नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 19 अगस्त 2026 बुधवार

//////////////////////////////////////////////

 स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एमटीएस स्टाफ को पिछले 3 महीने 8 दिन से वेतन नहीं मिला,सौंपा ज्ञापन

नीमच 18 अगस्त 2026। सेंटर ऑफ़ इंडियन ट्रेड यूनियन के जिला महासचिव कामरेड सुनील शर्मा ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एमटीएस स्टाफ को पिछले 3 महीने 8 दिन से वेतन नहीं मिला है जिससे उनके जीवन गुजर बसर करने में भयानक परेशानी आ रही है किसी से असंतुष्ट होकर आज जिले के एमटीएस कलेक्टर कार्यालय में पहुंचे और वाहन रैली बनाकर नारेबाजी करके ज्ञापन कलेक्टर के नाम तहसीलदार प्रियंका रावत को सौंपा। ज्ञापन का वाचन घनश्याम रावत ने किया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि  जिला स्वास्थ्य विभाग मे कम्प्युटर आपरेटर एवं एमटीएस जिले के प्रत्येक उपस्वास्थ्य केन्द्र / प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द/सीएचसी/सीएच/जिला अस्पताल में आउटसोर्स कंम्पनी सैड मैप सब कंम्पनी जूस एंटरप्राइजेज प्रा.लि कम्पनी भोपाल के माध्यम से कार्यरत है। विगत 7 माह में सिर्फ 3 महा फरवरी, मार्च, अप्रैल माह का भुगतान की गया है कंपनी द्वारा जनवरी के 8 दिन, का भुगतान तथा माह मई, जून, जुलाई का वेतन भुगतान आज दिनांक तक नही किया गया। 3 अगस्त को श्रीमान कलेक्टर को भी अवगत कराया गया था। श्रीमान के द्वारा 2 से 3 दिन तक का समय मांगा गया था। परन्तु उस बात को भी आज दो  सप्ताह हो चूका है। परन्तु आज दिनांक तक वेतन हमे प्राप्त नही हुआ है। जिला लेखा प्रबंधक से कई बार मोखिक रूप से जाकर एवं दूरभाष के द्वारा बात की गई परन्तु उनके द्वारा आज दिनांक तक संतोषजनक जवाब नही दिया गया है। उनके द्वारा हर बार वैतन के बारे मे पुछने पर हर बार नया जवाब दिया जाता है। और कंपनी के द्वारा भी सही जवाब नही दिया जा रहा है। जिससे हम सब को कर्मचारीयों को आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है एंव परिवार के पालन पोषण मे कठिनाई उत्पन्न हो रही है। पूर्व में भी समस्त कर्मचारीयों द्वारा आपको आवेदन दिया गया था। परन्तु आज दिनांक तक उसका निराकरण नही हुआ है। अतः अगर आगामिन एक सप्ताह में हमें वैतन प्राप्त नही होता है तो हम काम पर जाने में असमर्थ होगे जिसकी समस्त जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी। इस अवसर पर सीटू के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर एमटीएस यूनियन के अध्यक्ष बाल किशन शिवानी राठौर, मनीषा मेघवाल, कुशल रावत, हरिश्चंद्र रैगर, संजय शर्मा, पूजा सेन, मिथुन माली, मुकेश आर्य सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।

==========

समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर जताई कड़ी नाराजगी

नए खेल मैदान के लिए भूमि चिन्हित कर आवंटन का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश

नीमच, 18 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित 50 दिवस से अधिक अवधि से लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित तहसीलदारों के स्तर पर लंबित शिकायतों की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, किसान कल्याण एवं कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की राज्य स्तरीय शिकायत निराकरण रैंकिंग की समीक्षा की गई। अपेक्षित स्थिति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी विभागों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण के साथ राज्य स्तर पर टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत की वस्तुस्थिति की विस्तृत जांच कर संबंधित आवेदक को संतुष्टिपूर्ण निराकरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अनावश्यक रूप से प्रकरणों को फोर्स क्लोज किए जाने पर भी विशेष ध्यान देने तथा कम से कम प्रकरणों को फोर्स क्लोज की श्रेणी में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में शिकायतों के निराकरण की नियमित समीक्षा करने को कहा।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्पष्ट किया कि यदि कोई विभाग आगामी तीन दिवस में राज्य स्तरीय शिकायत निराकरण रैंकिंग में टॉप-10 में नहीं आता है, तो संबंधित विभाग की लंबित शिकायतों की गहन जांच कराई जाएगी। जांच में यदि शिकायत के निराकरण में विभागीय अधिकारी की लापरवाही, उचित जांच नहीं किया जाना अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

