasva.mp.gov.in पर उपलब्ध है। इस यात्रा से संबंधित विस्तृत नियम निर्देश एवं तीर्थयात्रा के लिए निर्धारित आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।
आवेदन करने की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति मध्यप्रदेश के मूल निवासी होना चाहिए। आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए। आवेदक जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो। महिलाओं के लिए अधिकतम आयु में 2 वर्ष की छूट अर्थात 58 वर्ष है एवं 60 प्रतिशत से अधिक विकलांग व्यक्ति आवेदक के लिए आयुसीमा का बंधन लागू नहीं होगा। आवेदन जिले के समस्त तहसील कार्यालय, जनपद कार्यालय एवं नगर निगम रतलाम में जमा कर सकते हैं।
आवेदकों का चयन
जिले को आवंटित निर्धारित कोटे से ज्यादा संख्या में आवेदन मिलते हैं, तो लॉटरी द्वारा तीर्थ यात्रियों का चयन किये जाकर सूची बनाई जाएगी।
======
श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा 20 अगस्त दोपहर 12:30 बजे गुलाब चक्कर से प्रारंभ होगी
संत शिरोमणि रविदास की 650 वीं जयंती के अवसर पर जिलेभर में होंगे सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
संत शिरोमणि रविदास की 650 वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन दर्शन तथा समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से प्रदेश में श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा का आयोजन 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा का आयोजन 20 अगस्त दोपहर 12:30 बजे गुलाब चक्कर से प्रारंभ होगी। यात्रा गुलाब चक्कर से प्रारंभ होकर नगर निगम, महलवाड़ा, पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, हरमाला रोड होते हुए संत रविदास चौक पहुंचेगी।
इसके पश्चात यात्रा संत रविदास मंदिर पहुंचेगी। इसके पश्चात यात्रा जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामों में पहुंचेगी। यात्रा के दौरान संत रविदास के जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता, समानता, सेवा एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विकासखंडवार इस प्रकार रहेगा कलश रथ यात्रा का कार्यक्रम
आलोट: 21 से 24 अगस्त तक विकासखंड आलोट एवं अंतर्गत आने वाले ग्रामों में।
जावरा: 25 से 28 अगस्त तक विकासखंड जावरा एवं अंतर्गत आने वाले ग्रामों में।
पिपलौदा: 29 अगस्त से 2 सितंबर तक विकासखंड पिपलौदा एवं अंतर्गत आने वाले ग्रामों में।
सैलाना: 3 से 5 सितंबर तक विकासखंड सैलाना एवं अंतर्गत आने वाले ग्रामों में।
बाजना: 6 से 8 सितंबर तक विकासखंड बाजना एवं अंतर्गत आने वाले ग्रामों में।
रतलाम: 9 से 10 सितंबर तक विकासखंड रतलाम एवं अंतर्गत आने वाले ग्रामों में।
अभियान के अंतर्गत संबंधित विभागों द्वारा सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंपर्क गतिविधियां तथा संत रविदास के विचारों एवं संदेशों के प्रचार-प्रसार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता, समानता एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को और मजबूत करना है।
========
विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ समुदाय बस्ती विकास योजना के तहत 18 विकास कार्यों के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे जाएंगे
जिले में 1 करोड़ 2 लाख रुपये के 18 कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026, 17:05 IST
विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ समुदाय बस्ती विकास योजना नियम, 2013 के अंतर्गत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में बस्ती विकास एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित 18 विकास कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों की कुल अनुमानित राशि 1 करोड़ 2 लाख रुपये है। प्राप्त प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन कर राज्य शासन को प्रेषित किया जाना है।
प्रस्तावों में जनपद पंचायत आलोट की ग्राम पंचायत मुंडलाकला में तीन सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। मदन के घर से दिनेश गायरी के घर तक, बद्रीलाल के घर से मदन के घर तक तथा दिनेश गायरी के घर से रामचंद्र के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए प्रत्येक कार्य हेतु 5-5 लाख रुपये के प्रस्ताव हैं। ग्राम पंचायत पिपल्या सिसौदिया में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये तथा चार सीसी रोड निर्माण कार्यों के लिए 5-5 लाख रुपये के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