डीपीसी एवं डाइट प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश

जिला शिक्षा केंद्र एवं डाइट से संबंधित शिकायतों की समीक्षा के दौरान शिकायतों का गंभीरता से निराकरण नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक एवं डाइट प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

सिविल सर्जन को स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों का आगामी 15 दिवस में संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराकर प्रकरण बंद करवाने के निर्देश दिए गए।

नए खेल मैदान के लिए भूमि का चिन्हांकन कर आवंटित करने के निर्देश

कलेक्टर ने जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में नए खेल मैदान के लिए 4 हेक्टेयर अथवा इससे अधिक भूमि आवंटित किए जाने हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी को प्रस्ताव प्रस्तुत करें। उन्होंने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समझौते एवं सहमति के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को लोक अदालत के संबंध में आवश्यक समन्वय एवं कार्यवाही समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में माय भारत पोर्टल पर 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के पंजीयन के लिए संचालित विशेष अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक युवाओं का सफल पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अंत्यावसायी, सहकारी विकास, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, पीआईयू, सामान्य प्रशासन, जेल, श्रम, ऊर्जा एवं राजस्व सहित अन्य विभागों के समय-सीमा प्रकरणों एवं शिकायतों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए शिकायत निराकरण की स्थिति में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयडिया सहित जिले के समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

=========

एनडीपीएस के महत्वपूर्ण प्रकरण में प्रभावी पैरवी, पांचों आरोपी दोषमुक्त

नीमच, 18 अगस्त 2026। जिला मुख्यालय नीमच पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा एनडीपीएस अधिनियम के एक महत्वपूर्ण प्रकरण में प्रभावी पैरवी करते हुए मुख्य आरोपी सहित शेष सभी पांच आरोपियों को माननीय न्यायालय द्वारा दोषमुक्त कराया गया।

जिला विधिक सहायता अधिकारी नीमच श्री प्रवीण कुमार ने बताया कि थाना जीरन अंतर्गत जनवरी 2019 में 2 क्विंटल 10 किलोग्राम डोडा चूरा की जब्ती दर्शाते हुए अपराध पंजीबद्ध किया गया था। इस प्रकरण में थाना जीरन द्वारा कुल छह आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया था। इनमें से एक आरोपी को माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व में उन्मोचित किया जा चुका है।

शेष पांच आरोपियों के विरुद्ध आरोप विरचित किए जाने के पश्चात प्रकरण का विचारण माननीय विशेष न्यायाधीश, एनडीपीएस अधिनियम, नीमच श्री जितेंद्र कुमार बाजोलिया के न्यायालय में किया गया। प्रकरण में तीन आरोपियों की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री चंपालाल ईरवार द्वारा प्रभावी पैरवी की गई। विचारण के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों तथा अधिवक्ता द्वारा की गई प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप माननीय न्यायालय ने सभी पांचों आरोपियों को धारा 8/15 एनडीपीएस अधिनियम के आरोपों से दोषमुक्त किया।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्रीमती शोभना मीणा ने बताया कि जिला न्यायालय नीमच में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अंतर्गत पांच अधिवक्ता कार्यरत हैं। इनके द्वारा ऐसे अभियुक्तों की ओर से आपराधिक प्रकरणों में निःशुल्क विधिक सहायता एवं प्रभावी पैरवी की जाती है, जो विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए पात्र हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि आपराधिक प्रकरणों में यदि वे निःशुल्क विधिक सहायता के लिए पात्र हैं, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल के माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त करें तथा अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।

–00–

जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं सुनकर कलेक्टर ने दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

नीमच, 18 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा में तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए आवेदकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम दुरगपुरा की बदामीबाई ने भूमि का कब्जा दिलाने, नयागांव के ग्रामीणों ने भू-स्वामित्व पट्टा जारी करने, मोरवन की यशोदाबाई ने गैस कनेक्शन में नाम संशोधन, पिपल्यारावजी के कुशल नागदा ने फसल बीमा की राशि दिलाने तथा टीचर कॉलोनी नीमच के शिवप्रकाश ने मकान का आधिपत्य दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार बघाना के मुन्नालाल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नीमच की नजमुनिशा एवं मनासा खुर्द के बनेसिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, पिपलियावास के भूरालाल ने खेत पर आने-जाने का रास्ता उपलब्ध कराने तथा बघाना की रजिया सुल्तान ने शासकीय पट्टे से अवैध कब्जा हटवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

दुरदसी के ग्रामीणों ने सर्वे नंबर 967/1 से अतिक्रमण हटाने, डुंगरिया की फोरीबाई ने कृषि भूमि का नक्शा तरमीम एवं सीमांकन कराने तथा मालखेड़ा की गीताबाई ने पैतृक भूमि का कब्जा दिलाने संबंधी आवेदन दिया। इसके अलावा रावणरूंडी की लीलाबाई, बामनिया के गजेन्द्र नायक, हनुमंतिया के मोहनलाल, अरनिया कुमार के मुकेशदास, रूपपुरा के मदनलाल, बोरखेड़ी की संजुला अग्रवाल, ग्वालटोली की मंजुदेवी, मेलकी मेवाड़ के मोहनसिंह, कंजार्डा के मोहनलाल, बोरखेड़ी के अजय, बघाना के जगदीशचंद्र, जीरन के पूनमचंद, लासूर के प्रकाश दायमा, कुचड़ौद के सुखलाल एवं ग्वालटोली के समीर कुमार सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण करने तथा की गई कार्रवाई से आवेदकों को अवगत कराने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयडिया,अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री अरविंद डामोर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

–00–

जिला स्तरीय युवा संगम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश

नीमच, 18 अगस्त 2026। जिला स्तरीय युवा संगम कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 20 अगस्त 2026 को टाउन हॉल, दशहरा मैदान, नीमच में आयोजित होने वाले ‘युवा संगम—रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस के अवसर’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्धारित समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा संगम के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

उन्होंने प्राचार्य आईटीआई, प्राचार्य लीड कॉलेज, प्राचार्य पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, प्राचार्य जाजू गर्ल्स कॉलेज, जिला शिक्षा अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने स्तर से अधिकतम युवाओं का युवा संगम के लिए पंजीयन करवाना सुनिश्चित करें।

युवा संगम का आयोजन 20 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक टाउन हॉल, दशहरा मैदान, नीमच में किया जाएगा। कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवार क्यूआर कोड अथवा गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं।

ऑनलाइन पंजीयन हेतु गूगल फॉर्म लिंक: “https://forms.gle/8JA2e8PAF1fdD2oP6″ (https://reference-url-citation.invalid/0) युवाओं से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर युवा संगम में सहभागी बनें और उपलब्ध रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों का लाभ उठाएं।

–00–

तीन पीड़ित परिवारों को 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

नीमच, 18 अगस्त 2026। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, नीमच श्री पराग जैन द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग-6(4) के प्रावधानों के तहत तीन पीड़ित परिवारों को कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। प्रत्येक पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

एसडीएम श्री जैन द्वारा स्कीम नंबर-8, नीमच निवासी अरशद पिता उमर फारूख की 3 जुलाई 2026 को पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके वारिस उमर फारूख पिता फकीर मोहम्मद को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

इसी प्रकार पिपलिया जागीर निवासी पूनमचंद पिता अमरचंद मीणा की 2 मई 2026 को पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनकी पत्नी एवं वारिस सुगणाबाई पति स्व. पूनमचंद मीणा को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

इसी क्रम में बच्चाखेड़ी निवासी लक्ष्मी पिता राकेश ओड की 8 जून 2026 को सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनकी निकटतम वारिस भूरीबाई पति राकेश ओड को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

इस प्रकार राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग-6(4) के प्रावधानों के तहत तीनों पीड़ित परिवारों को कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

–00–

यूपीएससी कोचिंग योजना के लिए अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के आवेदन आमंत्रित