जनपद पंचायत जावरा की ग्राम पंचायत कामलिया के ग्राम चौकी में जगदीश नाथ के घर से लक्ष्मण दास बैरागी के खेत तक सीसी रोड, विनोद नाथ के घर से आंगनवाड़ी भवन तक सीसी रोड, कालबेलिया बस्ती के पीछे बजरंगबली मार्ग पर पुलिया निर्माण, रणछोड़ दास के घर से बालाजी मंदिर की ओर सीसी रोड तथा जगदीश दास बैरागी के घर से कच्ची घाट की ओर सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव शामिल हैं।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत सिंदुरकिया के ग्राम सिंदुरकिया में जगदीश माधु के घर से आंतरिक मार्ग की ओर तथा शीतला माता मंदिर से प्रधानमंत्री रोड की ओर सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव हैं। ग्राम पंचायत मिंडली के नागपिपल्या में सुरेश बैरागी के घर से आंतरिक मार्ग की ओर, अमरसिंह के घर से आंतरिक मार्ग की ओर तथा कन्हैयालाल चंद्रवंशी के घर से आंतरिक मार्ग की ओर सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त प्रस्तावों को पारदर्शिता एवं जनभागीदारी की दृष्टि से सार्वजनिक किया जा रहा है। उक्त प्रस्तावों पर नियमानुसार जांच एवं सत्यापन के पश्चात राज्य शासन को भेजा जाएगा।
======
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, पूजा घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
रतलाम, रावटी एवं ताल में कार्रवाई, करीब 1630 किलोग्राम घी-पनीर जब्त
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,

जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा रतलाम, रावटी एवं ताल क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए तथा मिलावट की आशंका वाले खाद्य पदार्थों को नियमानुसार जप्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शैलेश गुप्ता द्वारा रतलाम स्थित जैन प्रोडक्ट, दिलीप नगर पर कार्रवाई की गई। यहां तेज चार धाम पूजा घी के नमूने जांच हेतु लिए गए। फर्म के संचालक रितेश द्वारा बताया गया कि दिल्ली से अखाद्य घी, जो केवल पूजा के लिए तैयार किया गया है, आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैयार करवाकर थोक में विक्रय किया जाता है। मौके पर उपलब्ध लगभग 1488 लीटर पूजा घी, जिसकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये है, जप्त किया गया तथा इसके विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
इसी क्रम में स्वस्तिक टी डिपो, रतलाम पर भी कार्रवाई की गई। यहां से अरिहंत घी, मधुसूदन घी एवं चाय के नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा द्वारा राजेंद्र मार्ग, ताल स्थित राठौर दूध डेयरी का निरीक्षण किया गया। यहां 280 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय किए जा रहे पनीर का नमूना लिया गया। मिलावट की आशंका के चलते 12 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 3,360 रुपये है, जप्त किया गया।
रावटी में भी खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई: आरजी किराना, रावटी का निरीक्षण कर वास्तु घी का नमूना जांच हेतु लिया गया तथा 15 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये है, जप्त किया गया। इसी प्रकार सिद्धार्थ ट्रेडर्स, बस स्टैंड रावटी से पुराश्यौर देसी घी का नमूना लिया गया तथा 43 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये है, जप्त किया गया। श्री कृष्ण डेयरी, रावटी से श्री रत्नागिरी घी का नमूना लिया गया तथा 75 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 31 हजार रुपये है, जप्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावट के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
======
12 नोटिस के बाद भी नहीं सुधरी कार्यशैली, जांच में दोष प्रमाणित, परियोजना अधिकारी की संविदा सेवाएं समाप्त
जिला पंचायत सीईओ ने परियोजना अधिकारी महेश कुमार चौबे के विरुद्ध की बड़ी प्रशासनिक कार्यवाही
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026
सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने बताया कि शासकीय कार्यों में लगातार लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, दोषपूर्ण कार्यशैली एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता के चलते परियोजना अधिकारी श्री महेश कुमार चौबे की संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
श्री चौबे के विरुद्ध वर्ष 2010 से 2018 के बीच कार्य में लापरवाही एवं अन्य अनियमितताओं के संबंध में कुल 12 कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए थे। इसके बावजूद कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतंत्र जांच समिति गठित की गई। समिति द्वारा की गई जांच में शासकीय कार्यों में गंभीर लापरवाही एवं निर्धारित शासकीय प्रक्रियाओं के उल्लंघन के आरोप दोष प्रमाणित पाए गए।
प्रकरण में संबंधित अधिकारी को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान किया गया। उनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण करने के बाद उसे असंतोषजनक पाया गया। इसके पश्चात सक्षम प्राधिकारी द्वारा संविदा सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में रोके गए 50 प्रतिशत मासिक पारिश्रमिक के आदेश के विरुद्ध श्री चौबे द्वारा की गई अपील को कलेक्टर न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा भी आधारहीन मानते हुए निरस्त किया जा चुका है।
जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश के अनुसार संविदा सेवाएं समाप्त करने के साथ ही जांच अवधि में रोका गया 50 प्रतिशत मासिक पारिश्रमिक राज्य शासन के पक्ष में राजसात करने का आदेश भी जारी किया गया है।