नीमच, 18 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत चयनित 100 विद्यार्थियों को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में सिविल सेवा परीक्षा के प्रारंभिक, मुख्य एवं साक्षात्कार चरणों की तैयारी कराई जाएगी।

योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयन के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा 6 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक भोपाल, इंदौर, जबलपुर एवं शहडोल में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

पात्र विद्यार्थी अपना आवेदन MPSOS की वेबसाइट पर कर सकते हैं। योजना से संबंधित पात्रता, चयन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी जनजातीय कार्य विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आवेदन करें: www.mpsos.nic.in विस्तृत जानकारी: “जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश” हेल्पलाइन: 0755-2552106

जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग, नीमच श्री मनोज लिधोरिया ने जिले के पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का अनुरोध किया है।

–00–

सांवलिया सेठ का खजाना फिर छलका, 5 चरणों में निकले 27 करोड़ 64 लाख से ज्यादा

नीमच । मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलियाजी में भगवान श्री सांवलिया सेठ के भंडार की पांचवें चरण तक की गणना में कुल 27 करोड़ 64 लाख 42 हजार 100 रुपए की राशि प्राप्त हुई है।

मंगलवार को पांचवें चरण की गणना में 73 लाख 32 हजार रुपए प्राप्त हुए। इससे पहले चार चरणों में क्रमशः 11 करोड़ 1 लाख 51 हजार, 7 करोड़ 56 लाख 44 हजार, 6 करोड़ 22 लाख 15 हजार 100 रुपए तथा 2 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई थी।

शेष राशि की गणना बुधवार को छठे चरण में की जाएगी। इसके साथ ही भंडार से प्राप्त सोने-चांदी का वजन तथा भेंटकक्ष कार्यालय में प्राप्त नकद, मनीऑर्डर एवं अन्य चढ़ावे की गणना भी अभी बाकी है।

गणना के दौरान मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव सहित मंदिर मंडल के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय बैंकों के कर्मचारी मौजूद रहे।

–00–

नीमच सिटी पुलिस ने 91 ग्राम एमडी ड्रग्स व 05 किलो डोडाचुरा के साथ 01 आरोपी किया गिरफ्तार

नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति हेमलता अग्रवाल एवं नपुअ सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरी. विजय सागरिया के नेतृत्व मे पुलिस टीम थाना नीमच सिटी द्वारा प्रभावी कार्यवाही कर अवैध एमडी ड्रग्स व डोडाचूरा का परिवहन करते एक बिना नंबर की मोटरसायकिल को रोककर 01 आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। दिनांक 18.08.26 की रात्रि में नीमच मंदसोर रोड, दरगाह के सामने ग्राम हिंगोरिया पर मुखबीर सुचना पर कार्यवाही करते हुए नाकाबंदी की जाकर एक काले रंग की होण्डा कम्पनी की बिना नंबर की मोटरसायकिल को मय पंचानो व फोर्स की मदद से रोककर उसकी तलाशी के दौरान आरोपी राजा के बाए जेब से एक सफेद प्लास्टिक की थैली में कुल 91 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स तथा मोटरसायकिल पर बंधे हरे रंग के प्लास्टिक के कट्टे मे भरा कुल 05 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम का डोडाचूरा आरोपी राजा पिता अब्दुल रहीम कोडा जाति मुसलमान उम्र 24 साल निवासी जामा मस्जिद के पास कोडिया देहरा मोहल्ला ग्राम मुल्तानपुरा, पुलिस थाना वायडीनगर जिला मंदसौर (म.प्र.) से विधिवत समक्ष पंचान जप्त किया गया तथा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया व अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स व डोडाचूरा अपने साथी समीर पिता रफीक शाह निवासी ईदगाह के सामने ग्राम मुल्तानपुरा जिला मन्दसौर से लाना बताया बाद प्रकरण में समीर को सहआरोपी बनाया गया। मौके पर की गई कार्यवाही पूर्ण कर, थाना नीमच सिटी पर अपराध धारा 8/15,22,29 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्व कर विवेचना मे लिया व गिरफ्तार आरोपी से अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा व एमडी ड्रग्स के स्त्रोतों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}