========
बहनों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मैहर से मिली लाड़ली बहनों को नैहर की नेग
लाड़ली बहनों को राखी के शगुन के साथ मिली सहायता राशि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को अंतरित किए 2148.30 करोड़ रुपए
बहनों को राखी से पहले मिला 1750 रु. का उपहार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों पर की पुष्प वर्षा, बंधवाई राखियां
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हॉकी खिलाड़ी अनन्या अवधिया और उन्नति पांडे के साथ अंतरित की लाड़ली बहनों को राखी
जनअभियान परिषद की नवांकुर सखियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भेंट की विशाल राखी
मुख्यमंत्री ने मैहर जिलेवासियों को दी 256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर ज़िले के लिए की विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा
मैहर में हुआ राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन
रतलाम : बुधवार, अगस्त 19, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहन-बेटियां हमारे घर-आंगन की रौनक हैं। बहन-बेटियों का मान-सम्मान और इनका आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन तो साल में एक बार आता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों से उनकी रक्षा का वादा पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी लाड़ली बहनों को हर महीने सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि शारदा मां के आशीर्वाद से मैहर अद्भुत स्थान है। बुंदेलखंड की वीरता के प्रतीक आल्हा-ऊदल मां शारदा के अनन्य भक्त हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में उदारता और रिश्तों का सम्मान करने की परम्परा है। हम वसुधैव कुटुम्बकम के भाव से पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हैं। हमने आज ही मैहर से प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को नैहर की नेग (राज्य सरकार का उपहार) दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मैहर में हुए राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर में मां शारदा भवानी के दर्शन किए। इसके बाद इसी जिले की प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ी सुश्री अनन्या अवधिया और सुश्री उन्नति पांडे के साथ प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किश्त और रक्षाबंधन के विशेष शगुन के 250 रुपए (कुल 1750 रुपए) के रूप में 2 हजार 148 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से बैंक खातों में अंतरित किये। उल्लेखनीय है कि जून 2023 में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत से अगस्त 2026 तक 39 किश्तों में लाड़ली बहनों के खातों में 63 हज़ार 248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यकाल में भारतीय सेना बहनों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए सशक्त बनी है। रक्षाबंधन का धागा भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है। राज्य सरकार बहनों के सम्मान से कभी समझौता नहीं करती है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हर माह बहनों का राशि भेजी जा रही है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों का आशीर्वाद सरकार को मिल रहा है। हर साल रक्षाबंधन से पहले बहनों को 250 रुपए का शगुन भी भेजा जा रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में लगभग 256 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले की विकास गतिविधियों और कार्यक्रमों तथा योजनाओं की उपलब्धि पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी बहनें अपने जीवन में माता-पिता के घर को संवारती हैं और विवाह के बाद पूरे ससुराल की जिम्मेदारी अपने ऊपर उठा लेती हैं। बहनों का यह त्याग वंदनीय है। भारतीय संस्कृति में मां-बेटियां परिवारों की धुरी हैं। माताएं अपनी चिंता नहीं कर पूरे परिवार का ख्याल रखती हैं। राज्य सरकार ने अगले 5 साल तक लाड़ली बहनों को राशि देने का निर्णय कैबिनेट में लिया है। अगले 5 वर्ष में 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि बहनों को मिलेगी। लाड़ली बहना योजना की राशि परिवार की छोटी-मोटी जरूरतें पूरी हो जाती हैं। राज्य सरकार बहनों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव कार्य कर रही है। हमारी बहनें स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। रोजगार परक उद्योगों में काम करने पर बहनों को वेतन में पाँच हजार रुपए अलग से लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने महाकाल के महाकाल लोक के बाद प्रदेशभर में देवस्थानों के विकास का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में श्रीराम वन गमन पथ, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की धारा को अविरल रखने और विकास कार्यों के लिए 3 हजार करोड़ के कार्य मंजूर किए गए हैं। मैहर में 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण का भूमि-पूजन आज हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब नशे के खिलाफ अभियान चल रहा है। राज्य सरकार ने 19 धार्मिक स्थानों पर शराब दुकानें बंद की हैं। भावी पीढ़ियों को नशे से बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नशे से पीढ़ियां बर्बाद हो जाती हैं। परिवार के सदस्य बच्चों को नशे से दूर रखने और उनके बेहतर भविष्य के लिए बच्चों से संवाद हमेशा बनाए रखें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में लगातार सिंचाई का रकबा बढ़ा रही है। विंध्य क्षेत्र को किसानों को बरगी नहर के पानी का लाभ मिलेगा। किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली मिलेगी। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए संकल्प पारित किया है।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं :-
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में चल रहे विकास कार्यों को और भी गति देते हुए घोषणा करते हुए कहा कि –
मैहर जिले के बदेरा पहाड़ में 132 केवीए का सब स्टेशन बनाया जायेगा।
मैहर में 25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनाया जायेगा।
लिलजी जलाशय का 50 करोड़ रुपए की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा।
मैहर में एक बड़ा सर्व सुविधायुक्त अस्पताल बनाया जाएगा।
मैहर में 5000 गौवंश क्षमता की बड़ी गौशाला बनेगी।
घुनवारा में आईटीआई संस्थान बनेगा, स्कूल का उन्नयन किया जाएगा।
लाड़ली बहना सम्मेलन में आईं आल्हा गायकों की सभी समितियों को 25-25 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
लोकार्पण-भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर में 48 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से सांदीपनि विद्यालय, 7 करोड़ 58 लाख की लागत से ताला में शासकीय महाविद्यालय भवन, 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से अमरपाटन में 30 सीटर बालक छात्रावास तथा आवास का लोकार्पण किया। इस क्रम में 21 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से बठिया-चोरहटा, बंधी बैरागल, खमरिया-पनिहा-कुशमी-झुकेही और ग्राम पंचायत जमताल में सड़क निर्माण कार्यों तथा 19 करोड़ से अधिक की लागत से जनपद पंचायत मैहर, अमरपाटन और रामनगर में जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़े 1 हजार 69 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से पुलिस कंट्रोल रूम, 1 करोड़ 47 लाख की लागत से जूरा में नवीन शासकीय हाईस्कूल भवन और 59 लाख रुपये की लागत से परशुराम धर्मशाला भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 151 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके अंतर्गत लगभग 54 करोड़ रुपए की लागत से मैहर में धनवाही माइक्रो सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन शामिल है, इससे 3500 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 41 करोड़ की लागत से रामनगर में सांदीपनि विद्यालय और लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से शारदा माता लोक के प्रथम चरण के विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले मैहर को बड़े विकास कार्यों की सौगात मिली है। मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण के कामों का भूमिपूजन भी आज हो गया है। माई की कृपा से मैहर जिले का तेजी से विकास हो रहा है।
क्षेत्रीय सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत में पहली बार जनसमस्या निवारण के लिए हर शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लोगों की समस्याओं को दूर करने की पहल की है। रक्षाबंधन से पहले मां शारदा देवी के दरबार से प्रदेश की लाड़ली बहनों को 1750 रुपए की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में बरगी नहर का कार्य तेजी से पूरा हुआ। इससे मैहर सहित विंध्य क्षेत्र को लाभ मिलेगा। आज मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां शारदा देवी लोक के प्रथम चरण का शिलान्यास किया। मैहर को आज 250 करोड़ से भी अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि बाणसागर में इंडियन नेवी ने ट्रेनिंग सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। इन सभी प्रयासों के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने मांग रखी कि टाइगर कॉरिडोर में मैहर और सतना जिले को भी शामिल किया जाए।
मैहर विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि मैहर नया जिला बना है। यहां शहर के बाहर रिंग रोड, अस्पताल, महाविद्यालय और ओलिंपिक स्तर का स्टेडियम बनाए जाने की आवश्यकता है। मैहर में 20 साल से विकास की गति रुकी हुई थी, लेकिन अब यह जिला तेजी से तरक्की कर रहा है।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, पूर्व मंत्री श्री रामखेलावन पटेल, विधायक श्री विक्रम सिंह, विधायक श्री सुरेंद्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन सिंह कोल, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री विकास यादव, समाजसेवी श्रीमती नंदिता पाठक, जिलाध्यक्ष श्री कमलेश सोहाने सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।



